सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Punjab ›   Chandigarh-Punjab News ›   Punjab Politics news ED Raid in Punjab AAP on BJP

Punjab: ईडी की कार्रवाई पर आप का हिंदुत्व राजनीति कार्ड, गरमाया सूबे का सियासी माहौल, क्या बोली भाजपा?

मोहित धुपड़, चंडीगढ़ Published by: शाहिल शर्मा Updated Wed, 10 Jun 2026 07:00 AM IST
विज्ञापन
सार

सूबे में हिंदुत्व राजनीति गरमा गई है। विरोधियों ने इस पोस्ट को पंजाब की भाईचारक साझ से जोड़ दिया तो वहीं केजरीवाल की पोस्ट के बाद सीएम भगवंत मान की पोस्ट ने भी इसे और तूल दे दिया।

Punjab Politics news ED Raid in Punjab AAP on BJP
ई़डी रेड के बाद गरमाई पंजाब की राजनीति - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

पंजाब के जालंधर में एक कारोबारी के घर ईडी की कार्रवाई के बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवल की एक पोस्ट से अचानक सूबे में हिंदुत्व राजनीति गरमा गई। विरोधियों ने इस पोस्ट को पंजाब की भाईचारक साझ से जोड़ दिया तो वहीं केजरीवाल की पोस्ट के बाद सीएम भगवंत मान की पोस्ट ने भी इसे और तूल दे दिया। इसके बाद भारतीय जनता पार्टी, शिरोमणि अकाली दल व कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी को निशाने पर ले लिया।



नेताओं ने आरोप-प्रत्यारोप लगाना शुरू कर दिया। दरअसल, ईडी की दबिश के बाद अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा- ईडी पार्टी फिर पंजाब के हिंदू व्यापारियों पर ईडी की रेड कर रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

ईडी पार्टी पंजाब के छोटे-छोटे हिंदू व्यापारियों को तंग कर रही है। सभी व्यापारियों से अपील है- घबराने की कोई बात नहीं है, पूरा पंजाब और पंजाब सरकार उनके साथ है, हम सब मिलकर ईडी पार्टी का मुकाबला करेंगे।
विज्ञापन
Trending Videos


केजरीवाल की इस पोस्ट के बाद सीएम भगवंत सिंह मान ने भी एक्स पर पोस्ट कर समर्थन देते हुए लिखा- पंजाब के हिंदू व्यापारी हमारे राज्य के आर्थिक विकास की रीढ़ हैं और रंगला पंजाब बनाने में उनका बहुत बड़ा योगदान है। ईडी पार्टी सेंट्रल एजेंसियों का गलत इस्तेमाल करके हमारे व्यापारियों को परेशान करना चाहती है। ऐसा करके वे राजनीतिक दबाव डालकर उन्हें अपने साथ मिलाने की कोशिश कर रहे हैं, जिसको पंजाबी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे। हम अपने व्यापारियों के साथ खड़े हैं। इसके बाद सियासी हलचल तेज हो गई।

पंजाब को हिंदू-सिख के नाम पर नहीं बांटना चाहिए : रंधावा
कांग्रेस के सांसद एवं पूर्व डिप्टी सीएम सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि पंजाब को हिंदू-सिख के नाम पर नहीं बांटना चाहिए। आज देश और पंजाब दोनों जगह एजेंसियों के दुरुपयोग को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आम आदमी पार्टी की सरकार विजिलेंस का दुरुपयोग कर रही है और भाजपा ईडी का दुरुपयोग कर रही है। कभी किसान बनाम व्यापारी, तो कभी हिंदू बनाम सिख का माहौल बनाने
की कोशिश की जा रही है। यह राजनीति पंजाब की आत्मा और उसकी संस्कृति के खिलाफ है। क्या केजरीवाल और भगवंत मान बताएंगे कि ट्राइडेंट फैक्टरी के मालिक व राज्यसभा सांसद राजिंदर गुप्ता हिंदू व्यापारी नहीं हैं, क्योंकि उन भी पंजाब सरकार द्वारा कार्रवाई की जा रही है।

रंधावा ने कहा कि पंजाब की पहचान किसी एक धर्म, वर्ग या समुदाय से नहीं जुड़ी है। पंजाब की असली ताकत भाईचारे, साझी विरासत और एक-दूसरे पर भरोसे में रही है। रंधावा ने कहा,  पंजाब को बांटकर नहीं, बल्कि जोड़कर आगे बढ़ाया जा सकता है। राजनीतिक दलों को नफरत और विभाजन की राजनीति छोड़कर विकास, रोजगार, शिक्षा और किसानों-व्यापारियों के मुद्दों पर काम करना चाहिए। जनता अब ऐसे नेताओं को जवाब देगी जो समाज में दरार पैदा करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने कहा, लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाने और राजनीतिक बदले की भावना से कार्रवाई करना बेहद चिंताजनक है।

