{"_id":"686532039b048698dc0ea320","slug":"humidity-made-people-miserable-before-the-return-of-monsoon-weather-department-issued-yellow-alert-jaisalmer-news-c-1-1-noi1407-3123741-2025-07-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"Rajasthan Monsoon: जैसलमेर में चार दिन बाद फिर सक्रिय होगा मानसून, 3 और 4 जुलाई के लिए यलो अलर्ट जारी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Rajasthan Monsoon: जैसलमेर में चार दिन बाद फिर सक्रिय होगा मानसून, 3 और 4 जुलाई के लिए यलो अलर्ट जारी
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जैसलमेर
Published by: जैसलमेर ब्यूरो
Updated Wed, 02 Jul 2025 08:56 PM IST
विज्ञापन
सार
विभाग ने 3 और 4 जुलाई को जिले में मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी देते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। मानसून की समय से पहले दस्तक से किसानों ने खरीफ फसलों की बुवाई शुरू कर दी थी, लेकिन फिलहाल मौसम के ठहराव ने उन्हें चिंतित कर दिया है।
जैसलमेर में तेज बारिश की चेतावनी।
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
मरुस्थलीय जैसलमेर जिले में मानसून की शुरुआती जोरदार दस्तक के बाद फिलहाल मौसम शांत हो गया है। पिछले चार दिन से जिले में बारिश नहीं होने से एक बार फिर गर्मी और उमस ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि यह ठहराव अस्थाई है और जल्द ही फिर से बादल मेहरबान होंगे। विभाग ने तीन जुलाई से जिले में मानसून के फिर से सक्रिय होने की संभावना जताई है, साथ ही दो दिन तक यलो अलर्ट भी जारी किया है।
Trending Videos
मानसून ने दी समय से पहले दस्तक, किसानों ने शुरू की बुआवाई
इस बार मानसून ने जैसलमेर में समय से पहले ही प्रवेश कर लिया था। जून के अंतिम सप्ताह में जिले के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली और वातावरण में ठंडक घुल गई थी। बारिश से खेतों में नमी बढ़ी, जिससे किसानों ने खरीफ फसलों की बुवाई की तैयारियों में तेजी ला दी। किसान खासे उत्साहित नजर आए, क्योंकि लंबे समय बाद समय पर बारिश ने उम्मीदों को पंख दिए।
विज्ञापन
विज्ञापन
बारिश थमी, उमस ने बढ़ाई परेशानी
जैसलमेर शहर सहित जिले के अन्य भागों में पिछले चार दिनों से बारिश नहीं हुई है। बुधबार को भी मौसम शुष्क बना रहा। हालांकि आसमान में बादलों की आवाजाही देखने को मिली, लेकिन बारिश की एक बूंद भी नहीं गिरी। वहीं दूसरी ओर उमस ने लोगों को बेहाल कर रखा है। दिन में गर्मी और रात को चिपचिपी नमी ने जनजीवन को असहज बना दिया है। घरों और बाजारों में कूलर और पंखों की रफ्तार बढ़ गई है, लेकिन उमस के आगे यह भी बेअसर साबित हो रहे हैं।
तापमान में दर्ज हुई गिरावट, फिर भी राहत नहीं
बुधवार को दिन के तापमान में मामूली गिरावट देखी गई। अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री दर्ज किया गया। दिन व रात के तापमान में लगभग 10 डिग्री का अंतर रहा। दिन का पारा सामान्य से 2.2 डिग्री कम रहा, जिससे संकेत मिलता है कि वातावरण में धीरे-धीरे ठंडक लौट रही है। हालांकि लोगों को अभी गर्मी और उमस से राहत नहीं मिल सकी है।
3 जुलाई से फिर सक्रिय होगा मानसून, यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि कल 3 जुलाई से एक बार फिर मानसून जिले में सक्रिय होगा और अच्छी बारिश का दौर शुरू हो सकता है। कृषि मौसम वैज्ञानिक के अनुसार 3 और 4 जुलाई को जिले के विभिन्न हिस्सों में मेघ गर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। विभाग ने एहतियातन इन दोनों दिनों के लिए यलो अलर्ट भी जारी किया है। इससे ग्रामीण इलाकों में रहने वाले लोगों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
कृषि पर पड़ेगा सकारात्मक प्रभाव
मानसून की दोबारा सक्रियता से सबसे अधिक फायदा किसानों को मिलने की उम्मीद है। यदि कल से बारिश का सिलसिला शुरू होता है तो खेतों में बुवाई का कार्य गति पकड़ेगा और फसल उत्पादन बेहतर होने की संभावना बढ़ेगी। शुरुआती बरसात से कई गांवों के तालाब, नाडियां और जल स्रोत भी पानी से लबालब हो गए हैं, जिससे पशुपालकों और ग्रामीणों को राहत मिली है। जैसलमेर जिले में भले ही मानसून ने थोड़ी देर के लिए विराम लिया हो, लेकिन मौसम विभाग की भविष्यवाणी ने उम्मीदें जगा दी हैं। यदि अनुमान सटीक बैठा, तो आने वाले दिनों में एक बार फिर रेत के टीलों पर बरसात की बूंदें नृत्य करती नजर आएंगी और जैसलमेर की रेत भी हरियाली की चादर ओढ़ लेगी। फिलहाल, तेज उमस और गर्मी से जूझ रहे लोगों की निगाहें आसमान की ओर टिकी हुई हैं।