मिड डे मील की थाली से रोटी गायब: छात्र खा रहे सब्जी-चावल, मैम बोलीं- अभी देश में गैस का संकट, बाद में देंगे
अमर उजाला की टीम ने सोमवार को जनपद के चारों ब्लॉक के स्कूलों में पड़ताल की। ग्रेटर नोएडा के प्राथमिक विद्यालय नवादा में 101 छात्रों का खाना लंच से एक से डेढ़ घंटे पहले ही स्कूल में पहुंच गया। एक बाल्टी में सब्जी और चावल को मिक्स कराकर रखवा दिया। वही खाना फिर बच्चों को परोसा गया।
विस्तार
गैस संकट का असर परिषदीय स्कूलों में भी दिखाई देने लगा है। स्कूलों में छात्रों को मिड डे मील में सप्ताह में दो दिन मिलने वाली रोटी उनके प्लेट से गायब हो गई है। ग्रेटर नोएडा जनपद में 12 एनजीओ की ओर से छात्रों को मिड डे मील के तहत भोजन उपलब्ध कराया जाता है। गैस की किल्लत के कारण एनजीओ संचालकों ने छात्रों की प्लेट से धीरे से रोटी हटा ली है।
रोटी हटाई पर नहीं दे रहे उसकी जगह कोई और खाना
रोटी के नहीं मिलने से उन्हें प्रतिदिन के हिसाब से मिलने वाला जरूरी पोषण नहीं मिल पा रहा है। सबसे बड़ी बात यह है कि यदि खाने से रोटी हटाई गई है तो उसकी जगह पर उतनी ही मात्रा में दूसरी कोई सामग्री उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। मिड डे मील मैन्यू के अनुसार छात्रों को सोमवार और गुरुवार को रोटी मिलनी है।
छात्र खा रहे सब्जी-चावल
अमर उजाला की टीम ने सोमवार को जनपद के चारों ब्लॉक के स्कूलों में पड़ताल की। ग्रेटर नोएडा के प्राथमिक विद्यालय नवादा में 101 छात्रों का खाना लंच से एक से डेढ़ घंटे पहले ही स्कूल में पहुंच गया। एक बाल्टी में सब्जी और चावल को मिक्स कराकर रखवा दिया। वहीं दूसरे बर्तन में केले रखे हुए थे। सुबह साढ़े 10 बजे लंच की घंटी बजी। छात्रों ने अपनी प्लेट के पहले पानी से धुला फिर उसके बाद शिक्षक ने उन्हें सब्जी चावल दे दिया।
'युद्ध के कारण देश में गैस का संकट'
खाने की कमी के कारण कई छात्रों को लंच भी नहीं मिल सका। छात्रों ने बताया कि रोटी कई दिनों से नहीं मिल रही है। मैम ने बताया है कि युद्ध के कारण देश में गैस का संकट हो गया है। इसके कारण गैस नहीं आ रही है। गैस आने के बाद से फिर से रोटी मिलने लगेगी।
अधिकारी बोले- जांच कराएंगे
मामले की जांच कराई जाएगी। जिला पूर्ति अधिकारी को गैस सिलिंडर को उपलब्ध कराने के लिए पत्र भी लिखा गया है। छात्रों के खाने का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। - राहुल पंवार, बेसिक शिक्षा अधिकारी