जनता अब समझ चुकी है कि असली मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। रंधावा ने कहा कि कांग्रेस हमेशा पंजाब की एकता, सद्भाव और भाईचारे की राजनीति के साथ
खड़ी रही है और आगे भी प्रदेश की शांति और सामाजिक सौहार्द की रक्षा के लिए काम करती रहेगी।

 

विरोधियों पर केजरीवाल का पलटवार
हिंदू व्यापारी वाली पोस्ट के बाद जब विरोधी सियासी दलों ने अपने प्रतिक्रियाएं दीं तो उन पर केजरीवाल ने तीन पोस्ट कर भाजपा, कांग्रेस और शिअद को तंज कसते हुए जवाब दिया। केजरीवाल ने इन पोस्टों में लिखा- सुना है ईडी पार्टी पंजाब की बेअदबी/चिट्टा पार्टी से गठबंधन करने को बेचैन हैं मगर चिट्टा पार्टी उनको घास नहीं डाल रही है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं विधायक परगट सिंह की विरोध करने संंबंधी पोस्ट का जवाब देते हुए केजरीवाल ने लिखा- ईडी पार्टी और बेअदबी पार्टी के खिलाफ उनके बोलने से कांग्रेस को इतनी तकलीफ क्यों हो रही है? उनके बचाव में कांग्रेस खुलकर आ
गई है। उन्होंने फिर भाजपा को घेरते हुए लिखा- पंजाब में ईडी पार्टी की 117 में से केवल दो सीट हैं और देखो उनको पंजाब से टोटल चंदे का 93 प्रतिशत हिस्सा मिल रहा है, कैसे? सोचने की बात है। ईडी और सीबीआई खुलेआम धमकियां दे रही है, चंदे के नाम पर खुली लूट चल रही है। ऐसा धक्का पंजाबी कभी बरदाश्त नहीं करेंगे। किसान आंदोलन से भी ईडी पार्टी ने कोई सीख नहीं ली। केजरीवाल ने तीसरी पोस्ट में लिखा- पंजाब ने काला दौर देखा है। पंजाब किसी भी हालत में बेअदबी पार्टी को वोट नहीं देगा। ऐसी पार्टी को समर्थन करना पंजाब के साथ धोखा है।

धर्म के नाम गुमराह कर रही आप : ढिल्लों
भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा केंद्रीय जांच एजेंसियों के खिलाफ दिए जा रहे बयान भ्रष्टाचार से ध्यान भटकाने के लिए हैं। कानूनी प्रक्रिया को राजनीति और धर्म से जोड़कर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहा है। अपने भ्रष्टाचार साथियों को बचाने की कोशिश है। केंद्रीय एजेंसियां केवल कानून के अनुसार अपना दायित्व निभा रही हैं। यदि कोई निर्दोष है तो उसे डरने की आवश्यकता नहीं है, लेकिन यदि किसी ने कानून का उल्लंघन किया है तो उसे जवाब देना ही होगा। पंजाब के
ईमानदार व्यापारी और उद्योगपति हमारे सिर का ताज हैं। सरकार को धर्म के नाम पर राजनीति चमकाने के बजाय पंजाब में बढ़ रहे गैंगस्टरवाद, रंगदारी और व्यापारियों की सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए।

ढिल्लों ने कहा, भारतीय जनता पार्टी हमेशा व्यापारियों और उद्यमियों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रही है। भाजपा के शासन में ईमानदारी से व्यापार करने वालों को सुरक्षा, सम्मान और विकास के अवसर मिले हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान को व्यापारियों के कंधों पर बंदूक रखकर अपनी राजनीति चमकाने के बजाय पंजाब में बढ़ रहे गैंगस्टरवाद, रंगदारी और व्यापारियों की सुरक्षा जैसे गंभीर मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए। ढिल्लों ने कहा कि कानून सबके लिए समान है। ईमानदार लोगों को किसी प्रकार का कोई खतरा नहीं है और भ्रष्टाचारियों को कोई बचा नहीं सकता। भारतीय जनता पार्टी पंजाब के विकास, औद्योगिक प्रगति तथा प्रत्येक व्यापारी और उद्यमी के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed