दिवाली के मौके पर मिठाईयां तो हर घर में आती हैं। लेकिन अगर आप इस बार घर पर ही मिठाई बनाने की सोच रही हैं ब्रेड से रसमलाई तैयार कर सकती हैं। ये बनाने में आसान होने के साथ ही खाने में भी टेस्टी लगेगी। तो इस बार ट्राई करें ब्रेड से बनी रसमलाई। इसे बनाना बेहद आसान है और ये बाजार की तरह ही देखने में लगती है। वहीं इसका स्वाद भी कुछ कम नहीं होता है। तो चलिए जानें घर पर कैसे बनाएं ब्रेड से रसमलाई जो त्योहारों के मौसम में मुंह मीठा करने के काम आएगी।
Diwali 2020: ब्रेड से बनाएं टेस्टी रसमलाई, नहीं पड़ेगी छेने की जरूरत
- ब्रेड- 8 पीस
- दूध- दो गिलास
- कंडेस्ड मिल्क
- चीनी
- देसी घी तलने के लिए
- काजू, बादाम, पिस्ता, चिरौंजी, केसर, इलायची और
- मनचाहे ड्राई फ्रूट्स
रसमलाई बनाने के लिए सबसे पहले दूध को उबाल कर एक किनारे रख दें। उसमें दो से तीन रेशे केसर के डालकर किनारे रख दें। अगर केसर शुद्ध होगा तो दो से तीन केसर पूरे दूध का रंग और महक बदलने के लिए काफी होगा। दो से तीन मिनट बाद केसर अपना रंग दूध में छोड़ने लगेगा। दूध में केसर का रंग आ जाए तो उसे फिर से गैस पर रख दें। अब इसमें काजू, बादाम, पिस्ता, चिरौंजी डालें और धीमी आंच पर पकाएं। फिर धीरे-धीरे कंडेंस्ड मिल्क भी मिला दें। साथ ही चीनी डालकर हल्के हाथों से चलाते जाएं ताकि दूध तली में लगे नहीं।
अब ब्रेड की स्लाइस को लेकर उसे कटोरी या गोल ढक्कन की सहायता से काट लें। जब सारी ब्रेड एक आकार में कट जाएं तो कढाही में देसी घी डालकर गर्म करें। इसके बाद ब्रेड को सुनहरा होने तक तलें। तैयार किए हुए दूध को तले हुए ब्रेड के टुकड़ों के ऊपर डालें। इसे इतनी मात्रा में डालें कि ब्रेड दूध में डूब जाए। अब ठंडा हो जाने पर सर्व करें। तैयार है आपका बिना छेने या पनीर का ब्रेड रसमलाई, जो देखने के साथ ही खाने में भी काफी स्वादिष्ट है।