राजस्थान में मानसून की एंट्री: इन संभागों में भारी बारिश की चेतावनी; बंगाल की खाड़ी में बना नया सिस्टम
राजस्थान में सात दिन की देरी से मानसून सक्रिय हो गया है। अगले दो सप्ताह पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में भारी से अतिभारी बारिश, जबकि पश्चिमी राजस्थान में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सामान्य तिथि से सात दिन की देरी के बाद राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय हो गया है। 2 जुलाई को मानसून ने प्रदेश के पूर्वी हिस्से में प्रवेश कर लिया और इसकी उत्तरी सीमा फिलहाल टोंक, जयपुर और अलवर से होकर गुजर रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों में मानसून के राज्य के अन्य हिस्सों में भी आगे बढ़ने की प्रबल संभावना है। इसके साथ ही आगामी दो सप्ताह तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और ओडिशा तट पर बना कम दबाव का क्षेत्र अगले 2-3 दिनों में और मजबूत हो सकता है। इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश, मध्य पाकिस्तान और उत्तर-पश्चिम राजस्थान के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण तथा सक्रिय मानसूनी ट्रफ के कारण राजस्थान में बारिश की गतिविधियों को मजबूती मिल रही है।
पिछले सप्ताह सामान्य से 54% कम बारिश
मौसम विभाग की साप्ताहिक रिपोर्ट के अनुसार 26 जून से 2 जुलाई के बीच राजस्थान में औसतन 11.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य वर्षा 24.3 मिमी होती है। यानी पूरे प्रदेश में इस अवधि में 54 प्रतिशत कम बारिश हुई। पूर्वी राजस्थान में इस दौरान 21.6 मिमी बारिश हुई जो सामान्य (35.6 मिमी) से 39% कम है। वहीं पश्चिमी राजस्थान में 2.7 मिमी बारिश जो सामान्य (15.3 मिमी) से 82% कम रही।
आज इन संभागों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 2 जुलाई को उदयपुर, कोटा, अजमेर, भरतपुर और जयपुर संभाग के कई जिलों में मेघगर्जन के साथ मध्यम से भारी बारिश की संभावना जताई है। वहीं कोटा संभाग के कुछ इलाकों में अति भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है।
अगले 5 से 7 दिन सक्रिय रहेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर और अजमेर संभाग में अगले 5 से 7 दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा। इस दौरान अधिकांश क्षेत्रों में बारिश जारी रहने की संभावना है। पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं भारी तो कुछ स्थानों पर अति भारी बारिश हो सकती है। उधर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में भी आगामी दिनों में आंधी और बारिश की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।
दो सप्ताह का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार 3 से 16 जुलाई के बीच दक्षिण-पूर्वी और पूर्वी राजस्थान में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। वहीं प्रदेश के शेष अधिकांश हिस्सों में सामान्य के आसपास वर्षा रहने का अनुमान। मौसम विभाग का कहना है कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान अधिकांश स्थानों पर सामान्य के आसपास बने रहेंगे।