Hanumangarh: सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि पोस्ट करना पड़ा भारी, भादरा पुलिस ने किया एक व्यक्ति को गिरफ्तार
Hanumangarh: पुलिस ने सुरेश बिजारणिया (35) पुत्र नेकीराम जाट निवासी बोझला को गिरफ्तार किया है। उस पर हाल ही में हुए पहलगाम हमले को लेकर भ्रामक और असत्य पोस्ट सोशल मीडिया पर शेयर करने का आरोप है।
विस्तार
हनुमानगढ़ के भादरा थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर आपातकालीन परिस्थिति से जुड़ी भ्रामक जानकारी बिना किसी आधिकारिक पुष्टि के साझा करने पर एक व्यक्ति को शांति भंग की आशंका में गिरफ्तार किया है। जिले में इस प्रकार की यह दूसरी कार्रवाई है। इससे पहले टाउन थाना पुलिस भी एक व्यक्ति को इसी तरह की पोस्ट के लिए गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस अधीक्षक अरशद अली ने आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारत सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की सख्ती से पालना करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि अगर किसी को कोई संदिग्ध वस्तु दिखाई दे तो उसके पास न जाएं और न ही किसी अन्य को जाने दें। ऐसी किसी भी वस्तु के पास जाने या छूने से खतरा हो सकता है। इस तरह की स्थिति में तुरंत निकटतम पुलिस थाना या कंट्रोल रूम को सूचना दें।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारतीय सेना की मूवमेंट, विमान, मिसाइलों या मिसाइल जैसी किसी भी आकृति के फोटो या वीडियो सोशल मीडिया पर साझा न करें। साथ ही सामाजिक एवं साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली या देशविरोधी कोई भी टिप्पणी या पोस्ट करने से परहेज करें।
पढ़ें: आरबीएसई के 10वीं और 12वीं के नतीजे इसी माह, जल्दी रिजल्ट निकालकर बोर्ड बनाएगा नया रिकॉर्ड
इन्हीं निर्देशों की अवहेलना करने के आरोप में भादरा थाना पुलिस ने सुरेश बिजारणिया (35) पुत्र नेकीराम जाट निवासी बोझला को गिरफ्तार किया है। उस पर हाल ही में हुए पहलगाम हमले को लेकर भ्रामक और असत्य पोस्ट सोशल मीडिया पर शेयर करने का आरोप है।
गिरफ्तारी की कार्रवाई एएसआई महावीर सिंह और कांस्टेबल राजेश की टीम ने की। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी प्रकार की सायरन या धमाके की आवाज सुनाई देने पर घबराएं नहीं और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों की अनुपालना करें। पुलिस ने यह भी चेताया है कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में सोशल मीडिया पर लाइव कवरेज, फोटोग्राफी या वीडियोग्राफी न करें। ऐसा करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।