राजस्थान में फिर एक्टिव हुआ मानसून: 17 जिलों में बारिश का अलर्ट; दो दिन बाद भारी से अतिभारी वर्षा की चेतावनी
राजस्थान में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। 17 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी है। 7-8 अगस्त को कोटा और भरतपुर संभाग में भारी से अतिभारी बारिश की संभावना है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजस्थान में मानसून एक बार फिर उत्तर-पूर्वी हिस्सों में सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने बुधवार (5 अगस्त) को प्रदेश के 17 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। भरतपुर, बीकानेर और जयपुर संभाग के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, 7 और 8 अगस्त को कोटा और भरतपुर संभाग के कुछ जिलों में कहीं-कहीं भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी राजस्थान के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक उत्तर-पूर्वी जिलों में बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। इसके चलते भरतपुर, अलवर, करौली, दौसा, जयपुर, सीकर, झुंझुनूं, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश होने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटे के दौरान करौली, भरतपुर, अलवर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं, श्रीगंगानगर और सीकर समेत कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 66 मिमी बारिश डीग के रारह क्षेत्र में रिकॉर्ड की गई। भरतपुर, धौलपुर, करौली, अलवर और हनुमानगढ़ के कई इलाकों में दो इंच तक बारिश होने से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली।
यह भी पढें- Rajasthan: राजस्थान की तीन प्रदूषित नदियों पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, सरकार से मांगा 20 सूत्रीय स्थायी समाधान
बारिश का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, चूरू, दौसा, पिलानी और अलवर में अधिकतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। दूसरी ओर, पश्चिमी और दक्षिणी राजस्थान में बारिश की गतिविधियां कमजोर रहने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी हुई। मंगलवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान डूंगरपुर में 38 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी जयपुर में दिनभर बादल छाए रहे और हल्की हवाओं के कारण मौसम सुहावना बना रहा। शहर का अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में चौमूं में 7 मिमी और आमेर में 2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने जयपुर के लिए अगले तीन दिनों तक बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 से 72 घंटे तक उत्तर-पूर्वी राजस्थान में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। 7 और 8 अगस्त को कोटा और भरतपुर संभाग के कुछ जिलों में भारी से अतिभारी बारिश होने की संभावना है। ऐसे में निचले इलाकों में जलभराव और स्थानीय स्तर पर आवागमन प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।