{"_id":"69f40f5d6d6837b1350960b4","slug":"rajasthan-weather-update-heat-relief-thunderstorm-yellow-alert-may-forecast-2026-05-01","type":"story","status":"publish","title_hn":"राजस्थान में मौसम का यू-टर्न: झुलसाती गर्मी के बीच राहत की बौछार, 12 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
राजस्थान में मौसम का यू-टर्न: झुलसाती गर्मी के बीच राहत की बौछार, 12 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
Published by: Ashutosh Pratap Singh
Updated Fri, 01 May 2026 07:57 AM IST
विज्ञापन
सार
राजस्थान में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को मौसम में बदलाव के कारण थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है।
(प्रतीकात्मक फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
राजस्थान में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की खबर सामने आई है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे लोगों को तेज गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है, हालांकि कुछ इलाकों में गर्मी का असर बना रह सकता है।
Trending Videos
पश्चिमी राजस्थान में जारी रहेगी लू
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 1 मई को पश्चिमी राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में लू का असर जारी रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर प्रदेश के मौसम पर पड़ेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
पश्चिमी विक्षोभ और पूर्वी हवाओं का असर
मौसम में बदलाव के पीछे दो प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं। एक तरफ सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और दूसरी तरफ बंगाल की खाड़ी से आने वाली पूर्वी हवाएं, दोनों मिलकर प्रदेश के मौसम को प्रभावित करेंगी। इन मौसमी प्रणालियों के संयुक्त असर से राजस्थान के कई हिस्सों में आने वाले दिनों में मौसम करवट ले सकता है।
तेज आंधी और मेघगर्जन की संभावना
IMD जयपुर के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों तक दोपहर बाद कई जिलों में मेघगर्जन के साथ तेज आंधी चल सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हल्की बारिश भी हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी।
नमी बढ़ने से उमस का असर
हालांकि बारिश और हवाओं से तापमान में कमी आएगी, लेकिन वातावरण में नमी बढ़ने के कारण लोगों को उमस का सामना करना पड़ सकता है।
मई के पहले सप्ताह में मौसम रहेगा अस्थिर
मौसम विभाग ने साफ किया है कि मई के पहले सप्ताह में मौसम पूरी तरह स्थिर नहीं रहेगा। कुछ इलाकों में हीट वेव जैसी स्थिति बनी रह सकती है, जबकि अन्य क्षेत्रों में बादल, तेज हवाएं और हल्की बारिश का दौर जारी रहेगा। ऐसे में मौसम में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा।
इन जिलों में येलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने 2 से 4 मई के बीच कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अलवर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटपुतली-बहरोड़, सवाई माधोपुर और सीकर में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज झोंकेदार हवाओं की चेतावनी दी गई है।
लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है, खासकर आंधी और बिजली गिरने के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की अपील की गई है।
