{"_id":"6870d7c6646537b4880e2644","slug":"three-accused-of-assaulting-a-policeman-during-muharram-procession-were-arrested-alwar-news-c-1-1-noi1339-3155483-2025-07-11","type":"story","status":"publish","title_hn":"Alwar News: मोहर्रम जुलूस के दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मी से मारपीट, तीन आरोपी गिरफ्तार; एक ICU में भर्ती","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Alwar News: मोहर्रम जुलूस के दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मी से मारपीट, तीन आरोपी गिरफ्तार; एक ICU में भर्ती
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलवर
Published by: अलवर ब्यूरो
Updated Fri, 11 Jul 2025 11:44 PM IST
विज्ञापन
सार
Alwar News: अलवर में मोहर्रम के दिन कर्बला के पास एक पुलिसकर्मी से बुरी तरह मारपीट के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये तीनों आरोपी फिलहाल बापर्दा रखे गए हैं।
जांच में जुटी पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
अलवर जिले में मोहर्रम के जुलूस के दौरान हुई हिंसा ने शहर में तनाव की स्थिति पैदा कर दी है। कर्बला मैदान के पास एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी प्रदीप कुमार के साथ हुई बर्बर मारपीट के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को बापर्दा गिरफ्तार कर लिया है। इस वारदात में घायल पुलिसकर्मी की हालत गंभीर बनी हुई है और वह फिलहाल एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के उच्चाधिकारी मौके पर पहुंचे, और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है। शेष आरोपियों की तलाश तेजी से जारी है।
Trending Videos
जुलूस के दौरान भड़की हिंसा, पुलिसकर्मी को बुरी तरह पीटा
जानकारी के मुताबिक, यह घटना शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र में स्थित जेल चौराहा कर्बला मैदान के पास की है, जहां मोहर्रम के जुलूस के दौरान भीड़ में शामिल कुछ युवकों ने ट्रैफिक पुलिसकर्मी प्रदीप कुमार पर अचानक हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों और घायल पुलिसकर्मी के बयान के अनुसार, प्रदीप कुमार मौके पर ट्रैफिक व्यवस्था और बेरिकेडिंग देखने गए थे, तभी जुलूस में शामिल चार-पांच युवकों ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने उन्हें बुरी तरह पीटा और उनके निजी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और प्रदीप कुमार को बचाते हुए अलवर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उन्हें आईसीयू में रखा गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
यह भी पढ़ें- Jalore News: दो युवकों की आंध्र प्रदेश में डूबने से मौत, एक की पत्नी गर्भवती; गोद भराई से पहले लौटी पति की लाश
पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचा
घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से जांच शुरू की और घायल पुलिसकर्मी के पर्चा बयान के आधार पर मामला दर्ज किया। लंबे समय तक तलाशी और गहन पड़ताल के बाद तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया, जिन्हें फिलहाल बापर्दा रखा गया है। गिरफ्तार किए गए युवकों में सद्दीक पुत्र तैयब जाती फकीर मुसलमान उम्र 19 वर्ष निवासी जटियाना, मोहम्मद कैफ उर्फ नंदू खान पुत्र असरु खान उम्र 21 वर्ष निवासी तुलेड़ा और शाहिद अली उर्फ बल्ला पुत्र शौकत अली उम्र 19 वर्ष जाती फकीर मुसलमान निवासी तुलेड़ा शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि ये आरोपी जुलूस में शामिल थे और लाठी-डंडों से लैस होकर मौके पर पहुंचे थे। जब प्रदीप कुमार ने इनसे रास्ता जाम न करने की बात कही, तो इन लोगों ने उन पर हमला कर दिया।
पुलिसकर्मी प्रदीप कुमार ने अपने बयान में कहा कि वह मोहर्रम जुलूस के दौरान व्यवस्था बनाए रखने पहुंचे थे और बेरिकेडिंग के काम में लगे थे। तभी चार-पांच युवक लाठी-डंडे लेकर सड़क जाम कर रहे थे। जब उन्होंने पूछताछ की तो आरोपियों ने उन पर लाठियों से हमला कर दिया। इस दौरान वह गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रदीप ने यह भी बताया कि हमलावरों ने उनकी गाड़ी को भी निशाना बनाया और बुरी तरह तोड़फोड़ कर दी।
यह भी पढ़ें- शिक्षक भर्ती घोटाला: BPEd की जाली डिग्री दिलाने वाला आरोपी गिरफ्तार, दो सरकारी शिक्षक पहले ही हो चुके गिरफ्तार
पुलिस कर रही पूरी घटना की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही डिप्टी एसपी शहर अंगद शर्मा, शिवाजी पार्क थाना पुलिस, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की और हमलावरों की पहचान कराई। अधिकारियों का कहना है कि यह एक सुनियोजित हमला प्रतीत होता है, जिसकी हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि बचे हुए आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।