राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने शनिवार को आरएएस भर्ती 2024 का परिणाम जारी किया। इस परीक्षा में बाड़मेर जिले के दिनेश बिश्नोई ने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। परिणाम घोषित होने के बाद परिवार और जिले में खुशी का माहौल है। दिनेश को फोन और सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार बधाइयां मिल रही हैं।
RPSC RAS Result 2024: आरएएस परिणाम 2024 में किया टॉप; कौन हैं दिनेश बिश्नोई, कैसी रही इनकी पढ़ाई?
RAS 2024 Topper: बाड़मेर के दिनेश बिश्नोई ने आरएएस 2024 परीक्षा में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। भलीसर गांव निवासी दिनेश पहले आरएएस-2023 में 57वीं रैंक ला चुके थे। फिलहाल वे जयपुर में प्रशिक्षण ले रहे हैं।
परिवार और जिले में खुशी की लहर
दिनेश बिश्नोई की सफलता के बाद उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। जिले भर में इस उपलब्धि को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। राज्यमंत्री के.के विश्नोई, विधायक रविंद्र सिंह भाटी समेत कई जनप्रतिनिधियों ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
भलीसर गांव से निकलकर प्रदेश में शीर्ष स्थान तक सफर
आरएएस 2024 टॉपर दिनेश बिश्नोई गुड़ामालानी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भलीसर के निवासी हैं। उनके पिता रामधन बिश्नोई जिला शिक्षा अधिकारी से रिटायर्ड हो चुके हैं। दिनेश के चार भाई-बहन हैं। दिनेश परिवार में सबसे छोटे हैं। उनकी सफलता को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया जा रहा है। कई लोगों ने इसे कड़ी मेहनत, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और समर्पण का परिणाम बताया है। साथ ही इसे युवाओं के लिए प्रेरणादायक उदाहरण माना जा रहा है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और शुरुआती तैयारी
दिनेश की 10वीं तक की पढ़ाई बाड़मेर जिले के धोरीमन्ना में हुई। इसके बाद उन्होंने 12वीं और ग्रेजुएशन की पढ़ाई जोधपुर से पूरी की। आगे चलकर उन्होंने फिजिक्स और मैथ से बीएससी की डिग्री हासिल की। वर्ष 2019 और 2020 में उन्होंने दो साल तक पटवारी भर्ती परीक्षा की तैयारी की।
पढ़ें- RPSC RAS Result 2024: आरएएस की परीक्षा में जैसलमेर के वीरेंद्र चारण ने बढ़ाया मान, हासिल किया दूसरा स्थान
आरएएस की तैयारी और निरंतर प्रयास
वर्ष 2021 से दिनेश ने आरएएस परीक्षा की तैयारी शुरू की। आरएएस-2023 परीक्षा में उनकी 57वीं रैंक आई थी और उस समय वे ग्राम सेवक थे। उसी परीक्षा में उन्हें आरपीएस कैडर मिला था। इसके बाद उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी और आरएएस-2024 में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
नियमित अध्ययन को बताया सफलता का आधार
दिनेश के अनुसार वे नियमित रूप से देर रात 12 बजे से 2 बजे तक पढ़ाई करते थे। निरंतर अध्ययन और लक्ष्य के प्रति समर्पण को उन्होंने अपनी सफलता का प्रमुख कारण माना है।
फिलहाल जयपुर में प्रशिक्षणरत
वर्तमान में दिनेश जयपुर में ट्रेनिंग ले रहे हैं। परिणाम जारी होने के बाद से उनके परिवार सहित पूरे जिले में खुशी की लहर है और लोग उनकी उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बता रहे हैं।
