{"_id":"69aad23142650aec8c08e1c1","slug":"pathankot-chamber-of-commerce-anger-over-gurdaspur-robbery-incident-2026-03-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"Punjab: बढ़ते अपराध के खिलाफ व्यापार मंडल पठानकोट ने खोला मोर्चा, गुरदासपुर लूट कांड पर जताया रोष","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Punjab: बढ़ते अपराध के खिलाफ व्यापार मंडल पठानकोट ने खोला मोर्चा, गुरदासपुर लूट कांड पर जताया रोष
संवाद न्यूज एजेंसी, पठानकोट (पंजाब)
Published by: Ankesh Kumar
Updated Fri, 06 Mar 2026 06:40 PM IST
विज्ञापन
सार
पंजाब महासचिव एलआर सोढ़ी ने कहा कि गैंगस्टरवाद और फिरौती की धमकियां अब पंजाब के हर शहर में आम बात हो गई हैं। व्यापारियों को आए दिन विदेशों और स्थानीय गैंगस्टरों की कॉल्स आ रही हैं, लेकिन पंजाब पुलिस इस नेटवर्क को तोड़ने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है।
व्यापार मंडल पठानकोट के सदस्य।
- फोटो : संवाद
विज्ञापन
विस्तार
पंजाब में दिन-प्रतिदिन बिगड़ती कानून व्यवस्था और बेखौफ होते जा रहे अपराधियों के कारण व्यापारी वर्ग में डर व रोष है। इसी गंभीर मुद्दे को लेकर आज व्यापार मंडल पठानकोट ने अध्यक्ष दीपेंद्र अरोड़ा की अध्यक्षता में प्रेसवार्ता की। बैठक में मुख्य मुद्दा बीते दिनों गुरदासपुर में एक प्रतिष्ठित ज्वेलरी कारोबारी वरुण महाजन के घर में हुई करोड़ों की डकैती था। जहां शरारती तत्वों ने परिवार को बंधक बनाकर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
Trending Videos
व्यापार मंडल ने स्पष्ट किया कि पंजाब जो कभी अपनी शांति और खुशहाली के लिए जाना जाता था, आज वहां अपराधी सरेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। अध्यक्ष दीपेंद्र अरोड़ा ने कहा कि व्यापारियों ने पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस की कार्यप्रणाली के प्रति अपना गहरा रोष जाहिर किया। कहा कि प्रदेश में गैंगस्टरवाद, लूटपाट और सरेआम फिरौती की मांग ने व्यापारियों का जीना मुहाल कर दिया है। सरकार की ढुलमुल नीतियों के कारण अपराधी बेखौफ हैं और आम जनता के साथ-साथ प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ कहलाने वाला व्यापारी वर्ग अब खुद को पूरी तरह असुरक्षित महसूस कर रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि पंजाब का व्यापारी वर्ग अत्यंत कठिन दौर से गुजर रहा है। गुरदासपुर में वरुण महाजन के परिवार के साथ जो हुआ, वह केवल एक लूट नहीं बल्कि प्रशासन के मुंह पर तमाचा है। सरकार को सबसे ज्यादा राजस्व और टैक्स देने वाला व्यापारी ही अगर अपने घर में सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिक की सुरक्षा की क्या गारंटी होगी? उन्होंने मांग कि पुलिस और सरकार अपनी नींद से जागे और इन अपराधियों को तुरंत गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजें अन्यथा व्यापारी चुप नहीं बैठेंगे।
पंजाब महासचिव एलआर सोढ़ी ने कहा कि गैंगस्टरवाद और फिरौती की धमकियां अब पंजाब के हर शहर में आम बात हो गई हैं। व्यापारियों को आए दिन विदेशों और स्थानीय गैंगस्टरों की कॉल्स आ रही हैं, लेकिन पंजाब पुलिस इस नेटवर्क को तोड़ने में पूरी तरह नाकाम साबित हो रही है। यदि सरकार ने समय रहते इन शरारती तत्वों पर लगाम नहीं लगाई, तो पूरे प्रदेश का व्यापार ठप हो जाएगा क्योंकि कोई भी व्यापारी खौफ के साये में काम नहीं कर सकता। हम प्रशासन को अंतिम चेतावनी देते हैं कि सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की जाए। आगामी 15 मार्च को 'व्यापारी स्थापना दिवस' के अवसर पर हम पूरे पंजाब में मौजूदा बदतर हालातों को लेकर अपना कड़ा विरोध दर्ज कराएंगे। कहा कि हमने सामूहिक रूप से यह निर्णय लिया है कि यदि सरकार व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं करती तो प्रदेश के सभी व्यापारिक संगठन मिलकर सरकार को टैक्स देना बंद कर देंगे। यह हमारा संवैधानिक विरोध होगा क्योंकि जो सरकार हमें सुरक्षा नहीं दे सकती, उसे टैक्स लेने का भी कोई हक नहीं है। यह लड़ाई अब हमारे मान-सम्मान और सुरक्षा की है।
एक ज्वेलर कारोबारी के घर में घुसकर सरेआम डकैती करना और परिवार को बंधक बनाना बेहद कायरतापूर्ण कृत्य है। स्वर्णकार समाज इस समय सबसे ज्यादा निशाने पर है। पुलिस की गश्त और खुफिया तंत्र पूरी तरह फेल हो चुका है। हम मांग करते हैं कि पुलिस प्रशासन केवल आश्वासन देने के बजाय धरातल पर कार्रवाई करे और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस सुरक्षा प्लान तैयार करे ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसी स्थिति का सामना न करना पड़े। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पुलिस को बड़ी सफलता नहीं मिलती तो व्यापार मंडल सड़कों पर उतरकर बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा। इस मौके पर शहर के कई अन्य गणमान्य व्यापारी और संगठनों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे, जिन्होंने इस संघर्ष में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर रजनीश महाजन, नरेंद्र वालिया, राजेंद्र महाजन, कुलदीप सिंह, दविंदर मिंटू, राजेश शर्मा, नरेश अरोड़ा, करण कुंद्रा, प्रिंस अरोड़ा, विपिन महाजन, महेंद्र बग्गा के अलावा अन्य व्यापारी भी उपस्थित थे।