कैंसर वैश्विक स्तर पर मृत्यु के प्रमुख कारणों में से एक है, इसका खतरा किसी भी उम्र के व्यक्ति को हो सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ बताते हैं, लाइफस्टाइल और आहार में गड़बड़ी के अलावा कई अन्य कारक भी कैंसर के खतरे को बढ़ा रहे हैं। क्या आप जानते हैं कि हम सभी रोजाना अपने घरों में कई ऐसी चीजों का इस्तेमाल कर रहे हैं जिनसे भी कैंसर का खतरा हो सकता है?
Cancer Risk: आपके घर में ही मौजूद हैं कैंसर कारक कई चीजें, इन चीजों के इस्तेमाल को लेकर बरतें सावधानी
घरेलू आइटम्स में हो सकते हैं कैंसर कारक तत्व
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया घरों में रोजाना उपयोग की जाने वाली वस्तुओं में मौजूद कार्सिनोजेन के संपर्क पर ध्यान देना जरूरी हो जाता है। नॉन-स्टिक कुकवेयर, प्लास्टिक कंटेनर, घरेलू क्लीनर से लेकर मोमबत्तियों आदि के उपयोग से हम कैंसर कारक तत्वों के संपर्क में आ सकते हैं। माइक्रोप्लास्टिक को लेकर हाल में हुए कई अध्ययनों में सभी लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। इतना ही नहीं शोध से पता चलता है कि शरीर में माइक्रोप्लास्टिक के कारण जीन से संबंधित विकारों का भी खतरा बढ़ सकता है।
नॉन-स्टिक कुकवेयर का इस्तेमाल
हम सभी के घरों में खाना पकाने के लिए नॉन-स्टिक तवे और कुकवेयर का इस्तेमाल किया जाता रहा है। इन पैन को तैयार करते समय टेफ्लॉन नामक तत्व की कोटिंग की जाती है। इसमें खाना बनाना और बर्तनों की सफाई करना आसान होता है। हालांकि अध्ययनों से पता चलता है कि उच्च तापमान पर गर्म करने पर नॉन-स्टिक बर्तनों से हानिकारक पेरफ्लूरिनेटेड नामक रसायन रिलीज होता है जिसकी अगर शरीर में अधिकता हो जाए तो इससे कैंसर जैसी गंभीर समस्याओं का जोखिम हो सकता है।
प्लास्टिक वाली चीजों का इस्तेमाल
प्लास्टिक के बर्तन-कंटेनर्स और पॉलिथीन बैग के उपयोग को लेकर लोगों को लगातार सावधान किया जाता रहा है। प्लास्टिक के टिफिन में गर्म खाना रखने से लेकर, प्लास्टिक की बोतलों में पानी पीने तक को अध्ययनों में शरीर के लिए कई प्रकार से हानिकारक प्रभावों वाला पाया गया है। प्लास्टिक के कंटेनर्स में बिस्फेनॉल-ए (बीपीए) और फेथलेट्स हो सकते हैं, इन दोनों को कैंसरकारक दुष्प्रभावों के लिए जाना जाता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ प्लास्टिक वाली चीजों का इस्तेमाल कम से कम करने की सलाह देते हैं।
पेंट और घरेलू साफ-सफाई के आइटम्स
कुछ प्रकार के पेंट, वार्निश और फर्श क्लीनर्स में बेंजीन, फॉर्मेल्डिहाइड और टोल्यूनि जैसे रसायनों की मौजूदगी पाई गई है जिनके लंबे समय तक संपर्क में रहने से कैंसर और कई अन्य प्रकार की बीमारियों का खतरा हो सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ कहते हैं, इन चीजों के अधिक इस्तेमाल से भी शरीर को कई तरह के दीर्घकालिक नुकसान हो सकते हैं।
--------------
नोट: यह लेख मेडिकल रिपोर्टस से एकत्रित जानकारियों के आधार पर तैयार किया गया है।
अस्वीकरण: अमर उजाला की हेल्थ एवं फिटनेस कैटेगरी में प्रकाशित सभी लेख डॉक्टर, विशेषज्ञों व अकादमिक संस्थानों से बातचीत के आधार पर तैयार किए जाते हैं। लेख में उल्लेखित तथ्यों व सूचनाओं को अमर उजाला के पेशेवर पत्रकारों द्वारा जांचा व परखा गया है। इस लेख को तैयार करते समय सभी तरह के निर्देशों का पालन किया गया है। संबंधित लेख पाठक की जानकारी व जागरूकता बढ़ाने के लिए तैयार किया गया है। अमर उजाला लेख में प्रदत्त जानकारी व सूचना को लेकर किसी तरह का दावा नहीं करता है और न ही जिम्मेदारी लेता है। उपरोक्त लेख में उल्लेखित संबंधित बीमारी के बारे में अधिक जानकारी के लिए अपने डॉक्टर से परामर्श लें।