{"_id":"678e6c89671363332c0f558e","slug":"130-boxes-of-liquor-stolen-from-liquor-truck-in-hanumangarh-police-arrested-three-smugglers-excise-constable-named-for-collusion-hanumangarh-news-c-1-1-noi1343-2542373-2025-01-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"Hanumangarh: आबकारी थाने से तस्करी की शराब खुर्द-बुर्द करने के मामले का खुलासा, तीन गिरफ्तार,कांस्टेबल नामजद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Hanumangarh: आबकारी थाने से तस्करी की शराब खुर्द-बुर्द करने के मामले का खुलासा, तीन गिरफ्तार,कांस्टेबल नामजद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हनुमानगढ़
Published by: हनुमानगढ़ ब्यूरो
Updated Tue, 21 Jan 2025 01:55 PM IST
विज्ञापन
सार
हनुमानगढ़ में आबकारी थाने से तस्करी की शराब खुर्द-बुर्द कर तस्करों को बेचने के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शनिवार रात जंक्शन पुलिस और डीएसटी ने नाकाबंदी कर 130 पेटी (1560 बोतल) पंजाब निर्मित शराब के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। साथ ही, शराब ढोने वाले दो वाहन भी जब्त किए गए।
अवैध शराब जब्त।
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
हनुमानगढ़ में आबकारी थाना से तस्करी की शराब खुर्द-बुर्द कर तस्करों को ही बेचने के मामले में कार्रवाई करते हुए जंक्शन पुलिस ने शनिवार देर रात को 130 पेटी पंजाब निर्मित शराब सहित तीन जनों को गिरफ्तार कर दो वाहन जब्त किए। पुलिस ने इस मामले में आबकारी कांस्टेबल धर्मवीर सहारण को नामजद कर आबकारी अधिकारी सहित अन्य कर्मियों की भूमिका की जांच में जुटी है। एसपी अरशद अली ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि शनिवार रात डीएसटी को सूचना मिली कि आबकारी थाना से एक पिकअप गाड़ी में भरकर तस्करी की शराब ले जाई जा रही है। एक वीडियो भी पुलिस के पास आया, जिसमें शराब ट्रक से उतारकर पिकअप में भर रहे तीन लोगों के अलावा वर्दी में आबकारी कर्मी नजर आए।
Trending Videos
सूचना पर डीएसटी और जंक्शन पुलिस ने एसपी कार्यालय रोड़ पर नाकाबंदी कर एक पिकअप और उसे एस्कॉर्ट कर रही फॉर्च्युनर गाड़ी को रोककर तलाशी ली तो 130 पेटी में 1560 बोतल पंजाब निर्मित अंग्रेजी शराब बरामद हुई। आरोपी संगरिया निवासी अभिषेक उर्फ सेठी (32) पुत्र बृजलाल जाट इंद्रपुरा थाना संगरिया, हरजिन्द्र सिंह (30) पुत्र जसवीर सिंह जटसिख वार्ड 18 डीआरपी कॉलेज के पास रावतसर और हरविन्द्र सिंह (27) पुत्र मोहन सिंह कंबोज सिख फतेहपुर थाना हनुमानगढ़ टाउन को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो शराब आबकारी थाने से भरकर लाना स्वीकार किया। मामले की जांच एसआई चुकां को सौंपी गई है। प्रेस कांफ्रेंस में एएसपी जनेश तंवर, सीओ सिटी मीनाक्षी सहारण मौजूद थीं।
विज्ञापन
विज्ञापन
डीईओ बोले- पुलिस के पास इनपुट तो दोषी पर हो कार्रवाई
आबकारी डीईओ संजीव पटावरी का कहना है कि पुलिस के पास इनपुट है तो दोषी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस के पास सूचना थी कि आबकारी थाना में 100 पेटी शराब और पड़ी है, लेकिन पुलिस की तलाशी में ऐसा कुछ नहीं मिला। विभाग की टीम ने कार्रवाई की है, इसमें कोई दोराय नहीं है। दो माह में यह चौथी कार्रवाई है। आबकारी टीम ने शनिवार रात को भारत माला रोड पर टोल नाका के पास बाड़मेर के कंटेनर बॉडी ट्रक से शराब की पेटियां बरामद की थीं। इस कार्रवाई में पशु आहार के कट्टों के नीचे छिपाई गई 380 पेटियों में 4560 बोतल अंग्रेजी शराब जब्त किया जाना बताया। आबकारी डीईओ संजीव पटावरी ने बताया कि नाकाबंदी देखकर चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया। इस कार्रवाई में आबकारी थाना के जमादार प्यारेलाल, आबकारी स्पेशल टीम के सिपाही धर्मवीर सिंह, दयाराम व श्रवण सिंह शामिल थे।
उधर, पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई में शराब की पेटियां अधिक थीं, जिसमें से 380 पेटी दिखाते हुए शेष शराब की पेटियां खुर्दबुर्द कर तस्करों को दे दी गईं जिसमें से 130 पेटी शराब पुलिस ने बरामद कर ली। कार्रवाई में सीओ सिटी मीनाक्षी सहारण, जंक्शन थाना के एएसआई कृष्ण सारस्वत के अलावा डीएसटी टीम व जंक्शन थाना की टीम शामिल थी। एसपी ने बताया कि आरोपियों में अभिषेक का इंद्रपुरा में शराब का ठेका है। वहीं, हरजिंद्र एनडीपीएस के एक केस में पूर्व में पकड़ा जा चुका है। पिछले दिनों चावल खुर्दबुर्द करने के मामले में भी आबकारी कांस्टेबल की संलिप्तता सामने आई है जिसकी जांच अभी विचाराधीन है।