Asian Games 2026: भारत के बाद पाकिस्तान ने भी एशियाई खेलों के लिए टीम की घोषणा की; साहिबजादा को बनाया कप्तान
भारत और पाकिस्तान के संभावित मुकाबले को लेकर अभी से उत्साह बढ़ गया है। दोनों टीमों के स्क्वॉड को देखते हुए एशियाई खेलों में क्रिकेट प्रतियोगिता का रोमांच अपने चरम पर रहने की उम्मीद है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जापान के आइची-नागोया में सितंबर-अक्तूबर में होने वाले एशियाई खेल 2026 के लिए भारत के बाद अब पाकिस्तान ने भी अपनी क्रिकेट टीम का एलान कर दिया है। पाकिस्तान ने भी टी20 प्रारूप के लिए मजबूत स्क्वॉड चुना है, जिससे टूर्नामेंट में एक और हाई-वोल्टेज भारत-पाकिस्तान मुकाबले की उम्मीद बढ़ गई है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने चौंकाने वाला फैसला लेते हुए साहिबजादा फरहान को कमान सौंपी है। वहीं, अब्दुल समद उपकप्तान बनाए गए हैं।
पाकिस्तान ने चुनी मजबूत टीम
पाकिस्तान ने ऑलराउंडर सलमान अली आगा की जगह सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान को कप्तानी सौंपी है। आगा को टीम से बाहर भी कर दिया है। पाकिस्तान भारत की नकल करता दिख रहा है। जिस तरह भारतीय टीम से सूर्यकुमार को हटाकर नया कप्तान चुना गया, ठीक पाकिस्तान भी उसी तरह की नकल कर रहा है। इससे पहले पाकिस्तान ने सलमान के समय कोई उपकप्तान नहीं बनाया था, लेकिन अब जैसे ही भारत ने एक नए खिलाड़ी तिलक वर्मा को उपकप्तान चुना, पीसीबी ने भी एक नए खिलाड़ी अब्दुल समद को उपकप्तान बना दिया। पाकिस्तान की नौटंकी इधर भी जारी है।
फरहान टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान के सबसे सफल बल्लेबाज रहे थे। विकेटकीपर उस्मान खान भी टीम में शामिल हैं, जिन्होंने हाल के महीनों में प्रभावित किया है। हालांकि पाकिस्तान ने अपने कई बड़े खिलाड़ियों को इस टीम में जगह नहीं दी है। बाबर आजम, शाहीन शाह अफरीदी और शादाब खान जैसे स्टार खिलाड़ियों को एशियाई खेलों की टीम से बाहर रखा गया है।
फरहान फिर चर्चा में
साहिबजादा फरहान पहले भी भारत के खिलाफ बयानों और विवादों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं। पिछले साल पहलगाम आतंकी हमले के बाद उनकी एक 'गन सेलिब्रेशन' को लेकर काफी विवाद हुआ था। इसके अलावा उन्होंने एशिया कप 2025 में जसप्रीत बुमराह के खिलाफ लगाए गए छक्कों पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री भी बनाई थी, जिसकी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हुई थी।
हालिया मुकाबलों में भारत का दबदबा
भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले कुछ वर्षों में हुए बड़े मुकाबलों में भारतीय टीम का पलड़ा भारी रहा है। एशिया कप 2025 में दोनों टीमों के बीच तीन मुकाबले हुए थे और तीनों में भारत ने जीत दर्ज की थी। उस समय भारतीय टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव कर रहे थे और भारत ने खिताब भी अपने नाम किया था। इसके बाद टी20 विश्व कप 2026 में कोलंबो में हुए मुकाबले में भी पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा था।
क्रिकेट में पाकिस्तान का रिकॉर्ड फीका
क्रिकेट 2010, 2014 और 2022 के एशियाई खेलों का हिस्सा रहा है। 2022 संस्करण (जो 2023 में आयोजित हुआ था) में पाकिस्तान चौथे स्थान पर रहा था। टीम ने एक मुकाबला जीता, जबकि दो मैचों में हार झेलनी पड़ी थी। अब जापान में होने वाले एशियाई खेलों में पाकिस्तान उस प्रदर्शन को सुधारना चाहेगा, जबकि भारत स्वर्ण पदक बरकरार रखने के इरादे से उतरेगा।
भारत ने उतारी लगभग फुल-स्ट्रेंथ टीम
भारतीय चयनकर्ताओं ने एशियाई खेलों के लिए अनुभव और युवा प्रतिभा का शानदार मिश्रण चुना है। बल्लेबाजी में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, तिलक वर्मा और शिवम दुबे जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। ऑलराउंड विभाग में अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर और नितीश कुमार रेड्डी टीम को संतुलन देंगे। वहीं गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, हर्षित राणा, रवि बिश्नोई और वरुण चक्रवर्ती जैसे मैच विजेता खिलाड़ी मौजूद हैं। सबसे ज्यादा चर्चा वैभव सूर्यवंशी की हो रही है, जिन्हें भविष्य का बड़ा सितारा माना जा रहा है।
Sahibzada Farhan to captain as Pakistan announce their squad for this year's Asian Games 👀
— ICC (@ICC) June 10, 2026
Details 👇https://t.co/CoPUXBYsPS
पाकिस्तान: साहिबजादा फरहान (कप्तान), अब्दुल समद (उपकप्तान), अबरार अहमद, अहमद दानियाल, आकिफ जावेद, अली रजा, अराफात मिन्हास, हैदर अली, हसन नवाज, माज सदाकत, मोहम्मद सलमान मिर्जा, साद मसूद, सैम अयूब, सूफियान मोकीम और उस्मान खान।
भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और वैभव सूर्यवंशी।