{"_id":"6a2401226b21e9ebc10cba56","slug":"father-in-law-dupes-relative-of-rs-1168-lakh-with-black-magic-scam-hands-over-suitcase-full-of-stones-kotputli-behror-news-c-1-1-noi1440-4365121-2026-06-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी: समधी ने दिखाया करोड़पति बनने का सपना, 11.68 लाख लेकर ईंट-पत्थर से भरा सूटकेस थमाया","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी: समधी ने दिखाया करोड़पति बनने का सपना, 11.68 लाख लेकर ईंट-पत्थर से भरा सूटकेस थमाया
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोटपूतली-बहरोड़
Published by: कोटपुतली ब्यूरो
Updated Sat, 06 Jun 2026 06:43 PM IST
विज्ञापन
सार
खैरथल में अंधविश्वास का फायदा उठाकर लाखों रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप है कि समधी और उसके साथियों ने तांत्रिक अनुष्ठान के नाम पर 11.68 लाख रुपये ले लिए और बाद में सूटकेस में नोटों की जगह पत्थर भरकर थमा दिए।
समधी ने की लाखों की ठगी
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
विस्तार
अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर धनराशि कई गुना बढ़ाने का झांसा देकर 11 लाख 68 हजार रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। खास बात यह है कि पीड़ित को यह झांसा किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके अपने समधी ने दिया। पीड़ित ने समधी, उसके पुत्र और हरियाणा के एक मौलवी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पतलिया गांव निवासी जनक कुमार शर्मा ने बताया कि उनकी पुत्री का विवाह खैरथल के दांतला चौक क्षेत्र निवासी परिवार में हुआ है। पारिवारिक संबंधों के चलते उनके समधी राजेंद्र प्रसाद का घर पर नियमित आना-जाना था। इसी दौरान राजेंद्र प्रसाद ने स्वयं को तांत्रिक क्रियाओं और दैवीय शक्तियों का जानकार बताते हुए उनका विश्वास जीत लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
शिकायत के अनुसार राजेंद्र प्रसाद ने जनक कुमार को बताया कि हरियाणा के पुनहाना निवासी मौलवी आबिद विशेष अनुष्ठानों के जरिए किसी भी धनराशि को दो से चार गुना तक बढ़ा सकते हैं। शुरुआत में पूजा-पाठ और अनुष्ठान के नाम पर 11 हजार रुपये लिए गए। इसके बाद बड़ी रकम लगाने पर अधिक लाभ मिलने का भरोसा दिलाया गया। झांसे में आकर जनक कुमार ने अपनी बचत के अलावा रिश्तेदारों और परिचितों से उधार लेकर कुल 11 लाख 68 हजार रुपये की व्यवस्था की और आरोपियों को सौंप दिए।
ये भी पढ़े: Kota: आस्था के केंद्र पर हमला, चंद्रेसल मठ में महंत की बेरहमी से हत्या, भड़के लोग; छावनी में बदला इलाका
पीड़ित के अनुसार इसके बाद राजेंद्र प्रसाद और उसका पुत्र ईश्वर उसे पुनहाना ले गए, जहां कथित तांत्रिक अनुष्ठान कराया गया। कमरे में अंधेरा कर विभिन्न गतिविधियां की गईं, जिससे उसे विश्वास हो गया कि उसकी रकम बढ़ाने की प्रक्रिया चल रही है। अनुष्ठान के बाद उसे एक सूटकेस सौंपा गया और कहा गया कि उसमें रकम कई गुना बढ़ाकर रखी गई है। साथ ही एक माह तक सूटकेस नहीं खोलने की हिदायत दी गई।
जनक कुमार ने बताया कि तय समय बाद जब सूटकेस खोला गया तो उसमें नोटों की जगह ईंट और पत्थर भरे मिले। इसके बाद उन्होंने आरोपियों से संपर्क किया लेकिन उन्हें लगातार टाला जाता रहा। पीड़ित का आरोप है कि बाद में पुनहाना पहुंचने पर मौलवी आबिद ने दावा किया कि उसे पूरी राशि नहीं मिली थी और जो रकम मिली थी, वह भी वापस कर दी गई थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार मुख्य आरोपी का नाम पहले भी कथित धोखाधड़ी के मामलों में सामने आ चुका है हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। खैरथल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों, कथित लिखित आश्वासनों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।