हमारे घरों में रोजाना मसाले के रूप में कई ऐसी औषधियों का इस्तेमाल किया जाता है जो पोषक तत्वों का खजाना होती हैं। ये मेटाबॉलिज्म को बढ़ाने से लेकर वेट लॉस, पाचन को ठीक रखने, गैस और अपच कम करने में लाभकारी हो सकती हैं। इलायची भारतीय रसोई का ऐसा ही चमत्कारी मसाला है जो स्वाद के साथ-साथ सेहत का भी खजाना माना जाता है। आयुर्वेद में इलायची को त्रिदोष नाशक भी कहा गया है, मतलब यह वात, पित्त और कफ तीनों दोषों को संतुलित करने में सहायक हो सकती है।
Health Tips: क्या वजन घटाने में भी मदद करती है इलायची? ये फायदे जान गए तो रोज शुरू कर देंगे खाना
इलायची पाचन तंत्र के लिए बेहद लाभकारी मानी जाती है। इसमें मौजूद प्राकृतिक एंजाइम और तेल पेट में पाचक रसों के स्राव को बढ़ाने में मदद करते हैं, जिससे भोजन का पाचन बेहतर होता है। क्या आप जानते हैं कि इलायची वेट लॉस में भी काफी मददगार है?
सेहत के लिए बहुत फायदेमंद है इलायची
मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि नियमित रूप से इलायची का सेवन ब्लड प्रेशर कंट्रोल करने, सांस की दुर्गंध कम करने और मानसिक ताजगी बढ़ाने में सहायक है।
- इलायची के एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीबैक्टीरियल गुण संक्रमण से बचाव में मदद कर सकते हैं।
- इलायची पाचन तंत्र के लिए बेहद लाभकारी मानी जाती है। इसमें मौजूद प्राकृतिक एंजाइम और तेल पेट में पाचक रसों के स्राव को बढ़ाने में मदद करते हैं, जिससे भोजन का पाचन बेहतर होता है।
- गैस, एसिडिटी, अपच और पेट फूलने जैसी समस्याओं में इलायची चबाना राहत दे सकता है।
- इलायची का पानी भी इसी तरह पाचन क्रिया को सक्रिय करता है और सुबह खाली पेट लेने पर कब्ज की समस्या में लाभ पहुंचा सकता है।
वजन घटाने में भी मिलती है मदद
अगर आप वेट लॉस के लिए कोशिश कर रहे हैं तो इलायची इसमें भी आपके लिए मददगार हो सकती है। इसमें मौजूद तत्व मेटाबॉलिज्म को सक्रिय करने में मदद कर सकते हैं। इलायची का पानी शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने की प्रक्रिया को बढ़ावा देता है, जिससे शरीर हल्का और ऊर्जावान महसूस करता है।
- हरी इलायची का सेवन करने से मेटाबोलिज्म बूस्ट होता है। इससे शरीर में जमे फैट को बर्न करने में मदद मिलती है।
- इलायची के पानी में मौजूद तत्व मेटाबोलिज्म को बूस्ट करते है, जिससे वजन को कम किया जा सकता है।
- इसे गट हेल्थ के लिए फायदेमंद माना जाता है। इसलिए अगर आप पेट से जुड़ी समस्याओं से परेशान हैं तो इस पानी का सेवन कर सकते हैं।
क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
वरिष्ठ आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. आर.पी.पाराशर कहते हैं, इलायची के कुछ दाने आपकी सेहत के लिए बहुत लाभकारी हो सकते हैं। इलायची में मौजूद गुण ब्लड शुगर के स्तर को संतुलित रखने में मदद करते हैं, जिससे डायबिटीज में लाभ मिलता है। इलायची का पानी बनाने के लिए एक गिलास पानी में 2-4 हरी इलायची डालें और 5-7 मिनट तक उबालें। इसे हल्का ठंडा होने पर छान लें और सुबह खाली पेट पीएं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, हरी इलायची का ज्यादा सेवन करने से शरीर में गर्मी पैदा होती है। अगर आप पित्त प्रकृति के हैं या एसिडिटी या अल्सर है तो आप इसका सेवन सीमित मात्रा में करें या बिल्कुल न करें।
हार्ट के लिए भी फायदेमंद
कई शोध बताते हैं कि इलायची में ऐसे गुण भी होते हैं जो आपके ब्लड प्रेशर नियंत्रित रखने में मददगार हो सकती है। इसमें पोटैशियम और मैग्नीशियम जैसे खनिज पाए जाते हैं, जो हृदय स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण हैं।
इलायची के नियमित सेवन से सिस्टोलिक और डायस्टोलिक ब्लड प्रेशर में कमी देखी गई। इलायची का पानी शरीर में अतिरिक्त सोडियम को बाहर निकालने में मदद कर सकता है, जिससे बीपी कंट्रोल रखने में मदद मिलती है।
--------------
स्रोत:
The effect of Elettaria cardamomum (cardamom) on the metabolic syndrome: Narrative review
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।