पंजाब को केंद्र का तोहफा: विकास कार्यों के लिए जारी किए 1970 करोड़, क्या बोले राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल?
राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल ने कहा पीएम मोदी का पंजाब से विशेष जुड़ाव है। उन्होंने कहा केंद्र सरकार ने पंजाब के विकास कार्यों के लिए 1,970 करोड़ रुपये जारी किए हैं, जिससे सड़क और रेलवे सहित कई परियोजनाओं को गति मिलेगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ''विकसित भारत संकल्प अभियान'' के तहत ''नशा मुक्ति भारत अभियान'' और ''मन की बात'' कार्यक्रम की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई। इस दौरान हजारों विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री का संबोधन सुना। अपने संदेश में प्रधानमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के बाद राज्यसभा सांसद और एलपीयू के चांसलर अशोक मित्तल ने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। उन्होंने जोर दिया कि इसमें युवाओं की अहम भूमिका होगी। मित्तल ने कहा कि यदि युवा नशे की गिरफ्त में गए तो विकसित भारत का सपना अधूरा रह जाएगा। उन्होंने बताया कि एलपीयू के ऑडिटोरियम में करीब पांच हजार छात्रों ने प्रधानमंत्री का संबोधन लाइव देखा।
मित्तल ने नशे की समस्या को केवल पंजाब तक सीमित न मानते हुए इसे पूरे देश की चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि देश का करीब हर हिस्सा इस चुनौती से जूझ रहा है इसलिए केंद्र, राज्य सरकारें और समाज के हर वर्ग को मिलकर इस लड़ाई को लड़ना होगा। सीमावर्ती राज्यों में ड्रोन से हो रही नशे की तस्करी पर चिंता जताते हुए मित्तल ने केंद्र सरकार से विशेष एंटी-ड्रोन फोर्स बनाने की मांग की।
पंजाब के विकास और एंटी-ड्रोन फोर्स की मांग
अशोक मित्तल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पंजाब से विशेष जुड़ाव बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पंजाब के विकास कार्यों के लिए 1,970 करोड़ रुपये जारी किए हैं, जिससे सड़क और रेलवे सहित कई परियोजनाओं को गति मिलेगी। मित्तल ने ऐसी तकनीक विकसित करने को कहा, जिससे सीमा पार से आने वाले ड्रोन भारतीय सीमा में प्रवेश करते ही निष्क्रिय हो जाएं।
राजनीतिक दलों को एकजुटता का संदेश
पंजाब कांग्रेस में जारी अंदरूनी विवाद पर अशोक मित्तल ने टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि हर राजनीतिक दल के लिए अनुशासन, संयम और एकजुटता आवश्यक है। मित्तल ने सभी राजनीतिक दलों से संगठनात्मक एकता बनाए रखने की अपील की।