अयोध्या साइबर क्राइम थाने के SI समेत चार पुलिसकर्मी 2.80 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार
ACB सीकर ने अयोध्या साइबर क्राइम थाने के SI समेत चार पुलिसकर्मियों को 2.80 लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। मुकदमे से भाई का नाम हटाने के लिए रिश्वत मांगी गई थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की सीकर इकाई ने मंगलवार को बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के अयोध्या साइबर क्राइम थाने के उप निरीक्षक समेत चार पुलिसकर्मियों को 2.80 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में उप निरीक्षक यशवंत सिंह, कांस्टेबल पवन त्रिपाठी, कांस्टेबल सोहनलाल और कांस्टेबल गौरव चारग शामिल हैं। आरोप है कि पुलिसकर्मी साइबर क्राइम थाने में दर्ज एक मुकदमे में परिवादी के भाई का नाम हटाने के बदले रिश्वत मांग रहे थे।
चार लाख रुपये मांगे, 2.80 लाख में सौदा तय
ACB के मुताबिक, परिवादी ने शिकायत में बताया था कि उसके भाई के खिलाफ अयोध्या के साइबर क्राइम थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 22/2024 में उसका नाम हटाने के लिए आरोपी पुलिसकर्मी रिश्वत की मांग कर रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद 17 अगस्त को रिश्वत की मांग का सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान कांस्टेबल गौरव चारग ने परिवादी से 4 लाख रुपये की रिश्वत मांगी। बातचीत के बाद सौदा 2.80 लाख रुपये में तय हुआ।
यह भी पढें- Jhunjhunu News: ककराना में एक साथ उठी चार अर्थियां, नौसेना जवान के परिवार को अंतिम विदाई, गांव में पसरा मातम
कांस्टेबल ने ली रिश्वत, चारों गिरफ्तार
मांग की पुष्टि होने के बाद ACB जयपुर के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में सीकर ACB टीम ने ट्रैप कार्रवाई की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय कुमार के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक सुभाष मील और टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
ACB के अनुसार, ट्रैप के दौरान चारों पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे। इसी दौरान कांस्टेबल सोहनलाल ने परिवादी से 2.80 लाख रुपये रिश्वत की राशि प्राप्त की। इसके बाद टीम ने उप निरीक्षक यशवंत सिंह समेत चारों पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ और आगे की कार्रवाई जारी
ACB की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और पुलिस महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरविजन में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। ACB ने मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू करने की बात कही है। ACB ने लोगों से भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतें टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 और व्हाट्सऐप हेल्पलाइन 94135-02834 पर 24 घंटे दर्ज कराने की अपील की है।