{"_id":"66e0626c71a28454c60bceab","slug":"karauli-news-crowd-gathered-at-bhairon-baba-s-fair-in-todabhim-2024-09-10","type":"story","status":"publish","title_hn":"Karauli News: टोडाभीम में भैरो बाबा के मेले में उमड़ी भीड़, 2.11 लाख के लिए लड़ी गई आखिरी कुश्ती","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Karauli News: टोडाभीम में भैरो बाबा के मेले में उमड़ी भीड़, 2.11 लाख के लिए लड़ी गई आखिरी कुश्ती
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, करौली
Published by: अर्पित याज्ञनिक
Updated Tue, 10 Sep 2024 08:45 PM IST
विज्ञापन
सार
टोडाभीम के करीरी गाजीपुर गांव में प्रसिद्ध लोक देवता भैरों बाबा के मेले के दौरान मंगलवार को आयोजित कुश्ती दंगल ने भीड़ की जबरदस्त एकत्रता को आकर्षित किया। भादौ महीने की शुक्ल पक्ष की सप्तमी पर आयोजित इस दंगल में देश भर से पहलवान पहुंचे और 500 से अधिक पहलवानों ने 250 से ज्यादा कुश्तियों में भाग लिया।
दंगल में दमखम आजमाते पहलवान।
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
टोडाभीम के करीरी गाजीपुर गांव स्थित प्रसिद्ध लोक देवता भैरो बाबा के मेले में कुश्ती दंगल को देखने के लिए इतनी भीड़ उमड़ी की हर कोई हैरान रह गया। दरअसल, करीरी गाजीपुर गांव स्थित प्रसिद्ध लोक देवता भैरों बाबा के मेले में हर साल भादौ महीने में शुक्ल पक्ष की सप्तमी पर दंगल का आयोजन होता है। इस दौरान एक साथ कई पहलवानों की कुश्तियां होती हैं। मंगलवार को यहां भैरवबाबा लक्खी मेले के दौरान कुश्ती-दंगल का आयोजन किया गया। दोपहर बाद से दंगल देखने के लिए यहां भीड़ जुट गई, जिसे जहां जगह मिली वह वहीं बैठ गया।
Trending Videos
जिस मैदान में दंगल का अयोजन किया जा रहा था वहां आसपास कई पहाड़ थे। दंगल देखने आई हजारों लोगों की भीड़ ऊंचे पहाड़ों पर बैठ गई। जिससे यहां किसी स्टेडियम जैसी नजारा देखने को मिला। दंगल देखने आए लोगों का जुनून ऐसा था कि गर्मी और धूप भी उन्हें आनंद लेने से नहीं रोक सकी। इस दौरान दंगल के बीच बीच मे भैरो बाबा के जमकर जयकारे भी लगाए गए।
विज्ञापन
विज्ञापन
कई प्रदेशों से आए पहलवान
इस दंगल में शामिल होने के लिए राजस्थान के कई जिलों के अलावा दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, जम्मू कश्मीर, मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश सहित अन्य राज्यों के पहलवान आए। दंगल में 500 से अधिक पहलवानों ने हिस्सा लिया और 250 से अधिक कुश्तियां लड़ी गईं। कुश्ती की शुरुआत 500 रुपये से शुरू हुई और फिर यह लगातार बढ़ती गई। आखिरी कुश्ती 2 लाख 11 हजार रुपये की हुई, जिसमें सुखबीर सिंह पहलवान हरियाणा व निशांत पहलवान हरियाणा के बीच मुकाबला हुआ। इसमे दोनों पहलवानों के बीच बराबरी का मुकाबला रहा।
खीर पुए का भोग लगा
टोडाभीम उपखंड क्षेत्र के ग्राम करीरी गाजीपुर में स्थित प्रसिद्ध लोक देवता भैरों बाबा मंदिर पर मंगलवार को सप्तमी के दिन वार्षिक लक्खी मेले का आयोजन किया गया। जिसमें गंगापुर सिटी, अलवर, करौली, दौसा, भरतपुर , सवाइमाधोपुर क्षेत्र सहित कई प्रांतों से आए श्रद्धालुओं ने पहाड़ की चोटी पर स्थित भैरों बाबा के दर्शन कर खीर पुए का भोग लगा कर अपने घर परिवार सहित देश प्रदेश एवं क्षेत्र में खुशहाली की मनौती मांगी। इस दौरान मंदिर प्रांगण में श्रद्धालुओं के द्वारा भैरों बाबा के गगनभेदी जयकारों से समूचा माहौल भक्तिमय हो गया।
पहाड़ पर बैठकर देखा कुश्ती दंगल
इस अवसर पर विशाल ऐतिहासिक कुश्ती दंगल का भी आयोजन किया गया। जिसमें आसपास के क्षेत्र राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली सहित कई प्रदेशों से आए पहलवानों ने अपना दमखम दिखाया। वहीं दोपहर बाद कुश्ती दंगल परवान चढ़ने लगा और देखते ही देखते कुश्ती दंगल का मैदान लोगों की भीड़ से खचाखच भर गया और लोग ने पहाड़ की चोटी पर बैठक कुश्ती दंगल का लुफ्त उठाया। पूरा पहाड़ दर्शकों से भर गया जिससे मानो ऐसा प्रतीत हो रहा था कि मानो पहाड़ियां ही गायब हो गया हो। इस दौरान क्षेत्र सहित अन्य कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों ने भी शिरकत की और लोगों को संबोधित भी किया।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाकचौबंद
मेले के दौरान गांव करीरी में मंदिर के आस पास दुकानें सजीं दुकानों से श्रद्धालुओं ने जमकर खरीददारी की। वहीं मेले में बच्चों ने खिलौने, झूला, जंपिंग जैसे मनोरंजनों के साधनों के साथ मेले का जमकर लुफ्त उठाया। मेले में सजी सुहाग की दुकानों से भी महिला श्रद्धालुओ ने जमकर खरीददारी भी की। इस अवसर पर करीरी गांव के हर घर मे श्रद्धालुओं को प्रसादी की व्यवस्था की गई, जहां दूर दराज से आने वाले श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। बाहर से आने वाले भक्तों के लिए गांव में दो जगह भंडारा भी लगाया गया। मेले में शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिये पुलिस के सैकड़ों जवान तैनात किए गए। जिन्होंने ने व्यवस्था पर पैनी नजर बनाये रखी। मेले के दौरान उमड़ने वाले जन सैलाब को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा कई थानों के जाप्ता व सैकड़ो की संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
इस मौके पर सांसद भजनलाल जाटव, टोडाभीम विधायक घनश्याम महर, महवा विधायक राजेंद्र मीना, सपोटरा विधायक हंसराज मीणा, प्रधान कल्पना मीणा, तीरंदाजी में मेडल विजेता प्रियंका मीणा खेड़ी साहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का कमेटी की ओर से स्वागत किया गया।