{"_id":"6745f24818acaf630805b89f","slug":"amrit-pharmacy-will-open-in-hanumangarh-district-hospital-land-marking-exercise-started-benefit-generic-and-branded-medicines-will-be-available-at-cheaper-rates-hanumangarh-news-c-1-1-noi1343-2357605-2024-11-26","type":"story","status":"publish","title_hn":"Hanumangarh: जिला अस्पताल में खुलेगी अमृत फार्मेसी, भूमि चिह्नित करने की कवायद शुरू, दवाएं मिलेंगी सस्ती","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Hanumangarh: जिला अस्पताल में खुलेगी अमृत फार्मेसी, भूमि चिह्नित करने की कवायद शुरू, दवाएं मिलेंगी सस्ती
न्यूूज डेस्क, अमर उजाला, हनुमानगढ़
Published by: हनुमानगढ़ ब्यूरो
Updated Wed, 27 Nov 2024 10:13 PM IST
विज्ञापन
सार
हनुमानगढ़ जिला अस्पताल में अमृत फार्मेसी खुलेगी। इसके लिए भूमि चिह्नित करने की कवायद शुरू हो गई है। फार्मेसी खुलने से जेनरिक और ब्रांडेड दवाएं सस्ती मिलेंगी।
हनुमानगढ़ अमृत फार्मेसी स्टोर
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
हनुमानगढ़ जिले में गरीब मरीजों को अब सस्ती दर पर महंगी ब्रांडेड और जेनरिक दवाएं भी जिला अस्पताल में उपलब्ध हो सकेंगी। कैंसर, हृदय और अस्थि रोग के बड़े मामलों में मरीजों को सबसे ज्यादा राहत मिलेगी। मेडिकल कॉलेज से संबंद्ध जिला अस्पताल में अमृत फार्मेसी स्टोर खोलने की कवायद शुरू हो गई है। इसके लिए निदेशालय चिकित्सा शिक्षा ने मेडिकल कॉलेज प्राचार्य को इसके लिए पत्र भेजा है।
Trending Videos
फार्मेसी शुरू होने के बाद यहां 800 से 900 प्रकार की ब्रांडेड व जेनरिक दवाएं मरीजों को 60 प्रतिशत तक छूट पर मिलेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अफोर्डेबल मेडिसिन एंड रिलाएबल इम्प्लांट्स फार ट्रीटमेंट (अमृत) योजना के तहत इस फार्मेसी की स्थापना की जा रही है। अस्पताल आने वाले मरीजों को अभी तक कई दवाएं अस्पताल में उपलब्ध न होने के कारण बाहर से महंगे दामों पर खरीदनी पड़ती हैं, अब इस समस्या से मरीजों और उनके परिजनों को निजात मिलेगी।मरीजों को बाहर से दवा न खरीदनी पड़े, इसके लिए फॉर्मेसी में मरीजों को सस्ते दामों पर दवाइयां हर समय उपलब्ध रहेंगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. कीर्ति शेखावत का कहना है कि अमृत फार्मेसी के लिए भूमि चिह्नित कर प्रस्ताव भिजवाने के लिए निदेशालय से निर्देश मिले हैं। इस संबंध में पीएमओ से चर्चा की जाएगी। इससे बड़ा फायदा यह होगा कि ब्रांडेड व जेनरिक दवाइयां सस्ती दरों पर उपलब्ध रहेंगी। इससे मरीजों को बड़ा लाभ मिलेगा।
जिला अस्पताल, नोहर-भादरा, कैनाल कॉलोनी सीएचसी को मिलेंगे उपकरण
सरकारी अस्पतालों में इंटीग्रेटेड मैनेजमेंट सिस्टम लागू करने के लिए प्रदेश के 167 सरकारी अस्पतालों में जांच उपकरण उपलब्ध करवाने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन ने 117 करोड़ 29 लाख 48 हजार रुपये स्वीकृत किए हैं। इसमें टाउन स्थित जिला अस्पताल, नोहर व भादरा उप जिला अस्पताल एवं कैनाल कॉलोनी जंक्शन सीएचसी में मरीजों की जांच सुविधाओं का विस्तार हो सकेगा। इसके लिए हनुमानगढ़ मेडिकल कॉलेज (राजमेस) की मदर लैब, एचयूबी लैब कैनाल कॉलोनी अस्पताल जंक्शन, नोहर उप जिला अस्पताल व भादरा के लिए करीब पांच करोड़ रुपये से अधिक के जांच उपकरण उपलब्ध होंगे। इसमें ग्लूकोमीटर, फुली ऑटो बायोकेमिस्ट्री एनालाइजर इलेक्ट्रोलाइट, ऑटोमेटेड ब्लड गैस एनालाइजर, यूरिन एनालाइजर, एलाइजा रीडर एंड वाशर, किट स्टोरेज रेफ्रीजरेटर, होट एयर ओवन,ऑटोक्लेव बी-टाइप, वाटर बाथ सहित 18 प्रकार के उपकरण उपलब्ध होंगे।
जिला अस्पताल में इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब निर्माण के लिए काम शुरू हो गया है। इसके लिए पुराने आईसीयू और ए वार्ड के कुछ हिस्से को डिस्मेंटल किया जा रहा है, ताकि यहां पर लैब के लिए जी+1 बिल्डिंग का निर्माण किया जा सके। अधिकारियों के मुताबिक, इस लैब के निर्माण पर 1.25 करोड़ रुपये की लागत आएगी। नई लैब बनाने का मकसद यह है कि अस्पतालों में सभी प्रकार की जांचें एक छत के नीचे हो, जिससे मरीजों को इधर-उधर भटकना न पड़े। निर्माण कार्य एनएचएम की ओर से करवाया जा रहा है। गत वर्ष इसकी स्वीकृति जारी हुई थी, लेकिन जगह फाइनल नहीं होने से टेंडर और वर्कऑर्डर की प्रक्रिया में देरी हुई। पिछले कई महीने से यह यह प्रपोजल पाइप लाइन में था, जिसका अब कार्य जारी है।
अस्पतालों में रहती है दवाओं की किल्लत
20 लाख से अधिक आबादी वाले हमारे जिले में सीएचसी व पीएचसी में सर्दी, जुकाम, बुखार के नार्मल मरीजों को दवा और इलाज मिल जाता है। इसके बाद भी कई अस्पतालों में चिकित्सक द्वारा लिखे गए पर्चे की पूरी दवाएं तक उपलब्ध नहीं हो पाती। जनऔषधि केंट पर भी दवाओं की पूरी उपलब्धता नहीं हो पाती। मरीज इसके कारण बाहर दवाओं को महंगे दर पर खरीदने को मजबूर होता है।