Live
West Asia Crisis Live: ट्रंप के हमलों से निपटने के लिए ईरान में बनेगी मानव शृंखला, ढाल का करेंगे काम
Iran Israel US Conflict Live Updates: पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर है। अमेरिका और इस्राइल के हमले तीव्र हो गए हैं, मिसाइलें आसमान में झूल रही हैं और धमाके शहरों में भय और तबाही फैला रहे हैं। तेल और गैस की आपूर्ति खतरे में है, वैश्विक बाजार अस्थिर हैं। होर्मुज जलसंधि की ब्लॉकिंग से दुनिया की अर्थव्यवस्था पर भारी दबाव बढ़ रहा है। हर पल संघर्ष और विकराल होता जा रहा है और शांति के संकेत कहीं नजर नहीं आते। अमर उजाला के इस लाइव ब्लॉग में पढ़ें पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से जुड़े तमाम पल-पल अपडेट्स...
लाइव अपडेट
मोजतबा खामेनेई की सेहत पर संशय बरकरार
अमेरिका और इस्राइल के हमले में अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद ईरान के नए सर्वोच्च नेता चुने गए मोजतबा खामेनेई की सेहत पर संशय बरकरार है। कई रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि बमबारी में वे गंभीर रूप से घायल हुए, जिसके बाद उनके कई अंगों को नुकसान पहुंचा। कुछ खबरों में मोजतबा के कोमा में होने और यहां तक की एक पैर काटने की नौबत आने की बात भी सामने आई। हालांकि, ईरान की तरफ से इस संबंध में कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है। युद्ध के 39वें दिन आई कुछ और रिपोर्ट्स में ये दावा किया गया है कि उनकी सेहत में कोई सुधार नहीं हो रहा है। संघर्षविराम और युद्ध को लेकर मोजतबा किसी तरह की प्रतिक्रिया देने की स्थिति में नहीं है। यहां तक कि उनके सटीक ठिकाने का भी पता लगाया जा चुका है।ट्रंप की डेडलाइन से पहले ईरान ने अपनाई मानव श्रृंखला बनाने की योजना
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की समयसीमा नजदीक आने से पहले ईरान ने बड़ी योजना बनाई है। तेहरान ने कथित तौर पर युवा ईरानियों से ईरान के प्रमुख बिजली संयंत्रों के चारों ओर प्रतीकात्मक मानव शृंखला बनाने का आह्वान किया है। ईरान के खेल और युवा मंत्रालय ने एथलीटों, कलाकारों और छात्रों सहित देश के युवाओं से मंगलवार को दोपहर दो बजे (स्थानीय समय) से इन स्थलों के आसपास इकट्ठा होने का आह्वान किया है। ईरान के युवा मामलों के उप मंत्री अलीरेजा रहीमी ने एक वीडियो संदेश में कहा, "कई विश्वविद्यालय के युवाओं, युवा कलाकारों और युवा संगठनों ने प्रस्ताव दिया कि हम देश के बिजली संयंत्रों के चारों ओर एक मानव घेरा या मानव शृंखला बनाएं।"न्यूजीलैंड बोला- ईरानी बुनियादी ढांचे के खिलाफ अमेरिकी धमकियां 'निरर्थक'
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने ईरानी नागरिक अवसंरचना के खिलाफ ट्रंप की हालिया धमकियों को निरर्थक बताया है। उन्होंने कहा कि यह मददगार नहीं है, क्योंकि और अधिक सैन्य कार्रवाई की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि मूल बात यह है कि इस संघर्ष को और अधिक फैलने से रोकने पर ध्यान केंद्रित करने की जरूरत है।" उन्होंने कहा कि इस सप्ताह वॉशिंगटन में होने वाली बैठक में न्यूजीलैंड के विदेश मंत्री विंस्टन पीटर्स का अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो को संदेश होगा कि संघर्ष को कम किया जाए।ईरान ने जनवरी से हिरासत में लिए गए जापानी नागरिक को किया रिहा
