विदेश से फंसे भारतीयों को वापस लाने की केंद्र की कोशिश के तहत बांग्लादेश की राजधानी ढाका से जम्मू-कश्मीर के 168 मेडिकल विद्यार्थियों को लेकर विशेष विमान शुक्रवार को घाटी पहुंचा। कश्मीर पहुंचकर इन विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। विद्यार्थियों ने सरकार द्वारा उठाए गए इस कदम की सराहना की।
ढाका से कश्मीर पहुंचे विद्यार्थियों के खिल उठे चेहरे, विदेश मंत्री ने जताया इनका आभार
दूसरी ओर जम्मू के शास्त्रीनगर चौक से लद्दाख के 318 लोगों को 12 बसों से रवाना कर दिया गया। इनमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी शामिल थे। प्रशासन के अनुसार, दूसरे राज्यों से जम्मू लाए गए लोगों के साथ वह लद्दाखी भी वापस भेजे गए हैं जो जम्मू में रह रहे थे।
अधिकारियों के मुताबिक शुक्रवार दोपहर ढाका से एक विशेष उड़ान से कुल 167 विद्यार्थी श्रीनगर हवाई अड्डे पर पहुंचे। हवाई अड्डे पर इन विद्यार्थियों की स्क्रीनिंग की गई। इसके बाद उन्हें 14 दिनों के प्रशासनिक क्वारंटीन में भेजा गया।
श्रीनगर के उपायुक्त डॉ. शाहिद इकबाल चौधरी ने इन विद्यार्थियों को उनके घर भिजवाने में ढाका में भारतीय उच्चायोग द्वारा किए गए अथक प्रयासों को लेकर उसके प्रति अपना आभार प्रकट किया। ज्ञात हो कि इससे पहले मार्च महीने में फंसे हुए 160 छात्रों को ढाका से विमान से श्रीनगर लाया गया था। इन छात्रों ने क्वारंटीन किए जाने पर हंगामा किया था।
जम्मू के शास्त्रीनगर चौक से लद्दाख के 318 लोगों को 12 बसों से लद्दाख की ओर रवाना कर दिया गया। इनमें बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी शामिल थे। प्रशासन के अनुसार दूसरे राज्यों से जम्मू लाए गए लोगों के साथ वह लद्दाखी भी वापस भेजे गए हैं जो जम्मू में रह रहे थे।