Jaipur News: हरमाड़ा में फिर हादसा; तेज रफ्तार ट्रेलर ने मां-बेटे को कुचला, पिछले साल डंपर ने ली थीं 14 जानें
जयपुर के हरमाड़ा में तेज रफ्तार सीमेंट ट्रेलर ने बाइक सवार मां-बेटे को कुचल दिया। दोनों की मौके पर मौत हो गई। हादसे ने 2025 के 14 मौतों वाले डंपर कांड की याद दिला दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जयपुर के हरमाड़ा इलाके में एक बार फिर तेज रफ्तार भारी वाहन काल बनकर सामने आया है। मंगलवार सुबह नींदड़ मोड़ के पास सीमेंट से भरे एक ट्रेलर ने बाइक सवार मां-बेटे को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना ने नवंबर 2025 के उस भयावह डंपर हादसे की यादें ताजा कर दी हैं, जिसमें 14 लोगों की जान चली गई थी। पिछले साल हरमाड़ा के लोहामंडी में बेकाबू डंपर अवैध कट से रॉन्ग साइड ने जयपुर को दहला दिया था।
हरमाड़ा थाना प्रभारी उदय सिंह यादव के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 9 बजे चौमूं से जयपुर की ओर जा रहे सीमेंट से भरे ट्रेलर ने आगे चल रही बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। बाइक पर सवार संगीता (40) और उनके बेटे कृष (18) सड़क पर गिर गए और ट्रेलर की चपेट में आ गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि मां-बेटे हरमाड़ा के मनसा माता नगर में किराए के मकान में रहते थे। बेटा अपनी मां को बाइक पर बैठाकर किसी काम से जा रहा था। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
यह भी पढें- ड्रग्स का MP कनेक्शन: राजस्थान के जंगल में चल रही थी 56 करोड़ की ड्रग्स फैक्टरी, हिरासत में तीन आरोपी
फिर उठे सड़क सुरक्षा पर सवाल
हरमाड़ा क्षेत्र में भारी वाहनों से जुड़े हादसे लगातार चिंता का विषय बने हुए हैं। नवंबर 2025 में इसी इलाके में एक नशे में धुत डंपर चालक ने करीब 300 से 400 मीटर के दायरे में 17 वाहनों को टक्कर मारते हुए कई लोगों को रौंद दिया था। उस भीषण हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए थे। पूरे प्रदेश को झकझोर देने वाली उस घटना के बाद सड़क सुरक्षा, भारी वाहनों की निगरानी और चालकों की जांच को लेकर कई सवाल उठे थे।
अब एक बार फिर हरमाड़ा में हुए इस हादसे ने यह चिंता बढ़ा दी है कि भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही पर प्रभावी अंकुश क्यों नहीं लग पा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जयपुर-चौमूं मार्ग पर लगातार बढ़ते ट्रैफिक और भारी वाहनों की आवाजाही के बीच सुरक्षा उपायों को और सख्त किए जाने की जरूरत है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश जारी है।