How to Prevent Viral Fever in Changing Season: अक्तूबर महीने की शुरुआत के साथ ही मौसम में एक सुखद बदलाव महसूस होने लगता है। दिन में हल्की धूप और सुबह-शाम हल्की ठंड का यह मौसम हर किसी को पसंद आता है। मगर यह सुहावना मौसम अपने साथ वायरल संक्रमण का एक बड़ा जोखिम भी लेकर आता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, दिन और रात के तापमान में होने वाला यही उतार-चढ़ाव हमारे शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को कमजोर कर देता है और ऐसे में बीमार होने की आशंका बढ़ जाती है।
Health Tips: अक्तूबर की हल्की ठंड में बढ़ जाता है वायरल फीवर का जोखिम, अभी से बरतें ये सावधानियां
Sardi Jukam se Bachne ke Upay: मौसम में बदलाव होते ही शरीर में सर्दी-जुकाम और वायरल फीवर का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में खुद के अच्छे स्वास्थ्य के लिए कुछ सावधानी बरतना बहुत जरूरी होता है। आइए इस लेख में इसी के बारे में जानते हैं।
इम्यूनिटी को बनाएं मजबूत
इस मौसम में बीमारियों से बचने का सबसे अच्छा तरीका है अपनी इम्यूनिटी को मजबूत करना। इसके लिए अपनी डाइट में विटामिन C से भरपूर खट्टे फलों जैसे आंवला, संतरा और नींबू को शामिल करें। इसके अलावा रोजाना तुलसी-अदरक की चाय और रात को सोने से पहले हल्दी वाले दूध का सेवन करें। ये नेचुरल इम्यूनिटी बूस्टर शरीर को अंदर से गर्म रखते हैं और संक्रमण से लड़ने की ताकत देते हैं।
कपड़ों और हाइड्रेशन पर दें ध्यान
दिन की धूप से धोखा न खाएं। इस मौसम में सुबह और शाम के समय तापमान तेजी से गिरता है, इसलिए पूरी बाजू के कपड़े पहनें ताकि शरीर ठंडी हवा के सीधे संपर्क में न आए। साथ ही, शरीर को हाइड्रेटेड रखना भी बहुत जरूरी है। ठंडे पानी की जगह दिन भर गुनगुना पानी, सूप और हर्बल टी पिएं। यह गले को आराम देता है और शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करता है।
ये भी पढ़ें- Colon Cancer: युवाओं में तेजी से बढ़ रहा है आंत का कैंसर, अध्ययन में इसकी सबसे बड़ी वजह का हुआ खुलासा
स्वच्छता और दूरी बनाए रखना
वायरल संक्रमण एक व्यक्ति से दूसरे में आसानी से फैलता है। इससे बचने के लिए बार-बार अपने हाथों को साबुन से धोएं या सैनिटाइजर का उपयोग करें। अपनी आंखों, नाक और मुंह को छूने से बचें। इस मौसम में जितना हो सके, भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से परहेज करें ताकि संक्रमण के खतरे को कम किया जा सके। खांसते या छींकते समय हमेशा मुंह पर रूमाल या टिश्यू रखें।
ये भी पढ़ें- Mental Health Issues: देश में 65-70% छात्र मानसिक रोगों का शिकार, महिलाओं में स्ट्रेस-एंग्जाइटी का खतरा अधिक
एक मजबूत इम्यून सिस्टम के लिए पर्याप्त नींद लेना अत्यंत आवश्यक है। रोजाना 7-8 घंटे की गहरी नींद लेने से हमारे शरीर को खुद को मरम्मत करने और संक्रमण से लड़ने वाली कोशिकाओं को बनाने का समय मिलता है। नींद की कमी शरीर को कमजोर बनाती है और बीमारियों की चपेट में आने का खतरा बढ़ाती है। इसलिए अपनी नींद से कोई समझौता न करें।
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।