{"_id":"6a13dc5bcff3901f230efed0","slug":"us-secretary-of-state-marco-rubio-to-visit-jaipur-today-heavy-security-and-traffic-diversions-across-city-jaipur-news-c-1-1-noi1422-4320193-2026-05-25","type":"story","status":"publish","title_hn":"Rajasthan: शाही स्वागत के बीच जयपुर पहुंचे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो, आमेर से सिटी पैलेस तक हाई अलर्ट","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Rajasthan: शाही स्वागत के बीच जयपुर पहुंचे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो, आमेर से सिटी पैलेस तक हाई अलर्ट
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
Published by: जयपुर ब्यूरो
Updated Mon, 25 May 2026 11:20 AM IST
विज्ञापन
सार
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो आज दोपहर जयपुर पहुंचे। वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए कई इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है, आमेर महल को कुछ घंटों के लिए पर्यटकों के लिए बंद रखा जाएगा।
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
विस्तार
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो सोमवार दोपहर परिवार के साथ जयपुर पहुंच गए। आगरा में ताजमहल का दीदार करने के बाद वे विशेष विमान से करीब डेढ़ बजे जयपुर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे, जहां राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने उनकी अगवानी की। एयरपोर्ट से उनका काफिला सीधे आमेर महल के लिए रवाना हुआ।
रूबियो के स्वागत को लेकर आमेर महल में खास तैयारियां की गई हैं। जलेब चौक में उनका पारंपरिक राजस्थानी अंदाज में स्वागत किया जाएगा। लोक कलाकार घूमर, कालबेलिया और कच्ची घोड़ी नृत्य की प्रस्तुतियां देंगे, जबकि कठपुतली कलाकार राजस्थान की लोक कला की झलक दिखाएंगे। अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल को राजस्थानी संस्कृति और शाही विरासत से रूबरू कराने के लिए विशेष आयोजन किए गए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
अपने दौरे के दौरान मार्को रूबियो आमेर महल और सिटी पैलेस का भ्रमण करेंगे। इसके अलावा उनके हाथी गांव जाने की भी संभावना है, जहां वे पर्यटन और पशु संरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाओं को देख सकते हैं। रूबियो जयपुर के प्रतिष्ठित हेरिटेज होटल रामबाग पैलेस में ठहरेंगे। होटल में भी सुरक्षा और आतिथ्य को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं।
Trending Videos
ये भी पढ़ें: RPSC का बड़ा अपडेट: SI भर्ती अभ्यर्थियों के लिए SSO ID की जानकारी वेबसाइट पर उपलब्ध, जानें कब होगी परीक्षा?
वीवीआईपी मूवमेंट को देखते हुए जयपुर शहर में सुरक्षा के अभूतपूर्व बंदोबस्त किए गए हैं। आमेर महल को सोमवार दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक पर्यटकों के लिए बंद रखा गया है। वहीं एयरपोर्ट से जेएलएन मार्ग होते हुए आमेर तक करीब 19 किलोमीटर के रूट पर ट्रैफिक रोक दिया गया, जिससे लोगों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है।
जयपुर पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां पूरे दौरे को लेकर हाई अलर्ट पर हैं। 25 और 26 मई को शहर के 24 थाना क्षेत्रों में ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध लागू किया गया है। एयरपोर्ट, आमेर, सिटी पैलेस और रामबाग पैलेस के आसपास सुरक्षा घेरा और कड़ा किया गया है।
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के बाद अब मार्को रूबियो का दौरा यह संकेत दे रहा है कि जयपुर तेजी से वैश्विक कूटनीति और “डिप्लोमैटिक टूरिज्म” का नया केंद्र बनता जा रहा है। मार्को रूबियो मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।