RBSE 10th Result 2026: अजमेर की बेटी रजनी ने हासिल किए 99.50% अंक, सोशल मीडिया से बना ली थी दूरी
Rajasthan 10th Result 2026: अजमेर की रजनी सोलंकी ने 10वीं में 99.50 प्रतिशत अंक हासिल कर सफलता पाई। नियमित पढ़ाई, अनुशासन और सोशल मीडिया से दूरी को उन्होंने सफलता का कारण बताया। सीमित संसाधनों में लक्ष्य पर फोकस कर उन्होंने अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा पेश की।
विस्तार
अजमेर शहर के बक्शी जी की कोठी क्षेत्र में रहने वाले प्रिंटिंग प्रेस व्यवसायी किशन सोलंकी की पुत्री रजनी सोलंकी ने राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं परीक्षा में 99.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की है। रजनी की इस उपलब्धि से न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। आसपास के लोग और रिश्तेदार लगातार घर पहुंचकर बधाई दे रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक, नया बाजार स्थित द्रोपदी देवी सांवरमल बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्रा रजनी शुरू से ही मेधावी रही है। उसने अपनी इस सफलता के पीछे नियमितता, अनुशासन और सीमित संसाधनों में संतुलित पढ़ाई को अहम बताया। रजनी ने बताया कि उसने रोजाना करीब 4 से 5 घंटे पढ़ाई की, लेकिन पूरी एकाग्रता के साथ की गई पढ़ाई ही उसकी सफलता की कुंजी बनी।
रजनी का सपना भविष्य में डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना है। वह आगे साइंस स्ट्रीम लेकर अपनी पढ़ाई जारी रखेगी। उसने बताया कि वह पढ़ाई के दौरान सोशल मीडिया से पूरी तरह दूर रही और मोबाइल का उपयोग केवल जरूरत के अनुसार दिन में करीब एक घंटे ही किया।
रजनी के माता-पिता सरोज सोलंकी और किशन सोलंकी ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा बेटी को अनुशासन में रहने और पढ़ाई पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आज के समय में मोबाइल और सोशल मीडिया बच्चों का ध्यान भटकाते हैं, इसलिए उन्होंने शुरुआत से ही रजनी को इनसे दूर रखा, जिसका सकारात्मक परिणाम आज सामने आया है। विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने भी रजनी की इस सफलता पर गर्व जताया है।
पढ़ें- RBSE 10th Result 2026: बारां की दीपिका मेहता ने 99.50% के साथ किया कमाल, बनीं जिले की टॉपर
रजनी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों और नियमित मेहनत को दिया। साथ ही उसने अन्य विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि अगर वे एकाग्रता के साथ पढ़ाई करें, समय का सही प्रबंधन करें और सोशल मीडिया से दूरी बनाकर रखें, तो वे भी अपने लक्ष्य को आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.