फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Punjab ›   Jalandhar News ›   Attack on Punjabi Sikh truck driver in US Stabbed in restroom California resident arrested

अमेरिका में पंजाबी सिख ट्रक चालक पर हमला: बाथरूम में चाकू से किए वार, कैलिफोर्निया निवासी गिरफ्तार

Fri, 18 Sep 2026 10:35 AM IST
Nivedita सुरिंदर पाल, अमर उजाला, जालंधर
सुरिंदर पाल, अमर उजाला, जालंधर Published by: Nivedita Updated Fri, 18 Sep 2026 10:35 AM IST
सार

अमेरिका के वायोमिंग राज्य में कैलिफोर्निया के पंजाबी सिख ट्रक चालक पर इंटरस्टेट-80 हाईवे के पास एक विश्राम स्थल के बाथरूम में हमला किया गया।

विज्ञापन
Attack on Punjabi Sikh truck driver in US Stabbed in restroom California resident arrested
अमेरिका में पंजाबी सिख ट्रक चालक पर हमला - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

अमेरिका के वायोमिंग राज्य में कैलिफोर्निया के पंजाबी सिख ट्रक चालक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इंटरस्टेट-80 हाईवे के पास एक विश्राम स्थल के बाथरूम में घुसे हमलावर ने पहले चालक के सिर और गर्दन पर मुक्के मारे, फिर उसकी बाजुओं, छाती और पसलियों पर चाकू से कई वार किए। 
विज्ञापन


हमले में 28 वर्षीय चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने कैलिफोर्निया के सैन गैब्रियल निवासी 44 वर्षीय एंड्रयू क्रिस बज़डक को गिरफ्तार किया है। उस पर हत्या के प्रयास का संदेह है। घायल चालक का अस्पताल में उपचार चल रहा है। 
विज्ञापन


सैक्रामेंटो में रहने वाले ट्रक चालक सिंह ने सैक्रामेंटो बी को बताया कि वह अपना ट्रक खड़ा करने के बाद बाथरूम में गया था। वहां आईने में देखते समय उसने पीछे एक अजनबी को आते देखा। नीले रंग का ट्रैकसूट पहने हमलावर ने अचानक उसकी गर्दन पर मुक्का मारा और उसे दीवार से धकेलकर चेहरे पर कई वार किए। 
विज्ञापन
विज्ञापन


सिंह ने हमलावर को पीछे धकेलने की कोशिश की, लेकिन इसके बाद आरोपी ने चाकू निकाल लिया और उस पर हमला कर दिया। सिंह के मुताबिक, उसके हाथों, गर्दन और छाती पर चाकू के घाव आए। बाईं छाती में बाजू के नीचे गहरा घाव हुआ, जबकि दाहिने हाथ पर चोट इतनी गंभीर थी कि उसे हड्डी दिखाई दे रही थी। 

सिंह ने बताया कि उसे लगा कि अब उसका आखिरी समय आ गया है। खून बहने के बावजूद उसने हमलावर से बचने के लिए संघर्ष जारी रखा। इसी दौरान फिसलन भरे फर्श पर आरोपी का पैर फिसल गया। इसके बाद वह बाथरूम से बाहर निकला और अपने ट्रक में बैठकर मौके से फरार हो गया। घायल सिंह मदद के लिए अंधेरे पार्किंग क्षेत्र की ओर निकला और अपने फोन से 911 पर कॉल किया। 
इसी दौरान उसे वहां एक परिवार दिखाई दिया। उसने परिवार को अपने ऊपर हुए हमले की जानकारी दी और मदद मांगी। सिंह के अनुसार, परिवार ने हमलावर का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन बाद में वापस आकर उसकी सहायता की। परिवार के सदस्य एंबुलेंस आने तक उसके साथ रहे। सिंह ने उनकी मदद के लिए आभार जताया। 

स्वीटवॉटर काउंटी शेरिफ कार्यालय के मुताबिक, अधिकारियों को चाकू से हमले की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों और वायोमिंग हाईवे पेट्रोल के एक जवान ने सिंह को कई कट और चाकू के घावों से घायल पाया। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ट्रैक्टर-ट्रेलर लेकर रावलिन्स की दिशा में भागा था। घायल चालक ने पुलिस को हमलावर और उसके वाहन का हुलिया बताया। इसके बाद हाईवे पुलिस के जवानों ने रावलिन्स में आरोपी एंड्रयू क्रिस बज़डक को पकड़ लिया। 

पुलिस के अनुसार, उसे बिना किसी विरोध के हिरासत में लिया गया। आरोपी स्वीटवॉटर काउंटी डिटेंशन सेंटर में बंद है और उस पर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया गया है। शेरिफ कार्यालय के जनसूचना अधिकारी जेफ शीमन ने बताया कि फिलहाल हमले के पीछे कोई ज्ञात वजह सामने नहीं आई है और आम जनता के लिए कोई खतरा नहीं है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने तक पुलिस अतिरिक्त जानकारी जारी नहीं करेगी। यह हमला अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग की एक विवादित सोशल मीडिया पोस्ट के कुछ दिन बाद हुआ। 

विभाग ने एक्स पर एक पोस्ट साझा की थी, जिसमें दाढ़ी वाले व्यक्ति और ऑप्टिमस प्राइम की तस्वीर के साथ आप्रवासन और ट्रक चालकों को लेकर आपत्तिजनक संदेश दिया गया था। पोस्ट में सिंह नाम का उल्लेख भी किया गया था। कैलिफोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूसम और भारतीय-अमेरिकी संगठनों ने इस पोस्ट की आलोचना करते हुए इसे सिख समुदाय को निशाना बनाने वाला नस्लवादी प्रचार बताया था। गृह सुरक्षा विभाग ने कहा था कि पोस्ट का उद्देश्य फ्लोरिडा में एक घातक सड़क दुर्घटना से जुड़े ट्रक चालक हरजिंदर सिंह को दर्शाना था। 

फ्रेस्नो स्थित जकारा मूवमेंट के कानूनी सेवा निदेशक और वकील जसजीत सिंह धनोआ ने कहा कि पुलिस ने हमले के पीछे कोई वजह स्पष्ट नहीं की है, लेकिन समुदाय इस घटना को उस माहौल से अलग करके नहीं देख सकता जिसमें यह हुई। उन्होंने कहा कि जब संघीय सरकार सिख नाम और तस्वीर का इस्तेमाल कर ऐसे संदेश देती है कि उनके जैसे लोग अमेरिका की सड़कों पर नहीं होने चाहिए, तो समुदाय को उस बयानबाजी से पैदा होने वाले माहौल को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है। धनोआ ने अस्पताल में घायल सिंह से मुलाकात भी की और बताया कि संगठन उसके ठीक होने तथा कानूनी प्रक्रिया में सहायता कर रहा है। उन्होंने सभी पंजाबी सिख और प्रवासी ट्रक चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जरूरत पर जोर दिया। वहीं, गृह सुरक्षा विभाग ने एनपीआर से कहा कि किसी असंबंधित हमले के लिए विभाग को जिम्मेदार ठहराने की कोशिश गलत और गैर-जिम्मेदाराना है। सिंह ने बताया कि हमले में उसके शरीर पर कुल 17 चोटें आई हैं, जिनमें पसली की गंभीर चोट भी शामिल है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसके एक्स-रे और अन्य चिकित्सकीय परीक्षण किए गए। उसने उम्मीद जताई कि जल्द अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।
 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed