कोरोनावायरस का नाम सुनते ही 2020-23 का वो दौर याद आ जाता है, जब वायरस ने दुनिया की रफ्तार को रोक सा दिया था। एक बार फिर से कोरोना चर्चाओं में है। अमर उजाला में प्रकाशित रिपोर्ट में हमने जानकारी दी थी कि किस तरह से जून के महीने में चीन में करीब 80 हजार लोगों में संक्रमण के मामले रिपोर्ट किए गए। चीन के अलावा भारत में भी पिछले कुछ हफ्तों से कोरोना को लेकर लोगों में डर देखा जा रहा है।
Covid-19: जुलाई में सामने आए कोरोना के 339 मामले, दिल्ली में भी संक्रमण की दस्तक; क्या फिर लौट रही महामारी?
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक 1-16 जुलाई तक पूरे देश में कोरोना के करीब 339 मामले सामने आए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 115 मामले केरल में दर्ज किए गए। दिल्ली में भी कोरोना ने दस्तक दे दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आंध्र प्रदेश में कोरोना से 4 की मौत
आंध्र प्रदेश के स्वास्थ्य आयुक्त जी. वीरापांडियन ने गुरुवार को बताया कि 26 जून से 16 जुलाई के बीच राज्य में कोविड-19 के 12 मामले सामने आए। इनमें से 4 मरीजों की मौत हो गई।
- जिन चार लोगों की मौत हुई, वे पहले से ही कई गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे।
- इन मरीजों की सेहत पहले से ही कमजोर थी, इसलिए संक्रमण उनके लिए ज्यादा खतरनाक साबित हुआ।
- चार मौतों में से तीन कडप्पा जिले जबकि एक व्यक्ति की मौत काकीनाडा जिले में हुई।
आयुक्त के अनुसार, साल 2026 में आंध्र प्रदेश का पहला कोविड-19 मरीज 26 जून को कडप्पा जिले में मिला था। इसके बाद 1 जुलाई से 16 जुलाई के बीच 11 नए मामले सामने आए। स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि दो लोगों को यह संक्रमण, संक्रमित व्यक्ति के बेहद करीब रहने या लगातार संपर्क में आने से हुआ।
आसानी से ठीक हो रहे मरीज
स्वास्थ्य आयुक्त जी. वीरापांडियन ने बताया कि 26 जून से 15 जुलाई के बीच राज्य में कोविड-19 की जांच के लिए 67 टेस्ट किए गए। इनमें 11 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जबकि 12वां मरीज तमिलनाडु के वेल्लोर स्थित क्रिश्चियन मेडिकल कॉलेज में जांच के दौरान संक्रमित पाया गया।
- 3 मरीज घर पर ही डॉक्टरों की सलाह के अनुसार होम आइसोलेशन में हैं, 2 अस्पताल में इलाज करा रहे हैं और 3 मरीज पूरी तरह ठीक होकर अस्पताल से छुट्टी पा चुके हैं।
राहत की बात यह है कि अभी तक ये मामले किसी एक इलाके या बड़े समूह से जुड़े नहीं मिले हैं। सभी मरीज अलग-अलग क्षेत्रों से सामने आए हैं, इसलिए फिलहाल इसे सामूहिक संक्रमण (क्लस्टर) नहीं माना जा रहा। कई मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं, कुछ का इलाज चल रहा है और कुछ लोग घर पर ही डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
कोरोना से घबराने की जरूरत नहीं
अमर उजाला में प्रकाशित रिपोर्ट में हमने गायक और पूर्व बिग बॉस प्रतियोगी जान कुमार सानू के कोरोना पॉजिटिव होने और अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी दी थी। खबरों के मुताबिक महाराष्ट्र में भी कई स्थानों पर संक्रमण के मामलों में वृद्धि देखी गई है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, अच्छी बात यह है कि अधिकांश संक्रमित मरीजों में बीमारी हल्की देखी जा रही है। ज्यादातर लोगों में सर्दी, गले में खराश, हल्का बुखार, खांसी, सिरदर्द या शरीर दर्द जैसे लक्षण देखे जाते हैं। मरीज घर पर आराम, पर्याप्त पानी और डॉक्टर की सलाह से ठीक हो जाते हैं। कोरोना अब एंडेमिक हो चुका है, इसको लेकर घबराने या चिंता का कोई बात नहीं है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।