{"_id":"688e16f99696f7da450f4953","slug":"rajasthan-weather-several-houses-collapsed-in-bikaner-hanumangarh-and-bharatpur-due-to-rain-3-people-died-2025-08-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"Rajasthan Weather: राजस्थान में बारिश बनी काल; बीकानेर, हनुमानगढ़ और भरतपुर में कई मकान गिरे, तीन लोगों की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Rajasthan Weather: राजस्थान में बारिश बनी काल; बीकानेर, हनुमानगढ़ और भरतपुर में कई मकान गिरे, तीन लोगों की मौत
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर/बीकानेर/हनुमानगढ़/भरतपुर
Published by: हिमांशु प्रियदर्शी
Updated Sat, 02 Aug 2025 07:17 PM IST
विज्ञापन
सार
Rajasthan Weather: राजस्थान के बीकानेर, हनुमानगढ़ और भरतपुर जिलों में बारिश के कारण पुराने और जर्जर मकान ढह गए, जिनकी चपेट में आकर तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए हैं। पढ़ें पूरी खबर...।
बारिश के बाद गिरे मकानों का बिखरा हुआ मलबा
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
राजस्थान के कई जिलों में शुक्रवार और शनिवार को हुई भारी बारिश जनजीवन के लिए आफत बन गई। राज्य के बीकानेर, हनुमानगढ़ और भरतपुर जिलों में बारिश के कारण पुराने और जर्जर मकान ढह गए, जिनकी चपेट में आकर तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए हैं। बारिश के चलते कई इलाकों में भारी जलभराव और जान-माल का नुकसान हुआ है।
Trending Videos
भरतपुर में बारिश ने छीनी बुजुर्ग दंपति की जिंदगी
भरतपुर जिले के भुसावर तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत दीवली के गांव बौराज में शुक्रवार देर रात बारिश का कहर टूटा। 70 वर्षीय राम मीणा और उनकी 60 वर्षीय पत्नी जग्गो देवी घर में सो रहे थे, तभी बारिश के कारण मकान की छत की पट्टियां अचानक धराशायी हो गईं।
विज्ञापन
विज्ञापन
मकान के मलबे के नीचे दबने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर प्रशासन मौके पर पहुंचा और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया, लेकिन तब तक दोनों बुजुर्गों की जान जा चुकी थी।
यह भी पढ़ें- Udaipur News: उदयपुर में स्कूल के डायरेक्टर का आपत्तिजनक वीडियो वायरल, अभिभावकों ने किया उग्र विरोध-प्रदर्शन
बीकानेर के नोखा में दो मकान गिरे, 30 फीट गहरे गड्ढे में समाए
बीकानेर जिले के नोखा कस्बे में शुक्रवार को भारी बारिश के बाद दो मकान जमींदोज हो गए। घटना इतनी भयावह थी कि दोनों मकान करीब 30 फीट गहरे गड्ढे में समा गए। गनीमत रही कि हादसे के वक्त मकानों में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़े हादसे से बचाव हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन मौके पर पहुंचा और आसपास के सात मकानों को एहतियातन खाली करवा दिया गया है। क्षेत्रवासियों में डर का माहौल है और कई लोग रात के समय अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर जा रहे हैं।
हनुमानगढ़ में मासूम की मौत, कई लोग घायल
हनुमानगढ़ जिले के पल्लू कस्बे के उदासर गांव में शुक्रवार को बारिश के दौरान एक कच्चा मकान ढह गया। हादसे के समय मकान में मौजूद चार वर्षीय आरती, उसके पिता सुरेंद्र स्वामी और एक पड़ोसी भीतर बैठे हुए थे। अचानक आई इस तबाही में आरती मलबे में दब गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुरेंद्र व अन्य लोग घायल हो गए।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है।
यह भी पढ़ें- Sirohi News: अदालत ने धर्मांतरण और पॉक्सो मामले की लापरवाहीपूर्ण जांच को माना गंभीर, DGP को दिए यह निर्देश
प्रशासन अलर्ट, लोगों से सतर्क रहने की अपील
इन घटनाओं के बाद संबंधित जिलों के प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। पुराने और कच्चे मकानों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने और आवश्यकता होने पर अस्थायी रूप से सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है। वहीं, मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है, जिससे हालात और खराब हो सकते हैं। प्रशासन और आपदा राहत दलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता दी जा सके।
विज्ञापन
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन