RAS Recruitment 2024: आरएएस भर्ती के छठवें चरण के साक्षात्कार 16 फरवरी से, RPSC ने जारी किया विस्तृत कार्यक्रम
राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) ने आरएएस भर्ती-2024 के छठे चरण सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के साक्षात्कारों का कार्यक्रम जारी कर दिया है। साक्षात्कार 16 से 26 फरवरी 2026 तक आयोजित होंगे, जिसमें अभ्यर्थियों को सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना अनिवार्य होगा।
विस्तार
राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) ने शुक्रवार को विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के साक्षात्कारों का विस्तृत कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत राजस्थान राज्य एवं अधीनस्थ सेवाएं संयुक्त प्रतियोगी परीक्षा-2024 (आरएएस भर्ती-2024) के छठे चरण के साक्षात्कार 16 फरवरी 2026 से प्रारंभ होकर 26 फरवरी 2026 तक आयोजित किए जाएंगे।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि साक्षात्कार में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना अनिवार्य होगा। आरपीएससी के अनुसार, अभ्यर्थियों को ऑनलाइन भरा गया विस्तृत आवेदन पत्र डाउनलोड कर साक्षात्कार के समय दो प्रतियों में प्रस्तुत करना होगा। इसके साथ ही सभी शैक्षणिक एवं अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्रों की स्वप्रमाणित फोटो प्रतियां तथा मूल प्रमाण-पत्र भी साथ लाने होंगे। आयोग ने चेतावनी दी है कि दस्तावेजों की कमी पाए जाने पर अभ्यर्थियों को साक्षात्कार से वंचित किया जा सकता है।
इसके अतिरिक्त, सहायक आचार्य (कॉलेज शिक्षा विभाग) भर्ती-2023 के अंतर्गत भी साक्षात्कार कार्यक्रम घोषित किया गया है। सहायक आचार्य-एबीएसटी के अंतिम चरण के साक्षात्कार 16 और 17 फरवरी 2026 को आयोजित किए जाएंगे। वहीं, 18 फरवरी से 26 फरवरी 2026 तक सहायक आचार्य-केमिस्ट्री, इकोनॉमिक्स और हिस्ट्री विषय के प्रथम चरण के साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे।
ये भी पढ़ें- Rajasthan News: राजस्थान हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, जयपुर-जोधपुर में खाली कराए परिसर
आयोग ने निर्देश दिया है कि जिन अभ्यर्थियों ने पूर्व में अपना विस्तृत आवेदन पत्र आयोग को प्रस्तुत नहीं किया है, वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट से आवेदन पत्र डाउनलोड कर साक्षात्कार के समय अनिवार्य रूप से दो प्रतियों में सभी प्रमाण-पत्रों की फोटो प्रतियों के साथ प्रस्तुत करें।
साक्षात्कार के दौरान अभ्यर्थियों को नवीनतम पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो, स्पष्ट फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र तथा सभी मूल प्रमाण-पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। आरपीएससी ने बताया कि अभ्यर्थियों के साक्षात्कार पत्र समय पर आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे, जिन्हें डाउनलोड कर अभ्यर्थी अपनी साक्षात्कार तिथि और समय की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे नियमित रूप से आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपडेट देखते रहें और साक्षात्कार से संबंधित सभी निर्देशों का पालन करें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.