स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, शरीर में महसूस होने वाली किसी भी तरह की समस्या को अनदेखा करने की गलती नहीं करनी चाहिए, कुछ सामान्य सी दिखने वाली समस्याओं के गंभीर कारण हो सकते हैं। समय रहते अगर इनपर ध्यान न दिया जाए तो इसके कारण कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम बढ़ जाता है। पैरों, विशेषकर तलवे में होने वाली जलन की समस्या को ज्यादातर लोग सामान्य मानकर अनदेखा कर देते हैं पर वास्तव में कुछ स्थितियों में यह गंभीर बीमारी के कारण होने वाली दिक्कत भी हो सकती है, जिसपर अगर समय रहते ध्यान न दिया जाए तो इसके गंभीर रूप लेने का खतरा हो सकता है।
सावधान: पैरों में महसूस होती है जलन? इन गंभीर समस्याओं का हो सकता है संकेत, इसे हल्के में लेने की न करें गलती
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
डायबिटिक न्यूरोपैथी की समस्या
डायबिटिज की समस्या के शिकार लोगों में पैरों के जलन की समस्या होना काफी आम माना जाता है। वर्षों से अनियंत्रित हाई ब्लड शुगर धीरे-धीरे आपकी रक्त वाहिकाओं और तंत्रिकाओं को नुकसान पहुंचाने लगती है। उच्च रक्त शर्करा के कारण तंत्रिकाओं से संकेतों का संचरण भी कम हो जाता है। हाई ब्लड शुगर रक्त वाहिकाओं की दीवारों को भी कमजोर कर देती है जिसके कारण पैरों में जलन और इससे संबंधित अन्य कई तरह की दिक्कतों का जोखिम हो सकता है।
विटामिन्स और पोषक तत्वों की कमी
शरीर में पोषक तत्वों की कमी के कारण भी पैरों में जलन की समस्या देखी जाती रही है। विटामिन बी 12, विटामिन बी-6 या विटामिन बी-9 (फोलेट) की कमी को इस तरह की समस्या के प्रमुख कारण के तौर पर जाना जाता है। विटामिन-बी की कमी से पैरों में जलन और मांसपेशियों के समन्वय की समस्या आ जाती है। समय रहते इस तरह की दिक्कतों का पता चलना बहुत आवश्यक माना जाता है।
थायरॉइड विकारों के कारण होने वाली दिक्कत
अंडरएक्टिव थायरॉइड के कारण भी आपके शरीर में हार्मोन का संतुलन प्रभावित हो जाता है, इससे सूजन हो सकती है जो आपकी नसों पर दबाव डालती है। पैरों में जलन के अलावा, हाइपोथायरायडिज्म के कारण थकान, वजन बढ़ना और त्वचा में शुष्की होना शामिल हैं। थायरॉइड विकारों का समय रहते निदान और इलाज किया जाना आवश्यक माना जाता है क्योंकि यह शरीर में कई प्रकार की अन्य दिक्कतों का भी कारण बन सकती है।
संक्रमण के कारण होने वाली समस्या
पैरों में जलन की समस्या शरीर में कुछ प्रकार के संक्रमण के कारण भी हो सकती है। लाइम डिजीज, एचआईवी और सिफिल्स जैसी समस्या के कारण भी कुछ लोगों को तलवे में जलन का अनुभव हो सकता है। अगर आपको लगता है कि आपको संक्रमण है और इसके कारण पैरों में जलन हो रही है, तो अपने डॉक्टर से जरूर मिलें। संक्रमण का समय रहते इलाज न हो पाने के कारण इससे शरीर के अन्य अंगों को दिक्कत होने का खतरा हो सकता है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्ट्स और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की सुझाव के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।