क्या आप भी इन दिनों पेट में दर्द, ऐंठन, गैस जैसी समस्या से परेशान हैं, ये दिक्कत आपको बार-बार हो जा रही है? अगर हां तो पहले इसके कारणों को जान लेना जरूरी है।
E-Coli Infection: पेट दर्द और दस्त से हो गए हैं परेशान? कहीं ये ई कोलाई का संक्रमण तो नहीं
ई. कोलाई एक प्रकार का बैक्टीरिया है। दूषित भोजन, अधपके मांस, संक्रमित पानी या संक्रमित व्यक्ति के संपर्क से ये फैलता है। कैसे जानें कि आप इस संक्रमण का शिकार तो नहीं हो गए हैं?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कहीं आपको भी तो नहीं हो गया है संक्रमण?
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, गर्मी और बरसात के दिनों में इस संक्रामक रोग का खतरा सबसे ज्यादा देखा जाता है।
- विशेषतौर पर बरसात का मौसम, अधपका भोजन, दूषित पानी, बिना धुले फल-सब्जियां खाना और स्वच्छता का ध्यान न रखना संक्रमण का खतरा बढ़ा देता है।
- कई बार ये संक्रमण हल्का होता है और अपने आप ठीक हो जाता है।
- हालांकि छोटे बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर इम्युनिटी वाले लोगों में ये संक्रमण दिक्कतें पैदा कर सकता है।
यदि पेट में लगातार मरोड़, तेज दर्द, बुखार, खून वाला दस्त या डिहाइड्रेशन के संकेत दिखाई दें, तो डॉक्टर से तुरंत संपर्क करना चाहिए।
ई. कोलाई के खतरे
मेडिकल रिपोर्ट्स से पता चलता है कि वैसे तो ये बैक्टीरिया हमारी आंतों में सामान्य रूप मौजूद रहते हैं और इससे कोई दिक्कत भी नहीं होती। हालांकि इसके कुछ स्ट्रेन संक्रमण पैदा कर सकते हैं।
- ई कोलाई का संक्रमण गंभीर दस्त और आंतों की सूजन बढ़ाने वाला माना जाता है।
- आपको पेट दर्द, ऐंठन, दस्त, मतली, उल्टी और पेट भारी लगना जैसे लक्षण हो सकते हैं।
- कुछ मामलों में खूनी दस्त और बुखार की भी दिक्कत देखी जाती रही है।
- गंभीर संक्रमण में दस्त के कारण शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो सकती है जो आपके लक्षणों को और भी बढ़ाने वाली हो सकती है।
कैसे फैलता है इसका संक्रमण
अगर आप दूषित भोजन या दूषित पानी पी रहे हैं तो ई. कोलाई संक्रमण का खतरा हो सकता है। मांस अगर अच्छे से पका नही है, सब्जियां-फल बिना धोए खा लेते हैं तो इससे भी खतरा हो सकता है। संक्रमित व्यक्ति के शौच के बाद हाथ अच्छी तरह न धोने पर भी बैक्टीरिया फैल सकता है।
संक्रमण से बचाव कैसे करें?
चूंकि ये संक्रमण स्वच्छता की कमी के कारण ज्यादा होता है इसलिए साफ-सफाई का खास ध्यान रखें।
- हाथों को साबुन और पानी से अच्छी तरह धोना जरूरी है।
- भोजन को अच्छे से पकाएं, पीने का पानी साफ हो और फलों-सब्जियों को अच्छी तरह धोकर ही खाना चाहिए।
- अगर आपको दस्त हो रही है तो खूब तरल पदार्थ लेते रहें ताकि पानी की कमी न होने पाए।
- बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक या किसी दूसरी दवा का सेवन न करें, इससे दिक्कत बढ़ सकती है।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।