Ajmer News: गैस की किल्लत के बीच सड़क पर खुले में मिले 56 सिलिंडर, रसद विभाग ने की बड़ी कार्रवाई
शहर में गैस किल्लत के बीच प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है, जहां घरेलू सिलिंडरों के दुरुपयोग पर लगातार छापेमारी हो रही है। ताजा कार्रवाई में सड़क पर खुले में रखे 56 सिलिंडर जब्त किए गए, जिससे अव्यवस्था और लापरवाही उजागर हुई है।
विस्तार
इसी अभियान के तहत बुधवार को रसद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धोलाभाटा क्षेत्र में 56 घरेलू गैस सिलिंडर जब्त किए। जानकारी के अनुसार मदार स्थित अमरदीप गैस एजेंसी द्वारा नियमों के विरुद्ध खुले में सड़क पर सिलिंडर रखकर सप्लाई की जा रही थी। टीम के मौके पर पहुंचने पर सिलिंडर सड़क पर खुले में पाए गए और करीब आधे घंटे तक एजेंसी का कोई कर्मचारी वहां मौजूद नहीं मिला। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए विभाग ने तुरंत सभी सिलिंडरों को जब्त कर लिया और एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी।
कार्रवाई के दौरान अलवर गेट थाना अधिकारी नरेंद्र जाखड़ पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर मौजूद रहे। रसद विभाग की टीम में प्रवर्तन अधिकारी सुनीता शर्मा, मीना कुमारी, निरीक्षक राहुल वेदवाल और महेंद्र यादव भी शामिल रहे।
ये भी पढ़ें: Rajasthan: 'पंचायत चुनाव से डरकर ग्रामीण विकास रोक रही भाजपा', टीकाराम जूली ने बताया 1900 करोड़ फंड पर संकट
इसके अलावा विभाग ने शहर के कई होटलों, ढाबों और दुकानों पर भी छापेमारी की, जहां घरेलू गैस सिलिंडरों का व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। जांच के दौरान कई स्थानों से सिलिंडर जब्त किए गए और संबंधित संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई। विभाग ने स्पष्ट किया कि घरेलू गैस सिलिंडर केवल घरेलू उपयोग के लिए ही निर्धारित हैं और इसका व्यावसायिक इस्तेमाल नियमों का उल्लंघन है।
जिला रसद अधिकारी मोनिका जाखड़ ने गैस एजेंसियों के कैंपों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान सिलिंडरों के स्टॉक और वजन की बारीकी से जांच की गई, ताकि उपभोक्ताओं को पूरी और सही मात्रा में गैस मिल सके। किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
मोनिका जाखड़ ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं घरेलू गैस का दुरुपयोग होता दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत विभाग को दें। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, जिससे गैस आपूर्ति व्यवस्था में सुधार होगा और आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सकेगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.