IRCTC लाया द्वारका-सोमनाथ दर्शन का खास पैकेज, मात्र इतने रुपये में करें भगवान श्रीकृष्ण की नगरी की यात्रा
आईआरसीटीसी गुजरात में द्वारका और सोमनाथ के दर्शन कराने के लिए एक शानदार टूर पैकेज लेकर आया है। टूर पैकेज में इन प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने के साथ साथ यात्रियों की सुविधा के लिए कई इंतजाम किए गए हैं।
विस्तार
द्वारका की गिनती भारत के सबसे पवित्र तीर्थ स्थलों में की जाती है। द्वारका भगवान श्रीकृष्ण की नगरी के रूप में जानी जाती है। गुजरात के पश्चिमी तट पर स्थित यह शहर धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक महत्व का एक बहुत बड़ा केंद्र है। द्वारकाधीश मंदिर में हर साल लाखों की संख्या में श्रद्धालु आते हैं। अगर आप भी द्वारका जाना चाहते हैं, तो ऐसे में आईआरसीटीसी ने एक विशेष टूर पैकेज पेश किया है। इस टूर पैकेज के अंतर्गत आपको द्वारका, नागेश्वर, पोरबंदर और सोमनाथ जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराया जाएगा। इस टूर पैकेज में यात्रियों की सुविधा को देखते हुए कई इंतजाम किए गए हैं।
आईआरसीटीसी द्वारा लॉन्च किए गए इस टूर पैकेज का नाम Dwarka Bet Dwarka-Somnath with Sasan Gir Ex Rajkot है। यह टूर 4 रात और 5 दिन का है, जिसकी शुरुआत राजकोट से होगी। इस टूर पैकेज की यात्रा की शुरुआत 30 मार्च 2026 से होगी। यह पैकेज खास तौर पर उन यात्रियों के लिए है, जो कम समय में इन प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन करना चाहते हैं।
इस टूर पैकेज में आने-जाने के लिए कैब और बस की सुविधा है, ठहरने के लिए होटल और भोजन की व्यवस्था भी शामिल है। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और यात्रियों को सुरक्षित और शानदार यात्रा अनुभव देने के लिए आईआरसीटीसी समय समय पर इस तरह के पैकेज लाता रहता है।
इस पैकेज में यात्रा की पूरी योजना पहले से तय रहती है, जिससे यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता। बुकिंग की प्रक्रिया भी आसान रखी गई है। आप आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर विजिट करके इस टूर पैकेज को बुक कर सकते हैं। अगर आप द्वारका और सोमनाथ जैसे पवित्र धामों के दर्शन की योजना बना रहे हैं, तो यह पैकेज एक बेहतर विकल्प साबित हो सकता है।
इस टूर पैकेज की कीमत यात्रियों की संख्या और रूम शेयरिंग के आधार पर तय की गई है। आईआरसीटीसी के अनुसार, सिंगल ऑक्यूपेंसी के लिए प्रति व्यक्ति किराया 52,400 रुपये है, डबल ऑक्यूपेंसी पर यह 27,700 रुपये प्रति है। वहीं तीन लोगों के साथ ट्रिपल ऑक्यूपेंसी लेने पर प्रति व्यक्ति किराया 20,600 रुपये है।