Rajasthan: हनुमानगढ़ के गुरुद्वारे पर कब्जे को लेकर बवाल, झड़प में आठ लोग घायल; पुलिस ने हालात काबू में किए
Rajasthan Gurdwara Clash: राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में गोलुवाला के मेहताबगढ़ साहिब गुरुद्वारे पर कब्जे को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प हुई। झगड़े में आठ लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर भारी बल तैनात कर हालात पर काबू पा लिया है।
विस्तार
राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के गोलुवाला कस्बे में स्थित मेहताबगढ़ साहिब गुरुद्वारे को लेकर लंबे समय से चल रहा प्रबंधन विवाद शुक्रवार को हिंसा में बदल गया। पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 100 लोगों का एक समूह जबरन गुरुद्वारे में घुस आया और कब्जा करने की कोशिश की। इस दौरान अंदर मौजूद दूसरे गुट से भिड़ंत हो गई। झड़प में आठ लोग घायल हो गए। जिसमें बच्चे भी शामिल हैं।
घायलों को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, फिर उन्हें श्रीगंगानगर जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने बताया कि घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है। झगड़े को रोकने के दौरान राजस्थान आर्म्ड कांस्टेबुलरी का एक जवान भी घायल हो गया।
ये भी पढ़ें:- कफ सिरप कांड: 11 बच्चों की मौत से हड़कंप, MP सरकार जांच में उलझी तो राजस्थान के मंत्री ने माताओं को बताया दोषी
भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। गोलुवाला थाना पुलिस ने 17 नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज की हैं। तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
पूर्व कमेटी की अगुवाई बीबी हरमीत कौर कर रही थीं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पूर्व कमेटी ने गुरुद्वारे के प्रबंधन पर एकाधिकार जमा लिया था। उनका कहना है कि अब नई समिति का गठन होना चाहिए। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर डेरा डाले हुए हैं। एहतियातन धारा 144 लागू कर दी गई है ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे और कोई अप्रिय घटना न हो।