क्या आप भी कॉफी पीने के शौकीन हैं? सुबह दिन की शुरुआत हो या काम के बीच थकान मिटाना हर बार कॉफी याद आती है, तो आपके लिए अच्छी खबर है। कई अध्ययनों में कॉफी पीने को सेहत के लिए बहुत फायदेमंद बताया गया है। विशेषतौर पर अगर आप बिना दूध-चीनी वाली, ब्लैक कॉफी पीते हैं तो ये आपको कई लाभ दे सकती है।
Coffee In BP: कॉफी पीने से बीपी लो होता है या हाई? अगली बार पीने से पहले जान लीजिए ये जरूरी बातें
कई अध्ययनों में पाया गया है कि कॉफी दवा का काम करती है। पर जरूरत से ज्यादा कॉफी पीना दिल की धड़कन बढ़ा सकती है, नींद खराब करती है, चिंता बढ़ा सकती है और लंबे समय में स्वास्थ्य समस्याएं पैदा कर सकती है। क्या बीपी में भी कॉफी पी सकते हैं?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि कॉफी में मौजूद कैफीन का शरीर पर सीधा असर पड़ता है। कैफीन एक प्राकृतिक उत्तेजक पदार्थ है, जो दिमाग और नर्वस सिस्टम को सक्रिय करता है।
यही कारण है कि कॉफी पीते ही आपकी नींद भाग जाती है और शरीर में ऊर्जा बढ़ जाती है। हालांकि स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं सही मात्रा, सही समय और अपनी स्वास्थ्य स्थिति को ध्यान में रखकर ही कॉफी का सेवन करना चाहिए।
अध्ययनों से क्या पता चला?
अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के अनुसार, कैफीन हृदय गति और ब्लड प्रेशर दोनों को प्रभावित कर सकती है। यह शरीर में एड्रेनिल हार्मोन के स्तर को बढ़ा देता है, जिससे कुछ समय के लिए ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है। विशेषज्ञ कहते हैं, चूंकि कैफीन बीपी को बढ़ाने में मदद करती है इसलिए पहले से ही हाई ब्लड प्रेशर की समस्या में इसका सेवन नहीं करना चाहिए।
- मायोक्लिनिक की रिपोर्ट के अनुसार, कैफीन कुछ लोगों में सिस्टोलिक और डायस्टोलिक बीपी दोनों को अस्थायी रूप से बढ़ा सकता है।
- यदि किसी व्यक्ति को हाई ब्लड प्रेशर है, तो एक बार में अधिक मात्रा में कॉफी पीना जोखिम बढ़ा सकता है।
- अध्ययनों में यह भी पाया गया है कि दिन में 1-2 कप कॉफी पीने से हर व्यक्ति में ज्यादा नुकसान नहीं होता है।
बीपी के मरीजों को कॉफी कब पीनी चाहिए
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते है, लिवर-ब्रेन सहित कई अन्य स्थितियों में कॉफी को फायदेमंद बताया गया है। पर ब्लड प्रेशर के मरीजों को थोड़ी सावधानी बरतनी चाहिए।
- यदि आपका ब्लड प्रेशर लगातार बढ़ा रहता है तो कैफीन अस्थायी रूप से इसे और बढ़ा सकता है। ऐसे मामलों में डॉक्टर अक्सर कैफीन वाली चीजों का सेवन कम से कम करने की सलाह देते हैं।
- कॉफी लो ब्लड प्रेशर (हाइपोटेंशन) में सुधार करने में फायदेमंद हो सकती है।
- एक कप कॉफी पीने से, ब्लड प्रेशर में अचानक गिरावट के कारण होने वाले चक्कर या सिर घूमने की समस्या से जल्दी राहत मिल सकती है।
- हालांकि अगर आपको लगातार लो ब्लड प्रेशर की समस्या बनी रहती है तो इसका समय रहते इलाज जरूर कराएं।
कब नहीं पीनी चाहिए कॉफी
कुछ स्थितियों में आपको कॉफी या कैफीन वाली किसी भी चीज का सेवन कम कर देना चाहिए।
- यदि ब्लड प्रेशर लगातार बहुत अधिक रहता है तो कॉफी न पिएं।
- यदि आपके दिल की धड़कन अनियमित बनी रहती है, पैनिक या एंग्जाइटी डिसऑर्डर है या फिर नींद की समस्या से पीड़ित है तो भी कॉफी कम से कम पिएं।
- गर्भवती महिलाओं को भी कैफीन की मात्रा सीमित रखनी चाहिए।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।

कमेंट
कमेंट X