{"_id":"687fbd3f4d7c81c43805cfdb","slug":"alwar-murder-child-brutally-murdered-to-call-wife-uncle-sacrificed-him-for-vashikaran-on-advice-of-tantrik-2025-07-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"Alwar Murder: पत्नी के लिए मासूम की जघन्य हत्या, तांत्रिक के कहने पर चाचा ने दी बलि; खून निकालकर कलेजी...","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Alwar Murder: पत्नी के लिए मासूम की जघन्य हत्या, तांत्रिक के कहने पर चाचा ने दी बलि; खून निकालकर कलेजी...
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलवर
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Tue, 22 Jul 2025 10:03 PM IST
विज्ञापन
सार
Alwar Blind Murder: अलवर में लापता मासूम बच्चे की अंधी हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। हत्यारोपी मृत बच्चे का ही चाचा निकला, जिसने अपनी पत्नी को बुलाने के लिए तांत्रिक के कहने पर मासूम बच्चे की जघन्य हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी चाचा और तांत्रिक
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
अलवर जिले के खैरथल-तिजारा क्षेत्र अंतर्गत मुंडावर थाना इलाके में छह वर्षीय बच्चे लोकेश की रहस्यमयी हत्या ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। अब इस मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि यह नृशंस हत्या बच्चे के सगे चाचा ने एक तांत्रिक के कहने पर की थी। हत्या का उद्देश्य था वशीकरण की तांत्रिक क्रिया करना, जिसके लिए मासूम की बलि दी गई।
Trending Videos
लापता लोकेश का सुनसान मकान से मिला शव
जानकारी के मुताबिक, सराय कला गांव निवासी लोकेश 19 जुलाई की शाम को अचानक लापता हो गया था। उसके पिता बिन्टु ने मुंडावर थाने में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसी रात आठ बजे गांव के एक सुनसान मकान में तूड़े (भूसे) के ढेर में लोकेश का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद इलाके में मातम पसर गया और पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
विज्ञापन
विज्ञापन
पूरे गांव में खोजबीन करता रहा हत्यारा चाचा
हत्या के तुरंत बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिरों को सक्रिय किया। पुलिस को तब शक हुआ जब लोकेश का सगा चाचा मनोज कुमार घटना के बाद परिजनों के साथ मिलकर लोकेश की तलाश करता दिखा, लेकिन उसके हाव-भाव में कुछ असामान्यता महसूस हुई। इसी आधार पर पुलिस ने 21 जुलाई को मनोज कुमार पुत्र बिल्लू उर्फ पूर्ण प्रजापत को हिरासत में लिया।
यह भी पढ़ें- Jaipur News: टीकाराम जूली ने पीएम को लिखा पत्र, कहा- RTI को कमजोर किया जा रहा, अफसर-कर्मचारी उड़ा रहे धज्जियां
पूछताछ में चौंकाने वाली तांत्रिक साजिश का पर्दाफाश
गहन पूछताछ में मनोज ने एक दिल दहला देने वाला राज उजागर किया। उसने बताया कि उसकी पत्नी मायके में रह रही थी और उसे किसी भी हालत में वापस लाना चाहता था। इसी चाह में वह खानपुर अहीर निवासी एक तांत्रिक सुनील पुत्र यादराम के संपर्क में आया। तांत्रिक ने वशीकरण के लिए ₹12,000 नकद और एक मासूम बच्चे की बलि देने की मांग की।
गला दबाकर हत्या, शरीर में कई जगह इंजेक्शन से खून निकालने की कोशिश
मनोज ने तांत्रिक की शर्त मानते हुए अपने ही भतीजे लोकेश को शिकार बना लिया। उसने 19 जुलाई को लोकेश को बहला-फुसलाकर सुनसान मकान में ले गया और वहां गला दबाकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद तांत्रिक सुनील के निर्देशानुसार लोकेश के शरीर में कई जगह इंजेक्शन चुभाकर खून निकालने की कोशिश की गई। यही खून तांत्रिक क्रिया में भोग के लिए आवश्यक बताया गया था।
बाद में कलेजी निकालने की थी योजना
हत्या के बाद आरोपी मनोज ने शव को एक सुनसान मकान में तूड़े के ढेर में छिपा दिया ताकि बाद में समय मिलने पर मृतक की कलेजी निकालकर तांत्रिक को दे सके। लेकिन इससे पहले ही पुलिस को मामला संदिग्ध लगने लगा और उसने मनोज को अपनी हिरासत में लेकर जब सख्ती से पूछताछ की, तो पूरे मामले की परतें खुल गईं।
तांत्रिक सुनील भी गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद किए इंजेक्शन
इस दिल दहलाने वाले कांड में मुख्य साजिशकर्ता तांत्रिक सुनील को भी पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मनोज की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त इंजेक्शन भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस अधिकारी इस पूरे मामले को अंधविश्वास से उपजे जघन्य अपराध की मिसाल मान रहे हैं और इसे गंभीरता से लेते हुए जांच को आगे बढ़ा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- Jaipur: 'किसी दबाव में आकर नहीं छोड़ा पद, इस्तीफे की वजह स्वास्थ्य'; कांग्रेस के सवालों पर रिश्तेदार का जवाब
परिवार की दो बहनों की कड़वी कहानी बनी हत्या की वजह
इस हृदयविदारक कांड में सबसे दर्दनाक तथ्य यह है कि मृतक लोकेश की मां और आरोपी मनोज की पत्नी सगी बहनें हैं। मनोज की पत्नी पिछले कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी और वह किसी भी सूरत में अपने ससुराल वापस नहीं आना चाहती थी। इसी मानसिक तनाव और अंधविश्वास की गिरफ्त में आकर मनोज ने अपने ही भतीजे को मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई बनी उदाहरण
इस अंधे हत्याकांड की गुत्थी को पुलिस ने बेहद पेशेवर ढंग से सुलझाया। मुंडावर थाना पुलिस की जांच और सूझबूझ से ही यह राज उजागर हुआ कि यह कोई सामान्य हत्या नहीं थी, बल्कि इसके पीछे एक गहरी तांत्रिक साजिश छिपी थी। पुलिस अब दोनों आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है और कोर्ट में मजबूत चार्जशीट पेश करने की तैयारी में है।
न्याय की उम्मीद में बिलख रहा परिवार
मासूम लोकेश के माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल है। वे अभी भी इस बात पर विश्वास नहीं कर पा रहे हैं कि उनके बेटे की हत्या उनके ही रिश्तेदार ने की है। गांव के लोग भी इस नृशंस हत्या को लेकर बेहद दुखी हैं और मांग कर रहे हैं कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, ताकि भविष्य में कोई और लोकेश ऐसी हैवानियत का शिकार न हो।