जीरकपुर। नगर परिषद चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया समाप्त होते ही शहर में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सभी उम्मीदवार अपने-अपने स्तर पर मतदाताओं को लुभाने और समर्थन जुटाने में पूरी ताकत लगा रहे हैं। कोई घर-घर जाकर लोगों से संपर्क साध रहा है तो कोई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए अपने प्रचार अभियान को धार दे रहा है। शहर के विभिन्न वार्डों में चुनावी माहौल पूरी तरह गर्म नजर आने लगा है।आधुनिक दौर में जहां कई उम्मीदवार फेसबुक, व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया माध्यमों से प्रचार कर रहे हैं, वहीं कुछ उम्मीदवार पारंपरिक तरीकों को भी नहीं भूले हैं।
कई स्थानों पर थ्री-व्हीलर पर लाउडस्पीकर लगाकर प्रचार किया जा रहा है, जिससे वार्डों में चुनावी हलचल लगातार बढ़ रही है। हालांकि तेज धूप और बढ़ती गर्मी ने प्रचार अभियान की रफ्तार को प्रभावित किया है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा देखने को मिल रहा है और अधिकतर उम्मीदवार सुबह तथा शाम के समय ही लोगों के बीच पहुंच रहे हैं। पूर्व पार्षद अपने पिछले कार्यकाल में किए गए विकास कार्यों को गिनाकर वोट मांग रहे हैं, जबकि पहली बार चुनाव मैदान में उतरे उम्मीदवार नए वादों और घोषणाओं के जरिए लोगों को आकर्षित करने में लगे हैं। इस बीच एक उम्मीदवार ने मांग उठाई है कि चुनावी वादों और घोषणा पत्रों को कानूनी दस्तावेज बनाया जाए ताकि वादे पूरे न करने वाले जनप्रतिनिधियों पर कार्रवाई सुनिश्चित हो।