आंधी-तूफान का कहर: दौसा में आग से 45 बकरियां जिंदा जलीं, कई गांवों में तबाही; दीवार गिरने से महिला घायल
Dausa News: दौसा में आंधी-तूफान से भारी तबाही हुई। सालिमपुर में आग से 45 बकरियां जिंदा जल गईं और 20 झुलस गईं। बुडली में दीवार गिरने से महिला घायल हुई। कई गांवों में घर, मवेशी और बिजली व्यवस्था प्रभावित रही।
विस्तार
दौसा जिले में बीती रात आए आंधी-तूफान ने व्यापक तबाही मचाई, जिससे कई गांवों में जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। अचानक बदले मौसम और तेज हवाओं के कारण टीन-टप्पर और छप्परपोश मकान उड़ गए, जबकि कई स्थानों पर हादसों और आगजनी की घटनाओं ने लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया। जिलेभर में बिजली आपूर्ति भी कई घंटों तक ठप रही, जिससे लोगों को अंधेरे में रात बितानी पड़ी।
सालिमपुर गांव में आग का तांडव, 45 बकरियां जिंदा जलीं
महवा क्षेत्र के सालिमपुर गांव में तूफान के दौरान आग लगने की भीषण घटना सामने आई। आग इतनी तेज थी कि बाड़े में बंधी 45 बकरियां जिंदा जल गईं, जबकि 20 बकरियां झुलसने से गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसके साथ ही घरों में रखा घरेलू सामान भी पूरी तरह जलकर राख हो गया। अचानक हुई इस घटना से गांव में अफरातफरी मच गई और पीड़ित परिवारों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।
गांगलियावास में भी आगजनी, मवेशी चपेट में आए
सिकराय क्षेत्र के गांगलियावास गांव में भी आगजनी की घटना हुई, जहां एक छप्परपोश मकान में आग लगने से कई मवेशी इसकी चपेट में आ गए। आग की इस घटना में घरेलू सामान भी जलकर खाक हो गया। सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हुआ और राहत कार्य शुरू किए गए।
मलबे में दबी महिला, मकान की दीवार ढहने से हादसा
तूफान का असर सिकंदरा क्षेत्र के बुडली गांव में भी देखने को मिला। तेज अंधड़ के चलते एक मकान की दीवार अचानक गिर गई, जिससे एक महिला मलबे में दब गई। हादसे में करीब आधा दर्जन मवेशी भी मलबे के नीचे आ गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। पास में खड़ी दो कारें भी मलबे की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गईं।
पढ़ें- Rajasthan Weather Update: प्रदेश में तेज आंधी-बारिश का दौर, गर्मी से मिली राहत, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
पेड़ उखड़े, रास्ते बाधित, बिजली आपूर्ति ठप
तेज हवाओं के कारण जिलेभर में कई पेड़ जड़ से उखड़कर गिर गए, जिससे रास्ते बाधित हो गए और आवागमन प्रभावित हुआ। अंधड़ के चलते कई घंटों तक बिजली आपूर्ति बाधित रही, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
घटना के बाद विधायक राजेंद्र मीणा ने प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि नुकसान का आकलन किया जाएगा और पीड़ितों को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.