Rajasthan Politics: राजपूत समाज के मुद्दे पर गुढ़ा का सरकार पर हमला, 20 अगस्त को बड़े प्रदर्शन का किया एलान
पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने राजपूत समाज से जुड़े मामलों को लेकर सरकार और पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बद्री सिंह राजपूत मामले में कार्रवाई पर सवाल उठाए। गुढ़ा ने 20 अगस्त को जयपुर के शहीद स्मारक पर आंदोलन और कथित भू-माफिया नेटवर्क बेनकाब करने का एलान किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने राजपूत समाज से जुड़े मुद्दों को लेकर सरकार और भाजपा नेताओं पर तीखा हमला बोला। गुढ़ा ने कहा कि उन्होंने भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ के घर जाकर भी इस मामले को लेकर चर्चा की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि राजपूत समाज के साथ लगातार नाइंसाफी हो रही है, लेकिन जिम्मेदार नेता अपनी जिम्मेदारी से बचने की कोशिश कर रहे हैं।
गुढ़ा ने कहा कि समाज के लोगों की ओर से किए जा रहे आंदोलनों के दौरान महिलाओं पर पानी की बौछारें डाली जा रही हैं और युवाओं पर लाठियां बरसाई जा रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है और समाज के लोगों की आवाज कौन उठाएगा।
उन्होंने बद्री सिंह राजपूत से जुड़े मामले का भी जिक्र किया। गुढ़ा के अनुसार, बद्री सिंह के घर पुलिस और बुलडोजर भेजे गए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुश्तैनी जमीन से जुड़े विवाद के बीच रातों-रात 160 फीट की सड़क डाल दी गई। गुढ़ा ने दावा किया कि बाद में बद्री सिंह ने अपने खेत से सड़क हटाई तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया।
पढ़ें: 'सरकार खुद बढ़ा रही उनका राजनीतिक कद': नरेश मीणा की गिरफ्तारी पर राजेंद्र गुढ़ा का हमला...क्या-क्या कहा?
गुढ़ा ने पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि बद्री सिंह थाने में बुलाए जाने पर पहुंचे और करीब दो घंटे तक वहां बैठे रहे। इसके बाद उन पर थाने से भागने और गिरफ्तारी से जुड़ी कार्रवाई की बात कही गई। गुढ़ा ने पुलिस से सवाल किया कि यदि बद्री सिंह को गिरफ्तार किया गया था तो उसका रिकॉर्ड और बयान कहां है।
गुढ़ा ने बताया कि उन्होंने इस मामले को लेकर पुलिस कमिश्नर और डीजीपी से भी बात की है। उन्होंने जयपुर में भू-माफिया और जमीन से जुड़े मामलों में पुलिस की भूमिका पर गंभीर आरोप लगाए। गुढ़ा ने कहा कि कई प्रभावशाली लोग कथित तौर पर इस पूरे मामले से जुड़े हुए हैं।
गुढ़ा ने एलान किया कि 20 अगस्त को जयपुर के शहीद स्मारक पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन के दौरान कई लोगों के नाम सार्वजनिक किए जाएंगे और भू-माफिया के कथित नेटवर्क से जुड़े लोगों को बेनकाब किया जाएगा।