कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद उत्पन्न हालात में तेजी से सुधार हो रहे हैं। फोन सेवाएं भी धीरे-धीरे बहाल होने लगी हैं। कश्मीर के 35 थाना क्षेत्रों से पाबंदियां हटाई गई हैं। जम्मू संभाग के पुंछ में शनिवार को 12 घंटे के लिए पाबंदियां हटाई गईं। यहां सोमवार से कक्षा आठ तक के स्कूल खुलेंगे। इसके साथ ही बनिहाल, किश्तवाड़ व भद्रवाह में भी ढील दी गई। संभाग के पांच जिलों जम्मू, सांबा, कठुआ, उधमपुर, रियासी में 2जी मोबाइल इंटरनेट सेवा बहाल कर दी गई है। इससे उपभोक्ताओं को राहत है। थ्री जी तथा फोर जी सेवा हालात की समीक्षा के बाद शुरू किए जाएंगे।
कश्मीर में तेजी से हालात हो रहे सामान्य, सड़कों पर यातायात बहाल, तस्वीरों में देखें घाटी का हाल
कश्मीर में 96 टेलीफोन एक्सचेंज में से 17 को चालू कर दिया गया है। अधिकारियों के अनुसार श्रीनगर के सिविल लाइंस, छावनी, हवाई अड्डे, राज बाग और जवाहर नगर जैसे कुछ इलाकों में लैंडलाइन फोन सेवाएं बहाल की गई हैं, लेकिन लाल चौक, प्रेस एन्क्लेव और उसके आसपास समेत अधिकांश हिस्सों में लैंडलाइन सेवाएं निलंबित हैं। 20 और एक्सचेंज जल्द ही शुरू किए जाएंगे। मध्य कश्मीर में बडगाम, सोनमर्ग और मनिगाम में लैंडलाइन सेवाएं बहाल की गई हैं। उत्तर कश्मीर में गुरेज, टंगमर्ग, उड़ी, केरन, करनाह और टंगधार तथा दक्षिण कश्मीर में काजीगुंड और पहलगाम इलाकों में सेवाएं बहाल की गई हैं।
अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर में सुरक्षाबल अब भी तैनात हैं और सड़कों पर बैरिकेड लगे हुए हैं, लेकिन पहचान पत्र दिखाने के बाद लोगों को आवाजाही की अनुमति दी जा रही है। सिविल लाइंस इलाके और घाटी के अन्य जिला मुख्यालयों में निजी वाहनों की गतिविधियां बढ़ गई हैं। श्रीनगर के डलगेट इलाके में कुछ अंतर जिला कैब भी सड़कों पर दौड़ रही हैं। शहर के सिविल लाइंस इलाकों में कुछ दुकानें शनिवार सुबह खुली। पेट्रोल पंप समेत ज्यादा व्यावसायिक प्रतिष्ठान अब भी बंद हैं।
कल से सभी एक्सचेंज करने लगेंगे काम
सरकार के प्रवक्ता रोहित कंसल ने बताया कि पाबंदियां हटाने की प्रक्रिया लगातार चल रही है। फिलहाल 35 थाना क्षेत्रों से पाबंदियां हटाई गई हैं। कहीं से कोई अप्रिय घटना की खबर नहीं है। पत्रकारों को बताया कि सार्वजनिक वाहन भी चलने शुरू हो गए हैं। कोशिश है कि शनिवार देर शाम तक आधे से अधिक एक्सचेंज काम करने लगेंगे। रविवार शाम तक संवेदनशील इलाकों को छोड़कर सभी एक्सचेंज काम करने लगेंगे। कश्मीर में सोमवार से स्कूल खोलने का फैसला पहले ही लिया जा चुका है। जम्मू संभाग में लैंडलाइन तथा मोबाइल सेवा सुचारु है। पांच जिलों में मोबाइल इंटरनेट भी बहाल कर दी गई है। प्रेस वार्ता में डीजीपी दिलबाग सिंह भी मौजूद थे।
समीक्षा के बाद हिरासत में लिए व्यक्तियों को छोड़ा जाएगा
सरकार के आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि हिरासत में लिए गए व्यक्तियों को छोड़ने का फैसला संबंधित इलाकों में कानून-व्यवस्था की समीक्षा के बाद लिया जाएगा। यह स्थानीय प्रशासन की ओर से लिया जाएगा। ज्ञात हो कि पांच अगस्त को अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती, पूर्व मंत्री सज्जाद गनी लोन, इमरान रजा अंसारी समेत कई लोगों को हिरासत में लिया गया है।