Rajasthan News: पढ़ाई में मन न लगने पर नाबालिग छात्रा ने की आत्महत्या, आरएसी कॉन्स्टेबल फंदे से क्यों लटका?
Kota News: कोटा जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में 10वीं की छात्रा और आरएसी कॉन्स्टेबल ने फांसी लगाकर जान दे दी। छात्रा की मौत पढ़ाई के तनाव से जुड़ी बताई गई है, जबकि कॉन्स्टेबल की आत्महत्या के कारणों की जांच जारी है।
विस्तार
राजस्थान के कोटा जिले में एक नाबालिग छात्रा ने पढ़ाई में तनाव की वजह से घर पर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया। छात्रा 10वीं कक्षा में पढ़ती थी और उसकी परीक्षा भी निर्धारित थी। यह घटना कोटा ग्रामीण क्षेत्र के दिगोद थाना इलाके में सामने आई है। छात्रा के पिता के अनुसार उनकी बेटी का पढ़ाई में मन नहीं लग रहा था और वह डेढ़-दो महीने से स्कूल भी नहीं जा रही थी। वह परीक्षा भी नहीं देना चाहती थी। परिजनों का कहना है कि परिवार की ओर से उस पर किसी प्रकार का दबाव नहीं था।
घर पर अकेली थी छात्रा
दिगोद थाने के एएसआई योगेश ने बताया कि गुरुवार को छात्रा के परिजन मजदूरी के लिए गए हुए थे। छात्रा के माता-पिता हॉस्टल में काम करते हैं। घर पर कोई नहीं होने के दौरान छात्रा ने फांसी लगा ली। घटना की जानकारी तब मिली जब ग्रामीणों को इस बारे में पता चला और उन्होंने परिजनों को सूचित किया। इसके बाद छात्रा को फंदे से नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। देर रात छात्रा की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार परिजनों ने पढ़ाई के तनाव के चलते आत्महत्या की बात कही है। परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पढ़ें- Rajasthan News: शराब समझकर पी लिया बर्तन धोने का केमिकल, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत; गांव में पसरा मातम
आरएसी कॉन्स्टेबल ने भी की आत्महत्या
इधर, कोटा में आरएसी के एक कॉन्स्टेबल ने भी आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार कंमाडो की ट्रेनिंग कर चुके कॉन्स्टेबल ने ड्यूटी से घर लौटने के बाद फांसी लगा ली। मृतक कॉन्स्टेबल प्रेम शंकर कोटा में सरकारी क्वार्टर में रह रहे थे और वहीं पर उन्होंने यह कदम उठाया। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। शुक्रवार को मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मूल रूप से बूंदी के रहने वाले थे प्रेम शंकर
प्रेम शंकर महावर मूल रूप से राजस्थान के बूंदी जिले के करवर थाना क्षेत्र के जरखोदा गांव के निवासी थे। वह सेकंड बटालियन में पोस्टेड थे। हाल ही में 4 फरवरी को उनकी नौकरी के 18 वर्ष पूरे हुए थे। उनके परिवार में तीन साल का एक बेटा और सात साल की एक बेटी है। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.