किडनी में स्टोन या पथरी होना बहुत आम है, ये समस्या किसी भी उम्र के व्यक्ति को हो सकती है। गड़बड़ खान-पान के कारण बच्चों और युवाओं में भी किडनी स्टोन की दिक्कत तेजी से बढ़ती जा रही है। नेशनल किडनी फाउंडेशन के अनुसार, जीवन में लगभग 10 में से 1 व्यक्ति को कभी-न-कभी किडनी स्टोन की समस्या हो सकती है। आमतौर पर कुछ हल्के इलाज या फिर सर्जरी के माध्यम से ये समस्या आसानी से ठीक हो जाती है, हालांकि कुछ लोगों में स्टोन की दिक्कत किडनी के लिए गंभीर दिक्कतों को भी बढ़ाने वाली हो सकती है।
Kidney Stone: क्या बीयर पीने से सच में किडनी स्टोन निकल जाता है? डॉक्टर से जानिए इसकी सच्चाई
किडनी स्टोन तब बनता है जब पेशाब में मौजूद कैल्शियम, ऑक्सालेट, यूरिक एसिड या अन्य खनिज आपस में मिलकर कठोर क्रिस्टल बना लेते हैं। यदि समय रहते इसका इलाज न किया जाए तो यह किडनी को नुकसान पहुंचा सकता है।
क्या बीयर पीने से किडनी स्टोन निकल जाते हैं? आइए जानते हैं।
पहले किडनी स्टोन बनने का कारण जान लीजिए
स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, किडनी में स्टोन बनने के कई कारण हो सकते हैं।
- सबसे बड़ा कारण कम पानी पीना है। जब हम पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पीता, तो पेशाब गाढ़ा हो जाता है और उसमें मौजूद खनिज क्रिस्टल बनाकर स्टोन बना लेते हैं।
- ज्यादा नमक, ज्यादा प्रोटीन, ऑक्सालेट-युक्त खाद्य पदार्थ (जैसे पालक, चॉकलेट) और ज्यादा प्रोसेस्ड फूड का सेवन भी जोखिम बढ़ाता है।
- इसके अलावा मोटापा, डायबिटीज और मेटाबोलिक समस्याएं भी स्टोन बनने की आशंका बढ़ाती हैं।
किडनी स्टोन ठीक कैसे होती है?
यूरोलॉजिस्ट डॉ अभिज्ञान तिवारी बताते हैं, आमतौर पर छोटे आकार के किडनी स्टोन ज्यादा पानी पीने से अपने-आप निकल सकते हैं और हमें पता भी नहीं चलता है। डॉक्टर दर्द कम करने और स्टोन के आकार को कम करने वाली दवाएं दे सकते हैं। हालांकि बड़े आकार वाली पथरी के लिए आमतौर पर सर्जरी की जाती है। किडनी स्टोन को समय रहते निकालना जरूरी होता है क्योंकि समय के साथ ये किडनी के इनरलाइन को क्षति पहुंचा सकती है।
अब सवाल ये है कि क्या बीयर पीने से किडनी स्टोन ठीक होता है?
बीयर पीने से किडनी स्टोन ठीक होता है या नहीं?
आमतौर पर लोगों का मानना होता है कि बीयर पीने से पेशाब का उत्पादन बढ़ता है, जिससे आप ज्यादा बार पेशाब जाते हैं और इससे पथरी निकल सकती है। हालांकि डॉक्टर इस बात को खारिज करते हैं।
डॉ अभिज्ञान कहते हैं, किडनी स्टोन के लिए बीयर पीना कोई असरदार या रिकमेंडेड इलाज नहीं है, भले ही यह गलतफहमियां हों कि इसका डाइयूरेटिक असर उन्हें बाहर निकालने में मदद करता है। बीयर कुछ समय के लिए यूरिन प्रोडक्शन बढ़ा सकती है, लेकिन इससे अक्सर डिहाइड्रेशन भी हो जाता है जो स्टोन बनने का एक बड़ा कारण है।
बीयर में प्यूरीन भी होता है जो यूरिक एसिड बढ़ा सकता है, जिससे किडनी स्टोन होने का खतरा रहता है और पहले से ही स्टोन वाले रोगियों में जटिलताएं भी बढ़ सकती हैं।
क्या कहते हैं डॉक्टर?
डॉक्टर कहते हैं, बीयर एक डाइयूरेटिक है और यह ज्यादा यूरिन पास करने में मदद करती है, जिससे छोटे स्टोन बाहर निकल सकते हैं। लेकिन यहां दिक्कत यह है कि 5mm से बड़े स्टोन इस तरह शरीर से बाहर नहीं निकल पाते क्योंकि बाहर निकलने का रास्ता 3mm के आस-पास होता है।
अगर आप दर्द में या यूरिन पास न कर पाने पर बीयर पीते हैं, तो यह आपकी हालत खराब कर सकता है क्योंकि बीयर ज्यादा यूरिन बनाती है जिसे आप बाहर नहीं निकाल पाएंगे, इससे दर्द और बढ़ सकता है।
बीयर में अल्कोहल भी होता है जो आपके लिवर को नुकसान पहुंचा सकता है। इसलिए बीयर पीना अच्छा विकल्प नहीं है। अगर आपको किडनी में स्टोन है तो इसके लिए डॉक्टर की सलाह जरूर ल लें।
-------------
नोट: यह लेख डॉक्टर्स का सलाह और मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।