Moga: ढोलक दिलाने के बहाने दो बहनों को ले गया आरोपी, एक को फंदे से लटकाया; छह साल की मासूम ऐसे बची
आरोपी मनप्रीत सिंह निवासी गगरा दोनों बहनों को ढोलक दिलाने के बहाने अपने साथ साइकिल पर बैठा कर ले गया था। एक बंद पड़े ईंट भट्ठे में उसने एक बच्ची को फंदे से लटका दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मोगा के गांव लोहारा से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। मेले में ढोलक दिलाने का झांसा देकर एक दरिंदा मजदूरों की दो मासूम बेटियों को अपने साथ ले गया। आरोपी दोनों बच्चियों को सुनसान पड़े एक पुराने ईंट भट्ठे में ले गया। वहां उसने एक बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी। इसी दाैरान दूसरी 6 वर्षीय मासूम बच्ची किसी तरह वहां से करीब 3 किलोमीटर पैदल भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार हर वीरवार को गांव लोहारा में स्थित बाबा दामु शाह जी के स्थान पर भारी गिनती में श्रद्धालु माथा टेकने आते हैं और मेला भी लगता है। 23 अप्रैल को भी मेला लगा था। दोनों बहनें अपने घर से पैदल मेला देखने के लिए गई थीं। वहां एक व्यक्ति ने दोनों बहनों को ढोलक दिलाने का बहाना बनाकर साइकिल पर बिठा लिया और मेले से करीब एक किलोमीटर दूर एक बंद पड़े ईंट भट्ठे में ले गया।
कपड़े की मदद से पेड़ से लटकाया
वहां आरोपी ने पहले 8 वर्षीय मासूम बच्ची को अपने सिर पर बंधे कपड़े की मदद से पेड़ पर टांग दिया। यह देखकर उसकी 6 वर्षीय छोटी बहन डर के मारे छिप गई। कुछ देर बाद जब गंगा वापस आई तो उसने देखा कि आरोपी ने उसकी दीदी के गले में कपड़ा बांधकर पेड़ से लटका दिया और मौके से फरार हो गया।
मासूम गंगा ने अपनी बहन को पेड़ से नीचे उतारने की कोशिश की, लेकिन वह नाकाम रही। इसके बाद गंगा वहां से करीब 3 किलोमीटर पैदल भागते हुए अपने घर पहुंची और माता-पिता को पूरी घटना के बारे में बताया। परिवार तुरंत मौके पर पहुंचा और देखा कि उनकी बेटी पेड़ से लटकी हुई थी। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। थाना कोट ईसे खां पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतका के पिता के बयान के आधार पर हत्या का केस दर्ज किया है। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से आरोपी की पहचान करके उसे गिरफ्तार कर लिया।
बरेली का रहने वाला है परिवार
मृतक बच्ची के ताया नरेश कुमार ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश के बरेली के रहने वाले हैं। करीब दो साल पहले वे अपने परिवार के साथ लोहारा स्थित एक ईंट भट्ठे में काम करने आए थे। दोनों भाई अपने परिवार के साथ मजदूरी कर जीवन यापन कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि वीरवार को उनके भाई सुभाष की बेटी गंगा और दूसरे भाई श्रीपाल की बेटी सुबी मेला देखने गई थीं। नरेश कुमार ने बताया कि उनका किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। वे सभी प्रवासी मजदूर हैं और मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उसी ईंट भट्ठे में 6-7 परिवार एक साथ रहते हैं, जो सभी आपस में रिश्तेदार और भाई हैं। परिवार ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करते हुए उसे कड़ी सजा देने की मांग की है।
डीएसपी धर्मकोट सुखमंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी मनप्रीत सिंह निवासी गगरा, उम्र करीब 24 वर्ष, को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के बाद पूरे मामले का खुलासा होगा और यह भी सामने आएगा कि उसने हत्या क्यों की।

कमेंट
कमेंट X