Punjab: राजा वड़िंग ने जिस युवक को मंच पर बुलाया, निकला नशा तस्करी का आरोपी; लगाए थे चन्नी जिंदाबाद के नारे
पंजाब कांग्रेस में रार थम नहीं रही है। गोनियाना के एक रिजॉर्ट में मालवा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक के दौरान पूर्व सीएम चरणजीत चन्नी के समर्थकों ने ‘चन्नी जिंदाबाद’ के नारे लगाए। नारे लगा रहे एक युवक को पंजाब कांग्रेस प्रधान राजा वड़िंग ने मंच पर बुलाकर चन्नी को फोन लगवाया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग के मंच पर चन्नी जिंदाबाद के नारे लगाने वाला युवक नशा तस्करी के मामले में आरोपी रह चुका है।
कांग्रेस के हर बूथ मजबूत अभियान के तहत सोमवार को गोनियाना के पास एक रिजॉर्ट में पहुंचे वडिंग के सामने कुछ कार्यकर्ताओं ने चन्नी जिंदाबाद के नारे लगाए थे। इस पर उन्होंने एक युवक कमलदीप सिंह निवासी फतेहपुर को मंच पर बुलाकर नारे लगवाए थे।
जांच में सामने आया कि कमलदीप के खिलाफ एएनटीएफ सेक्टर-79 मोहाली ने मई 2025 में 506 ग्राम चिट्टे की तस्करी का केस दर्ज किया था। वह बठिंडा, पटियाला और मानसा जेल में रह चुका है। मार्च 2026 में वह जेल से बाहर आया। युवक को मंच देने को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
कांग्रेस में वापसी करने वालीं काली भेड़ों को टिकट नहीं मिलेगा : वड़िंग
पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वड़िंग ने घोषणा की है कि कांग्रेस छोड़कर भाजपा या शिअद में जाने के बाद वापस आने वाले नेताओं को आगामी चुनाव में टिकट नहीं मिलेगा।
उन्होंने यह बात हर बूथ मजबूत अभियान के तहत आयोजित जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में कही। इस दौरान पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।
बघेल ने कहा कि अब समय संगठन को मजबूत करने और चुनाव की तैयारी में जुटने का है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव सामूहिक नेतृत्व के साथ लड़ा जाएगा, किसी मुख्यमंत्री चेहरे के नाम पर नहीं। कांग्रेस का उद्देश्य जनता के मुद्दों को उठाना और प्रदेश में फिर से सरकार बनाना है।
मुक्तसर में लगे भूपेश बघेल वापस जाओ के पोस्टरों पर उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस की बढ़ती सक्रियता से परेशान है। ऐसे पोस्टरों से कांग्रेस को कोई नुकसान नहीं होगा। उन्होंने कहा कि यह भाजपा की घबराहट दिखाता है। बघेल ने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की अपील की। राजा वड़िंग ने आम आदमी पार्टी और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि इस बार आम आदमी पार्टी के कई मौजूदा विधायकों को टिकट नहीं मिलेगा। वड़िंग ने आरोप लगाया कि दोनों दल जनता को गुमराह कर रहे हैं।
उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को उनकी रणनीतियों से सतर्क रहने को कहा। वड़िंग ने भाजपा को राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे और नीट परीक्षा पेपर लीक मामले पर घेरा। वड़िंग ने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राज्य में नशाखोरी और गैंगस्टरवाद चरम पर है। मुख्यमंत्री मान के नेतृत्व में पंजाब कर्ज के बोझ तले दब रहा है। पार्टी में मतभेदों पर वड़िंग ने कहा कि बड़े राजनीतिक दलों में विचारों का अंतर स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की सोच है कि 50 वर्ष से कम आयु के युवाओं को चुनावी राजनीति में अधिक अवसर मिले।