Rajasthan: टी20 वर्ल्ड कप जीत पर आरसीए में जश्न, भव्य आतिशबाजी के साथ मनाया गया जश्न
टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) में भव्य जश्न मनाया गया। आरसीए अकादमी परिसर में विशाल स्क्रीन लगाकर क्रिकेट प्रेमियों के लिए भारत-न्यूजीलैंड फाइनल मैच का लाइव प्रसारण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों ने भाग लिया।
विस्तार
टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल देखने को मिला। इसी क्रम में राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (आरसीए) द्वारा भी भव्य आयोजन कर भारत की जीत का जश्न मनाया गया। आरसीए अकादमी परिसर में विशाल स्क्रीन लगाकर क्रिकेट प्रेमियों के लिए लाइव मैच देखने की विशेष व्यवस्था की गई, जहां बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।
आरसीए एडहॉक कमेटी सदस्य पिंकेश पोरवाल ने बताया कि टी20 वर्ल्ड कप के भारत-न्यूजीलैंड फाइनल के ऐतिहासिक मुकाबले के अवसर पर आरसीए द्वारा आरसीए अकादमी परिसर में बड़ी स्क्रीन लगाकर सभी के लिए लाइव मैच देखने की शानदार व्यवस्था की गई। इस मौके पर माननीय कैबिनेट मंत्री कर्नल राजवर्धन सिंह राठौड़, जोगराम पटेल, अविनाश गहलोत, विधायक रफीक खान, मनीष यादव, राज्य क्रीड़ा परिषद चेयरमैन नीरज के पवन, आरसीए एडहॉक कमेटी सदस्य पिंकेश पोरवाल, दौसा जिला क्रिकेट संघ सचिव ब्रज किशोर उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों ने लाइव मैच का आनंद लिया।
पिंकेश पोरवाल के अनुसार भारत के विश्वविजेता बनने के बाद आरसीए की ओर से भव्य आतिशबाजी कर जश्न मनाया गया। इस दौरान मौजूद सभी लोगों ने “भारत जिंदाबाद” और “भारतीय टीम जिंदाबाद” के जोशीले नारे लगाकर एक-दूसरे को बधाई दी।
वहीं भारत की इस ऐतिहासिक जीत पर राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता टीकाराम जूली ने भी टीम इंडिया को बधाई दी। उन्होंने कहा, “विश्व विजेता भारत! 🇮🇳🏆 टी-20 वर्ल्ड कप के फाइनल में न्यूज़ीलैंड को हराकर भारतीय क्रिकेट टीम ने पूरे देश का सिर गर्व से ऊँचा कर दिया। यह जीत सिर्फ एक मैच की नहीं, यह 150 करोड़ भारतीयों के विश्वास, जज़्बे और सपनों की जीत है। टीम इंडिया के जज़्बे और समर्पण ने हर भारतीय का दिल गर्व और खुशी से भर दिया। विश्व विजेता बनने पर भारतीय क्रिकेट टीम एवं सभी देशवासियों को बधाई।”
भजनलाल शर्मा ने कहा' टी-20 विश्व कप के फाइनल में ऐतिहासिक विजय के साथ भारतीय क्रिकेट टीम ने आज पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है। मैदान पर खिलाड़ियों के जज्बे, समर्पण और संघर्ष ने हर भारतीय के दिल को गर्व और खुशी से भर दिया। आज करोड़ों भारतीयों की धड़कनें एक साथ धड़क रही थीं और टीम इंडिया ने उन उम्मीदों को जीत में बदल दिया। यह सिर्फ एक जीत नहीं, बल्कि नए भारत के आत्मविश्वास, सामर्थ्य और अटूट संकल्प की प्रतीक है।
इस ऐतिहासिक विजय पर भारतीय टीम के सभी खिलाड़ियों और देशवासियों को हार्दिक बधाई!