सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Rajasthan ›   Jaisalmer News ›   Jaisalmer: Sacred Cloth Displayed After 144 Years, Grand Procession from Sonar Fort Draws Devotees Worldwide

Jaisalmer News: 144 साल बाद बाहर आई पवित्र चादर, सोनार किले से निकला वरघोड़ा, देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालु

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जैसलमेर Published by: जैसलमेर ब्यूरो Updated Sat, 07 Mar 2026 11:06 PM IST
विज्ञापन
सार

जैसलमेर में जैन समाज का अनूठा और ऐतिहासिक चादर महोत्सव शुरू हो गया है। इस दौरान करीब 144 साल बाद दादागुरु जिनदत्त सूरी महाराज के पवित्र वस्त्रों के दर्शन का दुर्लभ अवसर श्रद्धालुओं को मिल रहा है।

Jaisalmer: Sacred Cloth Displayed After 144 Years, Grand Procession from Sonar Fort Draws Devotees Worldwide
चादर महोत्सव में निकला विशाल वरघोड़ा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार

राजस्थान के ऐतिहासिक शहर जैसलमेर में जैन समाज का अनूठा और ऐतिहासिक आयोजन ‘चादर महोत्सव’ पहली बार भव्य स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। इस महोत्सव ने धार्मिक आस्था, परंपरा और इतिहास को एक साथ जीवंत कर दिया है। शुक्रवार से शुरू हुए इस तीन दिवसीय आयोजन में देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी हजारों श्रद्धालु जैसलमेर पहुंच चुके हैं।
Trending Videos


जैन समाज के लिए यह आयोजन बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि इसमें जैन संत दादागुरु श्री जिनदत्त सूरी महाराज के लगभग 872 वर्ष पुराने पवित्र वस्त्रों के दर्शन का दुर्लभ अवसर मिल रहा है। विशेष बात यह है कि ये पवित्र वस्त्र करीब 144 साल बाद पहली बार लोगों के दर्शन के लिए बाहर लाए गए हैं। इसके चलते पूरे जैसलमेर शहर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और श्रद्धालुओं में इन पवित्र वस्त्रों के दर्शन को लेकर गहरी आस्था और उत्साह दिखाई दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन




सोनार किले से निकला भव्य वरघोड़ा
शनिवार को ऐतिहासिक सोनार किले से एक भव्य शोभायात्रा (वरघोड़ा) निकाली गई। इस शोभायात्रा में पारंपरिक वाद्य यंत्रों, बैंड-बाजों और संतों के सान्निध्य में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने पूरे मार्ग में भक्ति गीतों और जयकारों के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

यह शोभायात्रा सोनार किले से निकलकर शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई पहले गड़ीसर तालाब पहुंची और इसके बाद देदांसर मैदान स्थित महोत्सव स्थल तक पहुंची। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर इस ऐतिहासिक क्षण का स्वागत किया।

ड्रोन से बरसे फूल
इस ऐतिहासिक आयोजन को और भी खास बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का भी इस्तेमाल किया गया। शोभायात्रा के दौरान ड्रोन के माध्यम से श्रद्धालुओं पर फूलों की वर्षा की गई, जिससे पूरा वातावरण भक्ति और उत्साह से भर गया।

ये भी पढ़ें: Jaisalmer News: डॉ. मोहन भागवत ने पार्श्वनाथ जैन मंदिर में किया दर्शन, 1.08 करोड़ श्रद्धालु करेंगे सामूहिक पाठ

पवित्र चादर को किले से विशेष सम्मान के साथ बाहर लाया गया। पहले श्रद्धालुओं ने इसे सिर पर धारण कर बाहर निकाला, इसके बाद कांच के विशेष केस में सुरक्षित रखकर विंटेज कार के माध्यम से शोभायात्रा के साथ महोत्सव स्थल तक पहुंचाया गया।

विशेष रथ में रखी गई चादर
देदांसर ग्राउंड में महोत्सव स्थल को भव्य रूप से सजाया गया है। यहां एक विशेष रथ तैयार किया गया है, जिसकी आकृति पानी के जहाज के समान बनाई गई है। इसी रथ में पवित्र चादर को श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए स्थापित किया गया है।

महोत्सव स्थल पर परंपराओं के अनुसार चादर का विधिवत अभिषेक किया जाएगा। इस दौरान संतों के सान्निध्य में धार्मिक अनुष्ठान और विशेष प्रार्थनाएं भी आयोजित होंगी।

मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने दिखाई हरी झंडी
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने इस ऐतिहासिक वरघोड़े को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने इस आयोजन को जैन समाज के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज की आस्था और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करते हैं।

1.8 करोड़ सामूहिक पाठ का आयोजन
चादर महोत्सव के दौरान एक और महत्वपूर्ण धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें देश और विदेश से जुड़े श्रद्धालु मिलकर दादागुरु इकतीसा का 1 करोड़ 8 लाख सामूहिक पाठ करेंगे। इसे जैन समाज के धार्मिक इतिहास का एक बड़ा आध्यात्मिक आयोजन माना जा रहा है।

872 साल पुरानी परंपरा से जुड़ी है यह चादर
जैसलमेर जैन ट्रस्ट के अध्यक्ष महेंद्र सिंह भंसाली ने बताया कि इस पवित्र चादर का इतिहास लगभग 872 वर्ष पुराना है। ऐतिहासिक मान्यता के अनुसार विक्रम संवत 1211 में अजमेर में दादागुरु श्री जिनदत्त सूरी महाराज का स्वर्गवास हुआ था। अंतिम संस्कार के दौरान उनका शरीर अग्नि में विलीन हो गया लेकिन उनके वस्त्र सुरक्षित रह गए। बाद में इन पवित्र वस्त्रों को गुजरात के पाटन में सुरक्षित रखा गया। लगभग 145 वर्ष पहले, जब जैसलमेर में भीषण महामारी फैली थी, तब तत्कालीन महारावल ने इन वस्त्रों को पाटन से जैसलमेर मंगवाया था।

ये भी पढ़ें: Jaisalmer News: सोनार किले में RSS प्रमुख करेंगे भव्य महोत्सव का शुभारंभ, 871 साल बाद पवित्र चादर का अभिषेक

महामारी समाप्त होने की मान्यता
इतिहासकारों और जैन समाज की मान्यताओं के अनुसार जब ये पवित्र वस्त्र जैसलमेर लाए गए, उसके बाद शहर में फैली महामारी धीरे-धीरे समाप्त हो गई। इसे एक चमत्कारिक घटना माना गया और तभी से इन वस्त्रों को जैसलमेर किले के जैन मंदिर स्थित  ज्ञान भंडार में सुरक्षित रखा गया।

पहली बार हुआ चादर महोत्सव
जैन समाज के इतिहास में पहली बार इस तरह का चादर महोत्सव आयोजित किया जा रहा है, जिसमें इतने बड़े स्तर पर इन पवित्र वस्त्रों को सार्वजनिक दर्शन के लिए रखा गया है। इस ऐतिहासिक आयोजन को देखने और इसमें शामिल होने के लिए देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु जैसलमेर पहुंचे हैं।

इस भव्य शोभायात्रा में जैन समाज के साथ-साथ स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में शामिल हुए। पूरे शहर में श्रद्धा, भक्ति और उत्सव का अनोखा संगम देखने को मिला और जैसलमेर इन दिनों आध्यात्मिक ऊर्जा व धार्मिक उल्लास से सराबोर नजर आ रहा है।



 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed