{"_id":"69cb97a32156538cb10ced07","slug":"four-accused-arrested-in-murder-case-of-congress-leader-parminder-tiwari-in-ludhiana-2026-03-31","type":"story","status":"publish","title_hn":"कांग्रेस नेता परमिंदर हत्या मामला: नमस्ते सर बोलते ही किया कुल्हाड़ी से वार, परिवार का पोस्टमार्टम से इनकार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
कांग्रेस नेता परमिंदर हत्या मामला: नमस्ते सर बोलते ही किया कुल्हाड़ी से वार, परिवार का पोस्टमार्टम से इनकार
संवाद न्यूज एजेंसी, लुधियाना (पंजाब)
Published by: Ankesh Kumar
Updated Tue, 31 Mar 2026 04:04 PM IST
विज्ञापन
सार
लुधियाना के गांव तखरां में बीते रविवार को बाइक सवार दो युवकों ने कांग्रेस के ब्लाॅक प्रधान परमिंदर तिवारी की हत्या की थी। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है, हालांकि मुख्य आरोपी अभी फरार है। वहीं परिवार ने पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार से मना कर दिया है।
Crime
- फोटो : stock.adobe
विज्ञापन
विस्तार
लुधियाना के कूमकलां के गांव तखरां में 29 मार्च (रविवार) शाम को कांग्रेस नेता की हत्या हुई थी। माछीवाड़ा ब्लॉक के कांग्रेस प्रधान परमिंदर तिवारी की हत्या के मामले में अहम खुलासे हुए हैं। अकेले विजय ने नहीं बल्कि उसके साथ चार ओर लोग इस हत्याकांड को अंजाम देने में शामिल थे। थाना कूमकलां की पुलिस ने इस मामले में खोखरां गांव के विजय के साथ जय सिंह, उसके बेटे रवि कुमार, अमरीश कुमार और सुनील के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। पुलिस ने जय सिंह और उसके बेटे रवि व अमरीश और सुनील को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी विजय अभी फरार है।
Trending Videos
उधर, परमिंदर तिवारी के परिवार वालों ने उसके शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है। उनका कहना है कि जब तक मुख्य आरोपी विजय कुमार की गिरफ्तारी नहीं होती तब तक न तो पोस्टमार्टम कराएंगे और न ही अंतिम संस्कार करेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
हालांकि कांग्रेसी नेता राजा गिल की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ताओं ने परिजनों के साथ कोहाड़ा-माछीवाड़ा मुख्य मार्ग पर धरना देकर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक सभी आरोपियों और साजिशकर्ताओं को पकड़ा नहीं जाता, तब तक शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने मुख्य आरोपी का नाम विजय कुमार बताया था, लेकिन दर्ज की गई एफआईआर में उसका नाम अजय कुमार लिखा है। कांग्रेस के हलका इंचार्ज राजा गिल का कहना है कि पुलिस शुरुआत से ही मामले में टालमटोल कर रही है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने सड़क के बीच गाड़ियां खड़ी कर दीं। पुलिस ने स्थिति को देखते हुए ट्रैफिक को गांवों के रास्ते डायवर्ट किया है। राजा गिल ने चेतावनी दी कि अगर बुधवार तक मुख्य आरोपी और इस हत्या के पीछे के साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो प्रदेशाध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग के नेतृत्व में लुधियाना पुलिस कमिश्नर कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
प्रत्यक्षदर्शी महिला बोली नमस्ते सर कहते ही कर दिया कुल्हाड़ी से वार
चश्मदीद संगीता के मुताबिक, परमिंदर तिवारी रोज की तरह शाम करीब 6 बजे गाड़ी से माछीवाड़ा रोड स्थित अपने क्वार्टरों की देखरेख के लिए आए थे। वह एक दुकान के बाहर कुर्सी डालकर बैठे थे। इसी दौरान मुंह ढके हुए दो युवक वहां पहुंचे। हमलावरों ने पहले तिवारी को नमस्ते की और जैसे ही तिवारी ने जवाब दिया, उनमें से एक ने कुल्हाड़ी से उनके सिर पर वार कर दिया। हमला इतनी तेजी से हुआ कि जब तक कोई कुछ समझ पाता, आरोपी मौके से फरार हो चुके थे।
हत्या के पांच मिनट बाद इंटरनेशनल नंबर से आई कॉल
इस हत्याकांड में एक रहस्यमयी इंटरनेशनल कॉल ने भी मामले को उलझा दिया है। हत्या के महज पांच मिनट बाद तिवारी के मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से फोन आया, जिसमें पूछा गया कि तिवारी कैसा है? यह कॉल तिवारी के बेटे ने रिसीव की थी। मृतक के दोस्त नंद किशोर कौशल का दावा है कि हत्यारे दोपहर से ही इलाके में रेकी कर रहे थे। जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया गया और तुरंत बाद विदेश से फोन आया, उससे साफ जाहिर है कि यह प्रॉपर्टी विवाद नहीं बल्कि भाड़े के हत्यारों का काम है।
मुख्य आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का दावा
एडीसीपी जशनदीप सिंह का कहना है कि पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी है। चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अभी फरार है। जिसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।