जापान ने मंगलवार को कहा कि जनवरी से ईरान में हिरासत में लिए गए एक जापानी नागरिक को रिहा कर दिया गया है। मुख्य कैबिनेट सचिव मिनोरू किहारा ने पत्रकारों को बताया कि उनकी रिहाई की पुष्टि सोमवार को हुई थी। जिस व्यक्ति को रिहा किया गया है, वह जापान के एनएचके सार्वजनिक टेलीविजन में पत्रकार बताया जा रहा है। किहारा ने कहा कि व्यक्ति स्वस्थ है, लेकिन उन्होंने आगे कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया।अमेरिकी सेना ने ईरान युद्ध में अब तक 13,000 से अधिक ठिकानों पर किया हमला
अमेरिकी सेना ने ईरान युद्ध में अब तक 13,000 से अधिक लक्ष्यों पर हमले किए हैं। पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य अभियानों के लिए जिम्मेदार और ईरान पर हमलों का नेतृत्व कर रही अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कहा कि उसकी सेनाओं ने 13,000 से अधिक ईरानी ठिकानों पर हमला किया है। सेंट्रल कमांड ने यह भी कहा कि 155 से अधिक ईरानी जहाजों को नुकसान पहुंचाया गया है या नष्ट कर दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि अमेरिकी परमाणु-संचालित विमानवाहक पोत और पनडुब्बियां ऑपरेशन एपिक फ्यूरी में भाग ले रही हैं। इसके साथ ही एफ-35 स्टील्थ फाइटर जेट से लेकर बी-52 बमवर्षक विमानों तक का एक बेड़ा भी इसमें शामिल है।इराक में ड्रोन हमले में पति-पत्नी की मौत, ईरान पर आरोप
इराक के उत्तरी हिस्से में एक बड़ा हमला सामने आया है। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, एरबिल प्रांत में ईरान की ओर से आए ड्रोन हमले में दो नागरिकों की मौत हो गई। बताया गया कि यह हमला देर रात हुआ, जब एक विस्फोटक से भरा ड्रोन एरबिल के दराशाकरान इलाके के जरका ज़ोय गांव में एक घर पर गिरा। इस हमले में एक शादीशुदा जोड़े की जान चली गई। एरबिल के गवर्नर ओमिद खोशनॉव ने इस हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन और युद्ध अपराध बताया है। स्थानीय सुरक्षा एजेंसियां इस हमले की जांच कर रही हैं और मामले को गंभीर मान रही हैं।
यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष- युद्ध बढ़ाने से शांति नहीं आएगी
यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा ने चेतावनी दी है कि नागरिक इलाकों पर हमले करने से शांति नहीं मिलेगी। उनका कहना है कि केवल कूटनीति और बातचीत ही संघर्ष को खत्म करने का सही तरीका है। कोस्टा ने सोशल मीडिया पर लिखा कि केवल वार्ता और क्षेत्रीय साझेदारों के प्रयासों से ही समाधान निकाला जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि युद्ध और बढ़ता है तो सबसे ज्यादा नुकसान ईरान की आम जनता को होगा।
अमेरिकी सेना ने IRGC के हमले के दावे को खारिज किया
अमेरिकी सेना ने IRGC (ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड) के उस दावे को गलत बताया है जिसमें कहा गया था कि उन्होंने अमेरिकी हमलावर जहाज पर हमला किया। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने बयान में कहा कि USS त्रिपोली जहाज पर कोई हमला नहीं हुआ है और यह अरब सागर में अपनी सेवा जारी रखे हुए है। यह जहाज अमेरिकी युद्ध प्रयासों का समर्थन कर रहा है।
West Asia Crisis Live: ट्रंप के हमलों से निपटने के लिए ईरान में बनेगी मानव शृंखला, ढाल का करेंगे काम
ईरान के विदेश मंत्री अराघची ने अमेरिका और इस्राइल पर आरोप लगाया है कि वे अंधा हत्या अभियान चला रहे हैं। उनका कहना है कि इसका मकसद अपनी युद्ध की विफलताओं को छिपाना है। अराघची ने कहा कि इस तरह के हमले ईरानी जनता की हिम्मत नहीं तोड़ सकते, बल्कि इसके विपरीत लोग और अधिक प्रतिरोध की राह पर अडिग रहेंगे।