Punjab: बाजवा बोले- सीएम मान अकाल तख्त पर जाएंगे तो उन्हें अल्कोहल मीटर लगाकर चेक करना होगा
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शनिवार को बठिंडा को करीब 90 करोड़ रुपये की लागत वाले अहम इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की सौगात दी। उन्होंने दोबारा निर्मित मुल्तानिया रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) को जनता को समर्पित किया और जनता नगर में नए रेलवे ओवर ब्रिज के निर्माण को मंजूरी दी।
विस्तार
मुख्यमंत्री भगवंत मान रविवार को भी बठिंडा दौरे पर हैं। रविवार सुबह सीएम मान जिला लाइब्रेरी में मिशन प्रगति के तहत पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। संवाद के बाद मुख्यमंत्री करेंगे प्रेस को संबोधित करेंगे। इससे एक दिन पहले मुख्यमंत्री ने बठिंडा को 90 करोड़ के प्रोजेक्टों का तोहफा दिया था।
कांग्रेस विधायक परगट सिंह के खिलाफ आप कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन पर सीएन भगवंत मान ने कहा कि मैं कल बठिंडा में इस पर एक प्रॉपर प्रेस कॉन्फ्रेंस करूंगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ के बयान पर उन्होंने कहा कि कभी वे मनरेगा खत्म करते हैं, कभी वे चंडीगढ़ पर अपना हक जताते हैं। भाजपा साफ तौर पर पंजाब विरोधी है और नफरत की राजनीति करती है।
मनरेगा का काम बंद करके आर्थिक व्यवस्था चौपट कर रही मान सरकार-भूपेश बघेल
कांग्रेस के दिग्गज नेता व पंजाब कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल रविवार को बठिंडा पहुंचे। बघेल ने कहा कि केंद्र सरकार मनरेगा स्कीम में बदलाव करके स्कीम बंद करना चाहती है। मोदी सरकार की तर्ज पर ही पंजाब सरकार ने राज्य में मनरेगा का काम बंद करके आर्थिकता चौपट कर दी है। कांग्रेस सरकार के समय मनरेगा के तहत गरीबों को काम मिलता था, लेकिन अब गरीब लोग काम को तरस रहे हैं।
उनके साथ पहुंचे कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि विधानसभा में नेता विपक्ष के साथ मुख्यमंत्री मान का रवैया ठीक नहीं है, उनको विधानसभा का तजुर्बा नहीं कि कैसे बात करनी है। उन्होंने कहा कि मान आम लोगों के साथ कैसे पेश होते होंगे। पंजाब में युद्ध नशे विरुद्ध तभी कामयाब होगा जब राज्य का मुख्यमंत्री नशा मुक्त होगा। मान ने तो खुद शराब छोड़ी नहीं है। बाजवा ने कहा जब मुख्यमंत्री मान अकाल तख्त पर जाएंगे तो उनको अल्कोहल मीटर लगाकर चेक करना होगा।
पंजाब को भड़ाने की कोशिश कर रही भाजपा- सीएम मान
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी की फर्जी वीडियो पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि दिल्ली विधानसभा में आतिशी के बयान की वीडियो को भाजपा ने एडिट कर झूठे सबटाइटल लगाए। आतिशी का कोई भी बयान विधानसभा के रिकॉर्ड पर नहीं गया, अगर जाता तो स्पीकर को इसकी पूरी जानकारी होती। भाजपा जानबूझकर गलत जानकारी फैलाकर धर्म के नाम पर पंजाब में नफरत भड़काने की कोशिश कर रही है। फॉरेंसिक जांच में साफ हो चुका है कि आतिशी ने “गुरु” शब्द कहा ही नहीं। आम आदमी पार्टी ऐसी घटिया राजनीति की सख्त निंदा करती है और इसे बर्दाश्त नहीं करेगी।