पंजाब के तीन कांवड़ियों की मौत: सरहिंद के पास हुआ दर्दनाक हादसा, देर रात कार ने मारी टक्कर
तेज रफ्तार कार ने हरिद्वार से गंगाजल ला रहे कांवड़ियों को टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन कांवड़ियों की मौत हो गई। तीनों मृतक पंजाब के फरीदकोट जिले के रहने वाले थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सरहिंद जीटी रोड पर दादा मोटर के पास बीती रात करीब सवा दो बजे हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में गंगोत्री (उत्तराखंड) से पवित्र जल लेकर कोटकपूरा लौट रहे तीन कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि एक कांवड़िया गंभीर रूप से घायल हो गया।
तेज रफ्तार कार ने मारी जोरदार टक्कर
हादसे में घायल की पहचान मुकेश कुमार के रूप में हुई है, जबकि मृतकों की पहचान महेंद्रपाल, दीपक और जगदीश मित्तल, सभी जिला फरीदकोट के निवासी के रूप में हुई है। मौके पर मौजूद जगसीर सिंह ने बताया कि बीती रात करीब दो बजे छह कांवड़िए सरहिंद जीटी रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान उनके आगे चल रहे चार कांवड़ियों को पीछे से तेज रफ्तार में आई एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी।
पुलिस कर रही हादसे की जांच
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीन कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। थाना सरहिंद के सहायक थानेदार तिलक राज ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और घटना से संबंधित तथ्यों को जुटाया जा रहा है।
मृतकों में शामिल महेंद्र पाल अपने परिवार का एकमात्र सहारा था। बिजली मैकेनिक का काम करने वाला महेंद्र पाल अपने पीछे पिता, पत्नी और 15 वर्षीय बेटी को छोड़ गया। दूसरा मृतक जगदीश मित्तल घर में अकेला रहते था और अविवाहित था। उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। तीसरा मृतक दीपक कुमार तलाकशुदा था। उसके परिवार में माता-पिता, भाई और भाभी रहते हैं।
सरकार से आर्थिक मदद की मांग
इस मामले में कोटकपूरा के पार्षद ऐरन जोशी ने कहा कि हर साल शहर से अनेक नौजवान गंगोत्री और हरिद्वार से कांवड़ लाने के लिए जाते हैं। इस हादसे में तीन कांवड़ियों की मौत बेहद दुखद है। उन्होंने हादसे के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही उन्होंने सरकार से मृतकों के परिवारों की आर्थिक मदद करने की भी गुहार लगाई।